हिमाचल चुनाव: स्टार प्रचारकों के वार....... 01 नवंबर 2022- पाँवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com

हिमाचल चुनाव: स्टार प्रचारकों के वार.......  01 नवंबर 2022- पाँवटा साहिब से आज का खबरनामा  ddnewsportal.com

हिमाचल चुनाव: स्टार प्रचारकों के वार.......

01 नवंबर 2022- पाँवटा साहिब से आज का खबरनामा

कांग्रेस मतलब विकास ठप्प: शाह
जयराम ठाकुर का राहुल गांधी पर तंज
भाजपा से हर वर्ग परेशान: पायलट
BJP ही लागू कर सकती है OPS: डाॅ जितेंद्र
CM योगी कल हिमाचल की धरती पर 
शिमला पंहुची सोनियां गांधी लेंगी फीडबैक
भाजपा टीम वर्क बन रही ताकत: सुखराम 
शिलाई भाजपा के कुनबे में बढ़ौतरी
गिरिपार की बेटी का डबल धमाल 
नोडल अधिकारियों के साथ खास बैठक 
12 को सार्वजनिक अवकाश
पाँवटा बैरियर पर पकड़े 7.96 लाख


(आज की तस्वीर) सिरमौर में मुस्तैद जवान। 

स्थानीय (सिरमौर)

1- कफोटा: निकिता ने नेशनल में जीते स्वर्ण और कांस्य पदक।

जिला सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र में प्रतिभा की कमी नही है। शिक्षा के साथ साथ खेलकूद में भी क्षेत्र की बेटियाँ देश यहां तक कि विश्व भर में हिमाचल का नाम रोशन कर रही है। कबड्डी हो या

अन्य खेल, हर क्षेत्र में यहां की प्रतिभा चमक बिखेर रही है। ताजा उदाहरण गिरिपार क्षेत्र के शिलाई के मस्तभोज की निकिता शर्मा ने नेशनल लेवल पर दो मैडल जीतकर दिया है। दरअसल, छत्तीसगढ के बिलासपुर में 2nd National Open U-23 Seniors Athletic Championships 2022 का आयोजन हो रहा है। जिसमे देशभर से प्रतिभागी पंहौचे हैं। इसमे हिमाचल प्रदेश की धाविका निकिता शर्मा  ने भी भाग लिया। पहले दिन

1500 मीटर दौड़ में निकिता शर्मा ने स्वर्ण पदक हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया। पैतृक गांव गुद्दी मानपुर तक खबर पंहुची तो गाव में जश्न मनाया गया। इस जश्न की खुशी दोगुनी तब हुई जब अगले दिन फिर 800 मीटर दौड़ में भी निकिता ने कांस्य पदक अपने नाम किया। राष्ट्रीय स्तर पर दौहरी सफलता हासिल करना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। बेटी की सफलता पर पिता फकीर चंद का सीना चौड़ा हो गया है। हो भी क्यों न, जिस पिता ने अपनी बेटी के सपने साकार करने के लिए हमेशा उसे प्रोत्साहित किया, आगे बढ़ने की प्रेरणा दी, ऐसे पिता की खुशी का अंदाजा खुद ही लगाया जा सकता है। निकिता के पिता फकीर चंद ने बताया कि उनकी बेटी का घर आने पर ग्रामीण स्वागत करेंगे। बेटी की सफलता से वह खुश है। 

2- रिटर्निंग अधिकारियों को उपलब्ध करवाए हैं 22500 पोस्टल बैलेट।

भारत सरकार द्वारा सिरमौर जिला के लिये नियुक्त पर्यवेक्षक नरेश श्रीवास्वत तथा सौरभ गौड़ ने उपायुक्त कार्यालय सभागार में नोडल अधिकारियों के साथ बैठक करके जिला में निर्वाचन संबंधी तैयारियों तथा आदर्श आचार संहिता के नियमों की अनुपालना की फीडबैक प्राप्त की। उन्होंने नोडल अधिकारियों को निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के बारे में भी बताया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त आर. के.गौतम ने पर्यवेक्षकों को अवगत करवाया कि जिला के सभी रिटर्निंग अधिकारियों को 22500 पोस्टल बैलेट उपलब्ध करवाए गए हैं ताकि यह सुनिश्चित बनाया जा सके कि ड्यूटी पर तैनात समस्त कर्मचारियों के अलावा 80 साल से अधिक आयु के मतदाता व दिव्यांगजन मतदान का उपयोग कर सकें। उन्होंने कहा कि इस संबंध में प्रचार-प्रसार भी

किया जा रहा है। उन्होंने सभी कर्मचारियों व अन्य पात्र मतदाताओं से पोस्टल बैलेट का उपयोग करने की अपील भी की।
पर्यवेक्षकों को अवगत करवाया गया कि मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाशन किया जा चुका है और इन्हे चुनाव लड़ रहे उम्मीदवारों को उपलब्ध करवाया जा रहा है। उन्होंने चुनाव ड्यूटी में तैनात स्टॉफ की भी जानकारी दी। पर्यवेक्षकों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में सीसीटीवी स्थापित करने की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने आबकारी विभाग को नाकों की सख्त निगरानी करने तथा सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने को कहा। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से कानून व व्यवस्था सुचारू सुनिश्चित करने के लिये चुनावी ड्यूटी के लिये तैनात पुलिस बलों का ब्यौरा भी प्राप्त किया। पर्यवेक्षकों ने सरकारी कर्मचारियों को राजनीतिक दलों की बैठकों में जाने तथा इस संबंध में सोशल मीडिया पर किसी प्रकार का प्रचार-प्रसार करने से बचने की सलाह दी।

3- राजनैतिक: पाँवटा साहिब शहर में भाजपा का जबरदस्त टीम वर्क।

पाँवटा साहिब में भाजपा के सुनियोजित और टीम वर्क ने प्रचार को गति दे दी है। हर जगह गठित टीमें कड़ी मेहनत से भाजपा उम्मीदवार को जीताने के लिए डोर टू डोर प्रचार में जुटी हुई है। पांवटा शहर प्रचार अभियान में नगर पालिका अध्यक्ष निर्मल कौर, भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष शिवानी वर्मा, कृष्णा धीमान, पार्षद सीमा चौधरी, पार्षद दीपकमलन हंस, अशोक कुमार और

नवीन शर्मा घर घर जाकर भाजपा सरकार के विकास के कामों की जानकारी देकर भाजपा उम्मीदवार सुखराम चौधरी के पक्ष में वोट मांग रहे है। वहीं ग्रामीण क्षेत्र में भी भाजपा के कार्यकर्ता प्रचार में डटे हुए है। ओबीसी मोर्चा प्रदेश सचिव सुभाष चौधरी, प्रधान बलबीर धीमान, रमेश चंद्र, रामप्रसाद, सोमनाथ, राजेश कुमार, मुकेश कुमार, धर्मेंद्र सिंह आदि ने ग्राम पंचायत जामनीवाला में भाजपा प्रत्याशी सुखराम चौधरी के लिए डोर टू डोर प्रचार किया और भाजपा को समर्थन जुटाया।

जनता है तैयार, फिर बनेगी सरकार: सुखराम चौधरी

उधर, ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने मंगलवार को अपनी गृह पंचायत पुरुवाला में डोर-टू-डोर चुनाव प्रचार किया। इस दौरान

उन्होंने कहा कि जनता द्वारा दिए गए प्रेम से प्रफुल्लित हूं। निश्चित रूप से आप सभी के सहयोग से पाँवटा व हिमाचल के विकास को पुनः गति मिलेगी।

