HP Doctors News: HMOA की नई कार्यकारिणी में डॉ. अंकुश ठाकुर को चुना अध्यक्ष, उपाध्यक्ष डॉ. पीयूष तिवारी ने रखी मांगे ddnewsportal.com
HP Doctors News: HMOA की नई कार्यकारिणी में डॉ. अंकुश ठाकुर को चुना अध्यक्ष, उपाध्यक्ष डॉ. पीयूष तिवारी ने रखी मांगे

शिमला में हिमाचल प्रदेश मेडिकल ऑफिसर्स एसोसिएशन (HMOA) की 26वीं जनरल हाउस एवं राज्य कार्यकारिणी चुनाव-2026 का सफलतापूर्वक आयोजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रदेश भर से आए मेडिकल अधिकारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया तथा संगठन की मजबूती, चिकित्सकों के हितों एवं स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान एसोसिएशन के उपाध्यक्ष डॉ. पीयूष तिवारी ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, हिमाचल प्रदेश में मेडिकल अधिकारियों के सीमित पदोन्नति अवसरों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि विभाग में प्रमोशनल पद अत्यंत कम होने के कारण अनेक मेडिकल अधिकारी वर्षों तक एक ही पद पर कार्य करने को विवश हैं, जिससे उनके मनोबल एवं कैरियर विकास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।

डॉ. पीयूष तिवारी ने कहा कि पूर्व में लागू ACP (Assured Career Progression Scheme) की तर्ज पर यदि नियमित पदोन्नति उपलब्ध नहीं है, तो निर्धारित समय अंतराल (Time-bound Career Progression) के आधार पर कैरियर प्रगति एवं वित्तीय लाभ प्रदान किए जाने चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि पंजाब राज्य की तर्ज पर हिमाचल प्रदेश में भी ऐसी व्यवस्था लागू की जाए, जिससे मेडिकल अधिकारियों को उनकी सेवा अवधि के अनुरूप सम्मानजनक कैरियर प्रगति मिल सके।
एसोसिएशन ने प्रदेश सरकार से आग्रह किया कि इस लंबे समय से लंबित मांग पर गंभीरता से विचार करते हुए समयबद्ध कैरियर प्रगति की नीति लागू की जाए। इससे चिकित्सकों का मनोबल बढ़ेगा, विशेषज्ञ सेवाओं को प्रोत्साहन मिलेगा तथा प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी।

नवनिर्वाचित राज्य कार्यकारिणी (2026–2029) के लिए अध्यक्ष: डॉ. अंकुश ठाकुर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष: डॉ. प्रवीण, डॉ. करनजीत, महासचिव: डॉ. विकास ठाकुर, उपाध्यक्ष: डॉ. सनी धीमान, डॉ. सौरभ शर्मा, डॉ. वैशाली शर्मा, डॉ. पीयूष तिवारी और डॉ. धीरज बंसल, संयुक्त सचिव: डॉ. बाल कृष्ण कौंडल, डॉ. दुश्यंत कुमार, डॉ. उत्सव सोनी, डॉ. राहुल श्याम। कोषाध्यक्ष: डॉ. सुन्नेश चौहान, प्रेस सचिव: डॉ. विजय राय, संगठन सचिव: डॉ. योग राज वर्मा, आईटी सचिव: डॉ. मनोज, विधिक सचिव: डॉ. मोहित डोगरा के नाम शामिल है।

नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने प्रदेश के सभी मेडिकल अधिकारियों का विश्वास व्यक्त करने के लिए आभार प्रकट किया तथा आश्वासन दिया कि संगठन चिकित्सकों के सेवा हित, समयबद्ध पदोन्नति, कैरियर प्रोग्रेशन, कार्यस्थल सुरक्षा, सम्मान एवं स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा।