अब भ्रष्टाचार नही....... 27 अगस्त 2021- पांवटा साहिब से आज का खबर नामा- ddnewsportal.com

अब भ्रष्टाचार नही.......  27 अगस्त 2021- पांवटा साहिब से आज का खबर नामा- ddnewsportal.com
शिमला: स्वर्णिम हिमाचल रथयात्रा को लेकर आयोजित बैठक के दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और अन्य। यह यात्रा पूरे प्रदेश मे दो माह तक चलेगी। इसका शुभारम्भ 2 अक्तूबर को होगा।

अब भ्रष्टाचार नही.......

27 अगस्त 2021- पांवटा साहिब से आज का खबर नामा

स्वर्णिम हिमाचल रथ यात्रा, हिमाचल हिला, प्रवासी भारतीयों को निमंत्रण, सीएम ने की मदद, सुनील शेट्टी पंहुचे, नाले में बहा, उद्योगों को मांगी जमीन, पांवटा मे 110%, येलो अलर्ट और....... कोविड/सूचना एवं जन संपर्क विभाग बुलेटिन।


(आज की तस्वीर) ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट को असली सम्मान।

स्थानीय (सिरमौर)

1- सिरमौर मे हैं इंडस्ट्री के लिए लैंड की कमी, उद्योगपतियों ने उठाई जमीन उपलब्ध करवाने की मांग।

जिला सिरमौर मे इंडस्ट्री के लिए जमीन की कमी है इसलिए इस समस्या का समाधान किया जाए ताकि पुराने सहित नये उद्योगपति जिले मे आकर औद्योगिक विकास मे भागीदारी सुनिश्चित कर सकें। यह मांग पांवटा साहिब के उद्योगपतियों ने चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री गोंदपूर मे निदेशक उद्योग राकेश प्रजापति के साथ आयोजित हुई बैठक मे उठी। उद्योगपतियों ने कहा

कि वह यदि नया उद्योग लगाने चाहते हैं तो जमीन मिलने मे बड़ी दिक्कतें आती है। सरकार को औद्योगिक क्षेत्र के लिए भूमि उपलब्ध करवानी चाहिए जिससे जिले मे उद्योगों को बढ़ावा मिल सके। चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री पांवटा साहिब के अध्यक्ष सतीश गोयल ने मांग पत्र पढ़ा जिसमे उद्योगपतियों और औद्योगिक क्षेत्र के विकास की मांगे रखी गई। जिसमे कुछ चिर लंबित मांगे एएसआई एंबुलेंस आदि भी शामिल है। इससे पूर्व जीएम इंडस्ट्री ज्ञान सिंह चौहान ने औद्योगिक विकास पर प्रेजेंटेशन दी जिसमे बताया गया कि कितनी राशि खर्च हो चुकी है और औद्योगिक क्षेत्र के ढांचागत विकास मे आगामी समय मे और कितनी राशि खर्च करना प्रस्तावित है। चर्चा के दौरान उद्योगपतियों ने कहा कि वर्षों से रेल लाईन के लिए सर्वे पर सर्वे ही हो रहे हैं। लेकिन बात इससे आगे नही बढ़ी है। उद्योगपतियों ने सुझाव दिया कि सहारनपुर से पांवटा साहिब के लिए सबसे कम दूरी की रेल लाईन बन सकती है इसलिए सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए। इससे उद्योगपतियों की समस्या काफी दूर होगी। इसके साथ ही एयरपोर्ट के लिए भी सर्वेक्षण करने की सरकार से मांग की गई। निदेशक उद्योग राकेश प्रजापति ने उद्योगपतियों की समस्याएं सुनी और उनका जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर चेंबर अध्यक्ष सतीश गोयल, महासचिव नवीन अग्रवाल, उद्योगपति अरूण गोयल, एनपीएस सहोता, मनमीत सिंह मल्होत्रा, अरूण शर्मा, वीपी सिंह ठाकुर, दीपक गोयल, सुरेश चौहान, केएस चौहान आदि अनेकों उद्योगपति और उनके प्रतिनिधि मौजूद रहे। 

2- कल पांवटा पहुंचेगी गोविंदाचार्य की यमुना दर्शन यात्रा।

देश के सुप्रसिद्ध विचारक, लेखक एवं संगठक के.एन. गोविंदाचार्य द्वारा 28 अगस्त से 15 सितंबर 2021 तक यमुना दर्शन यात्रा एवं प्रकृति केंद्रित विकास पर संवाद यात्रा चलाई जा रही है जोकि 28 अगस्त शनिवार को

उत्तराखंड के यमुनोत्री धाम से प्रारंभ होगी और 15 सितंबर को प्रयागराज में समाप्त होगी। इस दौरान यह आध्यात्मिक यात्रा उत्तर भारत के विभिन्न राज्यों व शहरों से होकर गुजरेगी। 28 अगस्त दिन शनिवार की सुबह यमुनोत्री से चलकर यह यात्रा हिमाचल प्रदेश के गुरु की नगरी पांवटा साहिब में पहुंचेगी। जिसमें यात्रा के मुख्य आयोजक व संचालक के.एन. गोविंदाचार्य सहित दर्जनों लोग शामिल होंगे। 

3- ग्राम केन्द्र सम्मैलन मे कार्यकर्ताओं को पढ़ाया जीत का पाठ।

भारतीय जनता पार्टी के 12 ग्राम केंद्रो जिसमें नगर परिषद व 8 पंचायतों के बूथ अध्यक्ष, बूथ पालक, बी॰एल॰ए॰, ग्राम केंद्र प्रभारियो का प्रशिक्षण शिविर मंडल अध्यक्ष अरविंद गुप्ता की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। शिविर में ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी व प्रदेश भाजपा सचिव एवं ज़िला सहप्रभारी अरुण फल्टा विशेष रूप से उपस्थित रहें। इस मौके पर अरुण फ़ाल्टा ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि पाँवटा साहिब को एक ऐसा नेतृत्व मिला हैं जो पूरे प्रदेश में विकास पुरुष की पहचान रखते हैं, यह पाँवटावासियो के लिए सौभाग्य की बात हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसी पार्टी है जिसमें देश प्रथम, पार्टी दूसरे व स्वयं को तीसरे नंबर पर रखा जाता हैं। उन्होंने कहा कि सुखराम चौधरी ना केवल पाँवटा साहिब के नेता हैं बल्कि पूरे ज़िला सिरमौर, शिमला संसदीय का नेतृत्व कर रहे हैं। साथ ही उन पर पार्टी की अन्य बहुत सारी ज़िम्मेदारियाँ हैं। उसी तरह आप भी अपने-२ बूथ की ज़िम्मेदारी को समझें और उसका पूर्ण रूप से निर्वहन करें। उन्होंने कार्यकर्ताओं को एकजुट रहकर आगामी चुनावों में उतरने का आह्वान किया। ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने

कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता आगामी विधानसभा चुनावों के लिए कमर कस लें। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता केंद्र व प्रदेश की योजनाओं को जनता के मध्य लेकर जायें, जिससे अधिक से अधिक लोगों को इन योजनाओं का फ़ायदा मिल सके। उन्होंने कहाँ कि प्रदेश सरकार ने पेन्शन की उम्र 80 से घटा कर 70 की जिससे पाँवटा साहिब विधानसभा के लगभग 3700 से अधिक लोगों को प्रति माह 1500 रूपये की पेन्शन का लाभ मिला। प्रदेश सरकार ने 65 से 70 वर्ष की महिलाओं को प्रत्येक माह 1000 रूपये पेन्शन शुरू की। केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत योजना व प्रदेश सरकार की हिमकेयर योजना से हज़ारों लोग स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। केंद्र सरकार की उज्ज्वला योजना व प्रदेश सरकार की गृहिणी सुविधा योजना से हज़ारों परिवार लाभान्वित हुए हैं। केंद्र सरकार की सुकन्या समृद्धि योजना, किसान सम्मान निधि, वन रैंक वन पेन्शन, प्रधानमंत्री योजना इत्यादि व प्रदेश सरकार की सहारा योजना, जनमंच, मुख्यमंत्री स्वावलम्बन योजना, शगुन योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, श्रम कल्याण बोर्ड इत्यादि योजनाए कार्यकर्ताओं को बताई। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाएँ हर वर्ग को लाभान्वित कर रही हैं। इन योजनाओं से आम व्यक्ति को लाभ हो रहा हैं। इन योजनाओं से पाँवटा विधानसभा के लगभग हर परिवार को लाभ मिला हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए आगामी विधानसभा के लिए तैयार रहने व जनता में जाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में निश्चित रूप से जयराम सरकार पुनः बनेगी। उन्होंने कहाँ कि कार्यकर्ताओं के दम पर भारतीय जनता पार्टी विधानसभा के चुनावों में उतरेगी व मिशन रिपीट का लक्ष्य पूर्ण करेगी। वहीं, मंडल अध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने सम्बोधित करते हुए कहा कि अपना बूथ सबसे मज़बूत व चुनाव प्रबंधन विषय पर विस्तार से कार्यकर्ताओं से चर्चा की। उन्होंने बूथ को मज़बूत करने हेतु 11 महत्वपूर्ण बिंदु कार्यकर्ताओं को बताये। उन्होंने कहा कि विधानसभा को जीतने के लिए हमें अपना-अपना बूथ जीतना आवश्यक हैं। उन्होंने नारा देते हुए कहा कि बूथ जीतों विधानसभा जीतो। 

4- मारपीट के आरोपी भाजयुमो पदाधिकारी ने दिया इस्तीफा।

भारतीय जनता युवा मोर्चा पाँवटा मंडल के मुख्य प्रवक्ता सुल्तान मलिक ने कहा कि वह मारपीट के सभी आरोपों में निर्दोष हैं। और जब तक वह पूर्णत निर्दोश साबित नहीं हो जाते तब तक वह भाजयुओ व पार्टी के सभी पदों से

इस्तीफ़ा दे रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहाँ कि उन्हें क़ानून पर पूर्ण भरोसा हैं व वो निर्दोश साबित होंगे। युवा मोर्चा अध्यक्ष चरनजीत चौधरी ने उनका इस्तीफ़ा स्वीकार करते हुए कहा कि सुल्तान मलिक पार्टी के एक कर्मठ कार्यकर्ता हैं, लेकिन अगर वो ऐसे किसी काम में दोषी पायें जाएँगे तो उन पर कड़ी कार्यवाही की जानी चाहिये। भाजयुमो के सभी पदाधिकारियों व सदस्यों को उन पर पूर्ण भरोसा हैं, अगर निर्दोश साबित होते हैं तो युवा मोर्चा उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा होगा।

5- एंटी क्रप्शन फाउंडेशन ऑफ इंडिया बनाएगी भ्रष्टाचार रहित माहौल- महेश

एंटी क्रप्शन फाउंडेशन ऑफ इंडिया ने पांवटा साहिब में एक पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया जिसमे फाउंडेशन के बारे में जानकारी दी गई। फाउंडेशन के नवनिर्वाचित स्टेट चेयरमैन महेश खुराना ने कहा कि यह ऑर्गेनाइजेशन इंडियन ट्रस्ट एक्ट, एमएसएमई व नीति आयोग के अंडर रजिस्टर्ड है। इसके नेशनल प्रेसिडेंट नरेंद्र अरोड़ा हैं। नरेंद्र अरोड़ा ह्यूमन राइट

इंटरनेशनल फेडरेशन के भी नेशनल प्रेसिडेंट है और हमारे पड़ोसी प्रदेश हरियाणा से है व आज देश की जानी मानी हस्ती हैं। ACFI ऑर्गेनाइजेशन का मुख्य उद्देश्य समाज में भ्रष्टाचार के खिलाफ माहौल बनाना है। नरेंद्र अरोड़ा के परिपक्व और डायनामिक नेतृत्व में यह ऑर्गेनाइजेशन समाज में ईमानदार ऑफिसर्स की पहचान कर उन्हें प्रोत्साहित व पुरस्कृत करती है। इस ऑर्गेनाइजेशन का काम करप्ट अफसर ढूंढना नहीं बल्कि एक ऐसे समाज का निर्माण करना जहां भ्रष्टाचार के खिलाफ हर वर्ग के दिल में नफरत हो। महेश खुराना ने कहा कि हम मानते हैं कि यदि बचपन से ही पढ़ाई के दौरान बच्चों के मन में भ्रष्टाचार के खिलाफ बीज बोया जाए व युवा पीढ़ी को सोशल वर्क व अन्य एंटरटेनमेंट के साधनों के द्वारा व्यस्त रखा जाए और उसके साथ साथ उनके अंदर देश प्रेम व भ्रष्टाचार के खिलाफ भावना पैदा की जाए तो यकीनन भ्रष्टाचार मुक्त समाज का सपना साकार किया जा सकता है। यह ऑर्गेनाइजेशन पूरे देश में लगभग हर स्टेट में अपनी एग्जीक्यूटिव बॉडी बना चुकी है या बना रही है। इस संस्था मे कई आईएएस व आईपीएस ऑफिसर जुड़े हैं। इस संस्था में कई जाने-माने फिल्म व टीवी के कलाकार भी पैटर्न के रूप में शामिल है। आज से हम इस संस्था की मेंबरशिप की ऑफिशियल शुरुआत करते हैं और चाहते हैं कि हिमाचल के वह लोग जो भ्रष्टाचार मुक्त समाज चाहते हैं व इस प्रेस्टीजियस संस्था से जुड़ना चाहते हैं वह खुद आगे आए व संपर्क करें। अभी शुरुआत में हम लोग प्रदेश के 12 जिलों में डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन बनाना चाहते हैं। इस मौके पर शांति स्वरूप गुप्ता, हिमांशु भाटिया, राकेश रहल, मनमीत सिंह, इंदरदीप सिंह भाटिया, विपुल जैन, अनिल सैनी, डॉक्टर प्रवेश सबलोक आदि मौजूद रहे। 

6- जवाहर नवोदय विद्यालय में 11वीं कक्षा के लिए 31 अगस्त तक करें आवेदन।

सत्र 2021-22 के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय नाहन में 11वीं कक्षा विज्ञान एवं कला संकाय में दाखिला लेने के लिए आवेदन फार्म ऑनलाइन माध्यम द्वारा भरे जा रहे हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 31अगस्त 2021 निर्धारित की गई है। यह जानकारी जवाहर नवोदय विद्यालय के प्राचार्य सुरेंद्र तिवारी ने दी। आवेदन के लिए अभ्यर्थी ने शैक्षणिक सत्र 2020-21में जिला सिरमौर के किसी भी सरकारी या मान्यता प्राप्त स्कूल से 10वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की हो व अभ्यर्थी की जन्म तिथि 1 जून 2003 से 31 मई 2007 के मध्य होनी चहिए। 11वीं कक्षा में प्रवेश 10वीं कक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पात्र अभ्यर्थी नवोदय विद्यालय समिति की वेबसाईट www-navodaya.gov.in  ;k https://www.nvsadmissionclasseleven.in पर आवेदन कर सकते हैं।