4- शिलाई: दुगाना पंचायत के उप प्रधान सहित 20 परिवारों ने ज्वाॅयन की भाजपा।

विधानसभा चुनाव के मद्देनजर चुनावी प्रचार अभियान के दौरान शिलाई क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार बलदेव तोमर का जनसंपर्क अभियान का कारवाँ मंगलवार को दुगाना पंचायत में पंहुचा। राजनीति की चाणक्य कही जाने वाली शिलाई विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत दुगाना में करीब 20 परिवार भाजपा में शामिल हो गये हैं। इसे कांग्रेस पार्टी के लिए बड़ा झटका इसलिए भी माना जा रहा है, क्योंकि इनमें पंचायत के उपप्रधान फतेह सिंह चौहान भी शामिल है। इस दौरान पंचायत में आयोजित चुनावी कार्यक्रम में भाजपा प्रत्याशी बलदेव तोमर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज से पहले शिलाई क्षेत्र को पिछड़े क्षेत्र से जाना जाता था, लेकिन अब पूरे प्रदेश में शिलाई विधानसभा क्षेत्र की विकसित क्षेत्र के नाम से चर्चा की जाती है। उन्होंने कहा कि मस्तभोज क्षेत्र के एक ही परिवार ने 60 साल तक शिलाई विधानसभा क्षेत्र में राज किया। लेकिन उसके बावजूद भी यह क्षेत्र पिछड़ा रखा। बलदेव तोमर ने कहा कि भाजपा सरकार ने एक दर्जन से अधिक पंचायतों का केंद्र बिंदु कफोटा में एसडीएम कार्यालय, बीएमओ कार्यालय, विद्युत बोर्ड कार्यालय व सीएचसी अस्पताल तथा तिलौरधार कमरऊ में बीडीओ कार्यालय खोलकर दिया है। जिस कारण क्षेत्र के लोगों को घरद्धार ही सुविधा मिल रही है। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर के प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने के बाद हमने हारने के बाद पांच साल में वो करके दिखाया जिसकी क्षेत्र के लोगों ने कभी कल्पना भी नहीं की थी। बलदेव तोमर ने कहा कि इस क्षेत्र के ठीक सामने उत्तराखंड के जौनसार

बावर जनजातीय घोषित हुआ लेकिन हमारा क्षेत्र को उस समय यहां के नेताओं के विफलता के कारण पीछे रह गया और शिलाई विधानसभा क्षेत्र की जनता को 55 साल तक वोट बैंक के लिए इस्तेमाल किया गया। लेकिन प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने गिरिपार क्षेत्र की जनता की पीड़ा को समझा और केंद्र सरकार के समक्ष हाटी मुद्दे को गंभीरता से रखा। जिसके बाद देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने हमारी 55 साल पुरानी मांग को एक ही झटके में खत्म कर हाटी समुदाय को जनजातीय घोषित करके दिखाया। बलदेव तोमर ने कहा कि हमने शिलाई की जनता की हर मांग को पुरा करने का प्रयास किया और अब इस कर्ज को चुकाने वक्त आ गया है। शिलाई से भाजपा के पक्ष में मतदान कर प्रदेश में बनने वाली भाजपा सरकार में अपना सहयोग करें। इस मौके पर जिला परिषद सदस्य मामराज शर्मा मामू,  मुंशी राम पुंडीर, कमलेश पुंडीर, धनवीर पुंडीर, रंगी लाल पुंडीर, बलवीर पुंडीर, हृदय राम पुंडीर, तपेन्द्र पुंडीर, सुनील चौहान, गुमान सिंह चौहान, आशा तोमर, रविन्दर पुंडीर, सुरेश चौहान, जगदीश चौहान, नरेश तोमर आदि मौजूद रहे। 

