LS Election HP: कांग्रेस के दो टिकट फाइनल, कंगना के सामने विक्रमादित्य की चुनौती, शिमला में भी बदले समीकरण... ddnewsportal.com

LS Election HP: कांग्रेस के दो टिकट फाइनल, कंगना के सामने विक्रमादित्य की चुनौती, शिमला में भी बदले समीकरण... ddnewsportal.com

LS Election HP: कांग्रेस के दो टिकट फाइनल, कंगना के सामने विक्रमादित्य की चुनौती, शिमला में भी बदले समीकरण...

हिमाचल प्रदेश में लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के दो प्रत्याशी घोषित हो गए हैं। पार्टी ने मंडी संसदीय सीट से पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह के पुत्र व लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह और शिमला से विधायक विनोद सुल्तानपुरी चुनाव लड़ेंगे। नई दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की मौजूदगी में केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में दो विधायकों को लोकसभा का चुनाव लड़ाने का फैसला लिया गया है।


हालांकि और हमीरपुर सीट पर मंथन जारी है। अगले सप्ताह दोबारा बैठक होना संभावित है। इस दौरान दो लोकसभा क्षेत्रों सहित छह विधानसभा उपचुनाव के लिए भी प्रत्याशी घोषित होने के आसार हैं। कांगड़ा संसदीय सीट से पूर्व मंत्री आशा कुमारी और पूर्व विधायक जगजीवन पाल के साथ विधायक रघुवीर सिंह बाली पर भी अब चर्चा हो रही है। हमीरपुर से सतपाल रायजादा का नाम लगभग तय है। हालांकि पार्टी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के इस गृह संसदीय क्षेत्र से अन्य विकल्प भी देख रही है।
बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ल, स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष भक्त चरणदास, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री मौजूद रहे। प्रदेश कांग्रेस की ओर से मंडी संसदीय सीट पर भाजपा प्रत्याशी और बाॅलीवुड अभिनेत्री कंगना रणौत से मुकाबला करने के लिए युवा नेता विक्रमादित्य सिंह के नाम की सिफारिश की गई। पार्टी हाईकमान ने सहमति जताते हुए पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह और प्रतिभा सिंह के पुत्र विक्रमादित्य सिंह को पार्टी प्रत्याशी बनाने का फैसला लिया। 


वहीं, शिमला संसदीय सीट से लगातार छह बार सांसद रहे दिवंगत केडी सुल्तानपुरी के पुत्र और कसौली से विधायक विनोद सुल्तानपुरी को चुनाव लड़ाने का फैसला लिया गया। विनोद सुल्तानपुरी का भाजपा के वर्तमान सांसद सुरेश कश्यप से मुकाबला होगा। सुल्तानपुरी जिला सोलन और सुरेश कश्यप जिला सिरमौर से संबंध रखते हैं। कांगड़ा संसदीय सीट पर नगरोटा बगवां से विधायक रघुवीर सिंह बाली के नाम पर भी चर्चा हुई। बाली वर्तमान में पर्यटन विकास निगम के उपाध्यक्ष हैं। इनके पिता दिवंगत जीएस बाली पूर्व की वीरभद्र सरकार में परिवहन मंत्री थे।