7- रेड क्रॉस सरांय नाहन में उपलब्ध होगी रात्रि ठहराव की सुविधा।

डॉ0 वाई0एस0 परमार मेडिकल कॉलेज नाहन में आने वाले मरीजों व उनके परिजनों को मेडिकल कॉलेज के समीप स्थित जिला रेडक्रॉस भवन के सरांय में फिर से रात्रि ठहराव की सुविधा निम्न दरों में उपलब्ध होगी। यह जानकारी सहायक आयुक्त एवं सचिव जिला रेडक्रॉस सोसायटी प्रियंका चंद्रा ने दी। उन्होंने बताया कि गत महीनों से रेडक्रॉस सरांय में मरम्मत कार्य के चलते भवन में ठहराव की सुविधा बंद कर दी गई थी। जिसे अब फिर से शुरु कर दी गई है।

8- राजेंद्र सिंह दिघाली स्कूल एसएमसी अध्यक्ष।

पांवटा साहिब के गिरिपार क्षेत्र के राजकीय उच्च विद्यालय दिघाली में विद्यालय प्रबंधन समिति की आम सभा बैठक अजय शर्मा मुख्य अध्यापक की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें सर्वसम्मति से राजेंद्र सिंह सत्र 2021-2024 के लिए प्रधान पद पर निर्वाचित हुए। उपाध्यक्ष पद पर सतनाम कौर एवं सचिव पद के लिए आशा देवी निर्वाचित घोषित किए गए। शिक्षाविद् के रूप में रमेश शर्मा सेवानिवृत्त कला अध्यापक, सामाजिक कार्यकर्ता सदस्य के तौर पर दिनेश शर्मा एवं नितिन शर्मा को नामित सदस्य के तौर पर चयनित

किया गया। वहीं अश्वनी कुमार प्रधान ग्राम पंचायत राजपूर-दिघाली एवं विक्की शर्मा उपप्रधान एवं दिनेश कुमार वार्ड मेंबर ग्राम पंचायत राजपूर को पदेन सदस्य चुना गया। कुलदीप कुमार, कृष्णा देवी, दीपा देवी, लीला देवी, बबीता देवी, उर्मिला देवी, सुखा देवी, नीतू देवी, रेखा देवी एवं विमला देवी सम्मानित सदस्यों के रूप में निर्वाचित घोषित किए गए। इस अवसर पर विद्यालय के स्टॉफ सदस्यों में सुरेंद्र कुमार, संदीप कुमार, नवीन कुमार, पूजा, बस्तीराम एवं गिरधारी लाल इत्यादि मौजूद रहे।

9- राजपुरा स्वास्थ्य खण्ड में 110 प्रतिशत लोगों का हुआ टीकाकरण।
  
पांवटा खण्ड चिकित्सा अधिकारी ड़ॉ. अजय देओल ने यह जानकारी देते हुए बताया कि पांवटा साहिब के  स्वास्थ्य खण्ड राजपुरा में 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लोगों के लिए आज 7 स्थानों पर तथा इसके अतिरिक्त पांच मोबाइल टीमों  के माध्यम से कोविड-19 टीकाकरण किया गया। उन्होंने बताया कि कोविड -19 टीकाकरण में और तेजी लाने के उदेश्य से आज पांच

मोबाइल टीमे बनाई गई। इन टीमों के माध्यम से राजपुरा स्वास्थ्य खण्ड के दूर-दराज के क्षेत्रो में 18 वर्ष से अधिक आयु के क्षेत्रवासी तथा बाहर से आए प्रवासी मजदूर एवं जिन्होंने अभी तक वैक्सीन नहीं लगवाई है उन सभी का टीकाकरण किया गया। ड़ॉ. अजय देओल ने जानकारी देते हुए बताया कि राजपुरा स्वास्थ्य खण्ड में अभी तक लगभग 110 प्रतिशत लोगों का टीकाकरण किया गया है। उन्होंने बताया की राजपुरा स्वास्थ्य खण्ड में टीकाकरण से शेष रहे 18 वर्ष से अधिक आयु के  क्षेत्रवासी तथा बाहर से आए प्रवासियों का भी जल्द ही टीकाकरण कर इस अभियान का लक्ष्य पूरा कर लिया जाएगा।