5- पाँवटा साहिब की सीमा पर पकड़ी 7 लाख 96 हजार नकदी, जांच जारी।

हिमाचल-हरियाणा सीमा पर पांवटा साहिब के बहराल पर चैंकिंग के दौरान पुलिस व आईटीबीपी के जवानों ने अलग अलग दो गाड़ियों से 7 लाख 96 हजार रूपए की राशि बरामद की है‌। पुलिस ने पैसों को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर हिमाचल-हरियाणा सीमा पर बहराल बेरियर पर पुलिस व आईटीबीपी जवानों को तैनात किए हुए है। नाके के दौरान हरियाणा की तरफ से पहले सुबह हिमाचल नंबर की एक गाड़ी पांवटा साहिब की तरफ आ रही थी तो पुलिस व आईटीबीपी के जवानों ने गाड़ी रोककर तलाशी ली तो गाड़ी से 5 लाख रुपए बरामद किए। वहीं दोपहर के समय हरियाणा की तरफ से दूसरी गाड़ी आई तो पुलिस ने गाड़ी रोककर तलाशी ली तो उस गाड़ी से भी 2 लाख 96 हजार रुपए बरामद किए गए। प्रशासन ने पैसों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि हरियाणा की तरफ से दोनों गाड़ियों से 7 लाख 96 हजार रुपए की राशि हरियाणा की तरफ से पांवटा साहिब की तरफ लाई जा रहा था। उधर, पांवटा साहिब के डीएसपी रामाकांत ठाकुर ने बताया कि दो अलग अलग मामलों में पांवटा साहिब के बहराल बेरियर पर दो गाड़ियों से 7 लाख 96 हजार रुपए की राशि बरामद की है। पुलिस इस मामले में जांच कर रही है।

(हिमाचल)

1- कांग्रेस नही कर सकती हिमाचल का विकास: शाह

हिमाचल प्रदेश का शिमला के भट्ठाकुफर में चुनावी जनसभा में पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि ये कांग्रेस पार्टी देवभूमि का विकास नहीं कर सकती है। कसुम्पटी विस क्षेत्र में लगातार 20 सालों से कांग्रेस पार्टी से विधायक रहे, लेकिन कुसुम्पटी का विकास नहीं कर पाए। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस वाले विकास की बात करते हैं। राहुल गांधी से मैं पूछना चाहता हूं कि अटल बिहारी वाजपेयी देश का अर्थतंत्र 11वें नंबर पर छोड़ गए थे, 10 साल तक सोनिया-मनमोहन की सरकार चली लेकिन देश के अर्थतंत्र को 11वें से 10वें नंबर पर नहीं ला पाए। पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश चहुंमुखी विकास कर रहा है। देश के अंदर उद्योग लग रहे हैं, अर्थव्यवस्था सुदृढ़ हुई है और देश की सुरक्षा चाक चौबंद हुई है। देश अपनी आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है और हिमाचल अपनी स्वर्ण जयंती मना रहा है। हिमाचल में पांच वर्ष के अंदर एक परिवर्तन की लहर कैसी होती है, इसका अनुभव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम जयराम ठाकुर की सरकार ने करके दिखाया है। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा

कि आयुष्मान भारत योजना और हिमकेयर से 4 लाख परिवारों को 5 लाख तक का मुफ्त इलाज मिलता है। हमने सिर्फ वादे नहीं किए हैं, उसे पूरा भी किया है। मैं पूछना चाहता हूं कि चार-चार पीढ़ी तक शासन किया, जवाहर लाल नेहरू से लेकर सोनिया गांधी तक, लेकिन महिलाओं को शौचालय तक नहीं दे पाये। ये कांग्रेस की कैसी गारंटी है, ऐसे गारंटी पर कौन विश्वास करेगा। शाह ने कहा कि सौभाग्य योजना से हिमाचल में 13 हजार घरों का विद्युतीकरण हुआ है। करीब 7 लाख परिवारों को मुफ्त अनाज देने का काम किया। 9.5 लाख किसानों को प्रति साल 6 हजार रुपये उनके खाते में दिए जाते हैं। 1 लाख 40 हजार घरों में एलपीजी का कनेक्शन देने का काम भाजपा सरकार ने किया। 

2- राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा पर निकले या निकाले गए: जयराम

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मंगलवार को भोरंज के गांव खरवाड़ में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भोरंज विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की लगातार जीत होती रही है और भाजपा अब नौवीं बार जीत की ओर अग्रसर है। वह भोरंज विधानसभा क्षेत्र के एक-एक गांव में घूमे हैं। पट्टा जोन के चुनाव प्रभारी भी रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस से जनता

