Paonta Sahib: लड़ाई झगड़े के दो दिन बाद घर पर मृ*त मिला व्यक्ति, आरोपी रिमांड पर ddnewsportal.com

Paonta Sahib: लड़ाई झगड़े के दो दिन बाद घर पर मृ*त मिला व्यक्ति, आरोपी रिमांड पर ddnewsportal.com

Paonta Sahib: लड़ाई झगड़े के दो दिन बाद घर पर मृ*त मिला व्यक्ति, आरोपी रिमांड पर

सिरमौर जिला के पाँवटा साहिब में लड़ाई झगड़े में 52 वर्षीय घायल व्यक्ति की मौत का मामला सामने आया है। घटना के 2 दिन बाद व्यक्ति का शव उसके कमरे से बरामद हुआ। पुलिस ने इस संदर्भ में हत्या का केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगामी जांच जारी है। मिली जानकारी के मुताबिक दुगल सिंह (74) पुत्र गंगा राम निवासी गांव भांटावाली तहसील पांवटा साहिब ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाते हुए

बताया कि उसके मकान के साथ भजन लाल पुत्र जगदीश चंद का मकान है। भजन लाल शादीशुदा है लेकिन वह अपने घर पर अकेला रहता था जबकि उसकी पत्नी अपने मायके धौलाकुआं में रहती है। शिकायतकर्त्ता दुगल सिंह ने पुलिस को बताया कि गत 21 मार्च की रात करीब साढ़े 10 बजे उसने देखा कि भजन लाल के साथ रणजीत सिंह का लड़का विरेन उर्फ गुल्लू जो उन्हीं के गांव के साथ का रहने वाला है, लड़ाई-झगड़ा कर रहा था। इस लड़ाई-झगड़े में भजन लाल के सिर पर चोटें आई थीं और खून निकल रहा था। इसके बाद उसने 2 दिनों तक भजन लाल को नहीं देखा और न ही उसके मकान में कोई हलचल पाई। इसके बाद उसने भजन लाल के पिता जगदीश चंद को फोन करके इस बारे में जानकारी दी।


सूचना मिलने पर थोड़ी देर बाद भजन लाल के पिता जगदीश चंद और प्रधान राकेश कुमार व सीता राम भजन लाल के घर पर पहुंचे। शिकायतकर्त्ता दुगल सिंह भी इनके साथ मौके पर आ गया तो देखा कि भजन लाल अपने बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़ा था। उसके सिर, मुंह और बाजू में चोटें लगी हुई थीं। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। जांच में

सामने आया कि भजन लाल की मौत विरेन उर्फ गुल्लू द्वारा किए गए लड़ाई-झगड़े के कारण हुई है। पुलिस ने इस संदर्भ में हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी विरेन उर्फ गुल्लू को गिरफ्तार कर लिया।
उधर, डीएसपी पाँवटा साहिब अदिती सिंह ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से आरोपी को पुलिस रिमांड में भेजा गया है। मामले में आगामी जांच जारी है।