(हिमाचल)

1- दो अक्तूबर से आरंभ होगी स्वर्णिम हिमाचल रथ यात्राः मुख्यमंत्री 

हिमाचल प्रदेश के पूर्ण राज्यत्व के स्वर्ण जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में राज्य सरकार इस वर्ष 2 अक्तूबर से स्वर्णिम हिमाचल रथ यात्रा का आयोजन करेगी। यह बात मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज यहां आयोजित स्वर्णिम हिमाचल रथ यात्रा के संबंध में उच्च स्तरीय समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। मुख्यमंत्री ने कहा कि रथ यात्रा के दौरान हिमाचल प्रदेश की

गौरवशाली यात्रा के 50 वर्षों में आम आदमी के योगदान का जश्न मनाया जाएगा। सरकार प्रदेश के विभिन्न विभागों के माध्यम से राज्य भर में 51 कार्यक्रम आयोजित करेगी। उन्होंने कहा कि स्वर्णिम रथ यात्रा लगभग दो महीने के दौरान प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों को कवर करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य स्तरीय पूर्ण राज्यत्व दिवस समारोह के अवसर पर 25 जनवरी, 2022 को एक विशाल कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जय राम ठाकुर ने कहा कि राज्य सरकार ने इस कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विधायक डा. राजीव बिंदल की अध्यक्षता में एक कार्यकारी समिति का गठन किया है। इसके अतिरिक्त, चार उप-समितियां भी गठित की गईं हैं जिनमें स्वर्णिम रथ खरीद समिति, सूचना, शिक्षा एवं संप्रेषण समिति, सोशल मीडिया समिति और बजट समिति शामिल हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस वर्ष 25 जनवरी से राज्य में स्वर्णिम हिमाचल रथ यात्रा आयोजित करना चाहती थी, लेकिन कोरोना महामारी के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस यात्रा में राज्य के विकासात्मक इतिहास को प्रदर्शित किया जाएगा, जिसमें आम जनता की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। स्वर्णिम हिमाचल रथ यात्रा में विभिन्न क्षेत्रों जैसे- खेल, सामाजिक कार्य, संस्कृति, साहित्य आदि में उपलब्धि हासिल करने वाले सफल लोगों की सक्रिय भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। जय राम ठाकुर ने कहा कि स्वर्णिम रथ को राज्य के विकास के गौरवशाली इतिहास प्रदर्शित करने के लिए नवीनतम उपकरणों से लैस किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी प्रमुख विभाग जैसे शिक्षा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, लोक निर्माण, जल शक्ति, ग्रामीण विकास, वन और बिजली विभाग भी इन पचास शानदार वर्षों के दौरान हुए विकास का प्रदर्शन करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्णिम हिमाचल रथ यात्रा का मुख्य उद्देश्य पचास वर्षों के दौरान राज्य की शानदार प्रगति के सम्बन्ध में हर हिमाचली के दिलों में गर्व की भावना पैदा करना है। उन्होंने कहा कि हर हिमाचलवासी के भीतर यह भावना जागृत होनी चाहिए कि वह इस गौरवशाली यात्रा का हिस्सा रहा है और राज्य के विकास में योगदान दिया है। उन्होंने अधिकारियों को इन सभी वर्षों के दौरान राज्य के विकास पर प्रकाश डालते हुए गुणवत्तापूर्ण प्रचार साहित्य तैयार करने का भी निर्देश दिया। जय राम ठाकुर ने जिला प्रशासन को रथ यात्रा से सम्बन्धित कार्य योजना और अन्य जानकारी अंतिम रूप प्रदान करने के लिए एक कमेटी गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने इस रथ यात्रा के सफल बनाने के लिए पंचायती राज संस्थाओं, शहरी स्थानीय निकायों के सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों, युवक मण्डलों, महिला मण्डलों और स्वयं सहायता समूहों से बढ़-चढ़ कर इसमें भाग लेने के लिए आमंत्रित किया।