का भरोसा टूट गया है। कांग्रेस की स्थिति बहुत खराब है। उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसा कि वह भारत जोड़ो यात्रा पर निकले हैं या निकाले गए हैं। कांग्रेस के नेताओं से पूछा जाए कि चुनाव प्रचार के लिए राहुल गांधी क्यों नहीं पहुंचे। उन्होंने कहा कि मोदी की अगुवाई में देश आगे बढ़ रहा है। कांग्रेस के दो कार्यकारी अध्यक्ष भाजपा में शामिल हो गए हैं। कांग्रेस में अब कोई नेता नहीं रहना चाहता है। पांच राज्यों में भाजपा को सफलता मिली है। पंजाब व उत्तराखंड में कांग्रेस की हालत खराब हुई थी। कांग्रेस की यूपीए सरकार में भ्रष्टाचार ही भ्रष्टाचार देखने को मिला है। भाजपा सरकार में किसी से बदले की भावना से कार्य नहीं किया है।

3- भाजपा सरकार से आज हर वर्ग दुखी: पायलट

कांग्रेस के स्टार प्रचारक और राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्रियों के दौरे यह साफ बता रहे हैं कि हिमाचल सरकार के दम पर चुनाव नहीं जीत सकते। भ्रमण से सब साफ हो रहा है कि हिमाचल में कांग्रेस आ रही है। हमीरपुर में जनसभा के दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस की एकजुटता से 90 प्रतिशत जीत हो गई है। देश के हालात छिपे नहीं है। 8 साल से भाजपा सरकार है। महंगाई समेत अन्य मुद्दों पर वादे किए, लेकिन किया कुछ नहीं। रोजगार, महंगाई

व अन्य ज्वलंत मुद्दों के प्रश्न पर ध्यान भटकाने का काम करते हैं। सचिन पायलट ने कहा कि भावनाओं में बहकर वोट डालने का प्रकरण चलता है, लेकिन बहकावे में नहीं आना है। सरकार का हिस्सा रहने के बावजूद काम न करवा सकें तो उन्हें विदाई दो। भाजपा नेता आएंगे, बड़ी बातें करेंगे। आज हर वर्ग दुखी है। व्यवस्था में बदलाव जरूरी है। भावनाओं में नहीं बहना है, बदलाव करना है। व्यवस्थाओं को संभालने के लिए नेतृव में बदलाव करना होगा। कांग्रेस सरकार बनानी है। इसमें चूक न हो, इसके लिए आया हूं।

4- भाजपा सरकार ही लागू कर सकती है ओपीएस: डाॅ जितेंद्र 

केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री, पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार और परमाणु ऊर्जा व अंतरिक्ष मामलों के राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा है कि नई पेंशन प्रणाली को हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने ही लागू किया है। उन्होंने कहा कि इस पर ध्यान देने की जरूरत है कि वर्ष 2004 में ओपीएस को समाप्त करने का निर्णय तत्कालीन वीरभद्र सरकार ने लिया था और अब कांग्रेस राजनीतिक लाभ के लिए इस मुद्दे को भुना रही है। अगर कांग्रेेस इस बारे में गंभीर थी तो इसने पुरानी पेंशन स्कीम को पिछले कार्यकाल में लागू क्योें नहीं किया। उन्होंने कहा कि भाजपा उन पिछले पापों का प्रायश्चित करने को तैयार है, जो कांग्रेस ने किए हैं। उन्होंने कहा कि अब पुरानी पेंशन प्रणाली को भी मोदी और जयराम सरकार ही लागू करेगी। उन्होंने कहा कि कुछ लोग पुरानी

पेंशन लेने के पक्ष में हैं तो कुछ नहीं हैं। सारे मतों पर विचार करने के बाद ही इस बारे में निर्णय लिया जाएगा। मीडिया से बातचीत में डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस की कथनी और करनी में फर्क है। पिछली घोषणाओं पर ही गौर करें तो उन्हें भी कहां लागू किया गया है। कांग्रेस परिवारवाद की राजनीति कर रही है। उन्होंने 21 सीटों पर भाजपा के बागियों के खडे़ होने पर कहा कि बगावत शब्द मीडिया ने दिया है। अगर कहीं कोई खड़ा होता है और कोई बगावत की संज्ञा देता है तो यह भी उचित नहीं होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी का हर कार्यकर्ता भाजपा प्रत्याशियों के साथ खड़ा है।

