HP Police News: नशा तस्करों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई, कुख्यात 96 तस्करों को किया नजरबंद ddnewsportal.com

HP Police News: नशा तस्करों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई, कुख्यात 96 तस्करों को किया नजरबंद  ddnewsportal.com

HP Police News: नशा तस्करों पर पुलिस की सख्त कार्रवाई, कुख्यात 96 तस्करों को किया नजरबंद

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा 15 नवंबर 2025 को शुरू किए गए एंटी-चिट्टा जन आंदोलन के तहत “चिट्टा-मुक्त हिमाचल” के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए हिमाचल प्रदेश पुलिस ने राज्यभर में मिलकर संगठित नशा तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है।

इस अभियान के अंतर्गत PIT-NDPS Act का उपयोग करते हुए 19 फरवरी 2026 को 08 कुख्यात और आदतन नशा तस्करों के खिलाफ निरोधात्मक आदेश जारी किए गए, जिन्हें 21 फरवरी 2026 को सफलतापूर्वक नजरबंद किया गया।

कार्रवाई के दौरान जिला शिमला से 05, देहरा से 01, नूरपुर से 01 और ऊना से 01 तस्कर को हिरासत में लिया गया। यह कार्रवाई अलग-अलग जिलों के समन्वय और पुख्ता जानकारी के आधार पर की गई, जिससे नशा तस्करी की सप्लाई चेन पर प्रभावी रोक लगी है।

वर्ष 2025 के अंत तक PIT-NDPS Act के तहत 65 तस्करों को नजरबंद किया जा चुका था, जबकि वर्ष 2026 में अब तक 31 तस्करों के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है। इस प्रकार कुल 96 आदतन तस्करों को इस कानून के तहत नजरबंद किया गया है, जो पुलिस की कड़ी कार्रवाई को दर्शाता है।

नजरबंद किए गए तस्करों की संपत्तियों की वित्तीय जांच जारी है। अवैध कमाई से बनाई गई संपत्ति मिलने पर कानून के अनुसार जब्ती और कुर्की की कार्रवाई की जाएगी, ताकि उनके आर्थिक नेटवर्क को भी खत्म किया जा सके। यह अभियान नशे के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति का स्पष्ट उदाहरण है। पुलिस आगे भी ऐसे अभियानों के माध्यम से नशा तस्करों पर सख्त कार्रवाई जारी रखेगी।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश के युवाओं के सुरक्षित और नशामुक्त भविष्य के लिए “चिट्टा-मुक्त हिमाचल” का जो संकल्प लिया है, उसे पूरा करने के लिए सरकार और पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।

पुलिस महानिदेशक हिमाचल प्रदेश अशोक तिवारी ने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और सख्ती तथा निष्पक्षता के साथ कार्रवाई करें। उन्होंने आम जनता, अभिभावकों और युवाओं से अपील की है कि नशे के खिलाफ इस अभियान में सहयोग करें और चिट्टा या अन्य नशीले पदार्थों से जुड़ी किसी भी सूचना को तुरंत 112 (ERSS) या नजदीकी पुलिस स्टेशन में दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

जन सहयोग का आह्वान: 

हिमाचल प्रदेश पुलिस सभी नागरिकों से अपील करती है कि नशे के खिलाफ इस जन आंदोलन को सफल बनाने में भाग लें, युवाओं को नशे से दूर रखें और समाज को सुरक्षित बनाने में सहयोग करें।