2- हिमाचल मे भी निवेश करें प्रवासी भारतीय, मुख्यमंत्री ने दिया आमंत्रण।

इंडो-अमेरिकन बिजनेस एंड आर्ट्स काउंसिल (आईएबीएसी) ने सैन फ्रांसिस्को के भारतीय महाकाॅन्सल के सहयोग से आज हिमाचल प्रदेश पर केंद्रित इंडो-यूएस परिसंवाद का आयोजन किया। खाड़ी क्षेत्र के हिमाचलियों ने वर्चुअल माध्यम से इस परिसंवाद को अपना सहयोग दिया। मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने इस अवसर पर अपने वर्चुअल संदेश के माध्यम से संगोष्ठी में भाग लेने वाले प्रतिनिधियों का स्वागत किया तथा आईएबीएसी के प्रयासों की सराहना करते की। उन्होंने देवभूमि हिमाचल की सुंदरता का भ्रमण करने और प्रदेश की प्रकृति का आनंद लेने के लिए उन्हें यहां आमंत्रित किया। उन्होंने इच्छुक निवेशकों को राज्य में निवेश के अपार अवसरों की संभावनाएं

तलाशने के लिए भी न्यौता दिया। अतिरिक्त मुख्य सचिव, उद्योग एवं ऊर्जा आर.डी. धीमान ने इस कार्यक्रम को आयोजित करने के लिए मुख्यमंत्री की ओर से आईएबीएसी का आभार व्यक्त किया और इस पहल पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा निवेशकों को प्रदान किए जा रहे विशेष प्रोत्साहनों जैसे- किफायती दरों पर भूमि की उपलब्धता, उच्च गुणवत्ता और भरोसेमंद बिजली व्यवस्था तथा अग्रसक्रिय व सुलभ प्रशासन से अवगत करवाया। उन्होंने जानकारी दी कि हिमाचल प्रदेश व्यापार में सुगमता सुधारों जैसे आॅनलाइन एकल खिड़की स्वीकृति प्रणाली, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों की इकाइयों की स्थापना के लिए स्व-प्रमाणन, मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा आॅनलाइन नियमित ट्रैकिंग और निगरानी में देश के अग्रणी राज्यों में एक है। खाड़ी क्षेत्र सैन फ्रांसिस्को, कैलिफोर्निया का प्रतिनिधित्व करने वाले अमेरिकी महासभा के सदस्य रोहित खन्ना, सैन फ्रांसिस्को में भारत के काॅन्सल जनरल डा. नागेंद्र प्रसाद, सामाजिक कार्य विशेषज्ञ महेश निहलानी खाड़ी क्षेत्र के प्रमुख वक्ता थे। संगोष्ठी ने राज्य सरकार, व्यवसायों के राज्य में निवेश के नए अवसर तलाशने और व्यापार के अवसरों को साझा करने के लिए एक मंच प्रदान किया। रोहित खन्ना ने कहा कि वह मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा से हैं और प्रदेश की इस पहल का समर्थन करते हैं। निवेशकों ने आतिथ्य और आईटी क्षेत्र में गहरी रूचि दिखाई। सैम देवधारा (खाड़ी क्षेत्र में होटल श्रृंखला के मालिक) ने आतिथ्य क्षेत्र में अपनी रुचि दिखाई। अमित जावेरी (महाप्रबंधक, गूगल क्लाउड) ने सरकारी विभागों सहित भारत में अपने ग्राहकों और गूगल के लिए हिमाचल प्रदेश में संभावित अवसरों का उल्लेख किया। महेश निहलानी ने राज्य सरकार के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल को हिमाचल दिवस समारोह के लिए खाड़ी क्षेत्र (बे-एरिया) कैलिफोर्निया का दौरा करने और सिलिकाॅन वैली के निवेशकों के साथ बैठक आयोजित के लिए आमंत्रित किया।