5- निगम भंडारी और यदोपति ठाकुर को देंगे बड़ी जिम्मेदारी: शुक्ला

हिमाचल विधानसभा चुनाव के लिए टिकट न मिलने से नाराज युवा कांग्रेस पदाधिकारियों को मनाने में पार्टी के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला कामयाब हो गए हैं। मंगलवार को शुक्ला ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नेगी निगम भंडारी और कार्यकारी अध्यक्ष यदोपति ठाकुर को एक मंच पर लाकर एकजुट होने का संदेश दिया। शुक्ला ने

कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर नेगी निगम भंडारी, यदोपति ठाकुर और अन्य युवा नेताओं को बड़े पद दिए जाएंगे। मंगलवार को राजीव भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में शुक्ला ने कहा कि प्रदेश विधानसभा के चुनावों में युवा कांग्रेस की अहम भूमिका है। युवा कांग्रेस ने पार्टी की मजबूती के लिए पूरी ताकत के साथ काम किया है। इसी का नतीजा है कि आज हर बूथ पर युवा कांग्रेस के पांच-पांच साथी हैं। युवा कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर भी अच्छा कार्य किया है। युवा कांग्रेस एकजुट है और पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में डटी है। शुक्ला ने कहा कि टिकट वितरण के कई पैमाने होते हैं।

6- शिमला पहुंचीं सोनिया गांधी, लेंगी चुनावी फीडबैक।

बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा के बाद मां सोनिया गांधी भी शिमला पहुंच गई हैं। सोनिया गांधी बेटी प्रियंका के घर छराबड़ा में छुट्टियां बिताएंगी। वे प्रियंका गांधी से चुनाव प्रचार की फीडबैक भी लेंगी। सोनिया गांधी दोपहर एक बजे सड़क मार्ग से शिमला पहुंचीं। गौर रहे कि हिमाचल विधानसभा चुनाव के चलते सोनिया गांधी एक माह के भीतर दूसरी बार शिमला पहुंची हैं।  

7- हमीरपुर में योगी आदित्यनाथ की चुनावी रैली कल।

हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के विकास खंड बिझड़ी के ताल स्टेडियम में बुधवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ चुनावी रैली करेंगे। योगी आदित्यनाथ भाजपा के

स्टार प्रचारकों की लिस्ट में सबसे ऊपर हैं। उनके रैली के मद्देनजर बड़सर पुलिस ने पूरी सुरक्षा व्यवस्था कर ली है। डीएसपी शेर सिंह ने कहा कि 50 के लगभग होमगार्ड के जवान और 20 पुलिस अधिकारी व कर्मचारी, बीएसएफ के जवान तैनात किए गए हैं। 

8- हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर को सार्वजनिक अवकाश: धीमान 

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत 12 नवंबर को प्रदेश में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। मुख्य सचिव आरडी धीमान ने इस आशय के आदेश जारी किए हैं। मुख्य सचिव ने बताया कि 12 नवंबर को मतदान होने की स्थिति में सरकारी कार्यालयों, बोर्डों, निगमों, शैक्षणिक संस्थानों और औद्योगिक परिसरों में कार्यरत कर्मचारियों को सार्वजनिक अवकाश रहेगा। उन्होंने बताया कि दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों के लिए यह वैतनिक अवकाश होगा। राज्य के विभिन्न स्थानों में कार्यरत कर्मचारियों को इस दिन विशेष आकस्मिक अवकाश देय होगा, ताकि वे अपने विधानसभा क्षेत्र या स्थान पर जाकर मतदान कर सकें। इसके लिए उन्हें पीठासीन अधिकारी से मतदान से संबंधित निर्दिष्ट प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना होगा। 

शाम पांच बजे तक का कोविड मीडिया बुलेटिन-