3- शीतकालीन सत्र में शून्य काल करने का रास्ता हो सकता है साफ।

आगामी शीतकालीन सत्र में शून्यकाल शुरू करने का रास्ता साफ हो सकता है। शून्यकाल की व्यवस्था को लागू करने के लिए विधानसभा सचिवालय में विचार-विमर्श चल रहा है। उसके बाद शून्यकाल की व्यवस्था करने का प्रस्ताव विधानसभा की मंजूरी के लिए जाएगा। हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार का कहना है कि विपक्षी सदस्य सदन में समय नहीं मिलने से नाराजगी जाहिर करते रहे हैं। तेरहवीं विधानसभा के हर सत्र में

विपक्ष को समय नहीं मिलने की शिकायत रहती है। ऐसे में एक बार मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से इस संबंध में चर्चा होगी। प्रश्नकाल के बाद भी विपक्ष की ओर से एक नहीं आधा दर्जन सदस्य हाथ उठाकर प्वाइंट ऑफ आर्डर पूछने की अनुमति चाहते हैं। नियमानुसार विपक्ष की ओर से नेता प्रतिपक्ष को ही किसी ताजा घटनाक्रम पर जानकारी पूछनी चाहिए या फिर सदन के ध्यान में लाना चाहिए। विपिन सिंह परमार ने कहा कि विधानसभा सचिवालय में विचार-विमर्श पूरा होने के बाद इस संबंध में सदन के नेता मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से भी चर्चा होगी। विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने कहा कि पूर्ण राज्यत्व के स्वर्ण जयंती वर्ष के उपलक्ष्य पर विधानसभा में 17 सितंबर को एक दिवसीय विशेष सत्र का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष सत्र में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद विधानसभा सदस्यों को संबोधित करेंगे। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश मंत्रिमंडल के सभी मंत्री, मौजूदा विधायक और पूर्व विधायक इस सत्र में शामिल होंगे।

4- भूकंप के झटके से हिला हिमाचल।

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में शुक्रवार सुबह भूकंप का झटका महसूस किया गया। भूकंप सुबह करीब 5:30 बजे आया और इसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 2.9 मापी गई। भूकंप का केंद्र जमीन के अंदर 5 किलोमीटर गहराई पर था। भूकंप के झटके महसूस होते ही लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। हालांकि भूकंप से किसी तरह के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है। गोर हो कि हिमाचल जोन पांच यानी भूकंप के लिहाज से अति संवेदनशील वर्ग में आता है। इंडियन प्लेट में हिमाचल भी आता है। इंडियन प्लेट यूरोशिया प्लेट के नीचे है। दोनों प्लेटों में गहरा तनाव चल रहा है। 4 अप्रैल 1905 को हिमाचल में 7.8 तीव्रता वाला बड़ा भूकंप आ चुका है। इसके बाद हिमाचल में बड़े भूकंप अक्सर आते रहे हैं। 28 फरवरी 1906 को कुल्लू में 6.4 तीव्रता वाला बड़ा भूकंप आ चुका है। वर्ष 1930 में भी 6.10 तीव्रता वाला भूकंप आया था। इसके बाद वर्ष 1945 में 6 और 1975 में 6.8 तीव्रता वाला भूकंप आया था।

5- नाले मे बहने से एक व्यक्ति की मौत, भूस्खलन से सडकें बंद।

हिमाचल प्रदेश में बारिश का कहर अभी थमा नही हैं। राज्य के चंबा जिले के तुन्नूहट्टी-ककीरा मार्ग पर देर रात भारी बारिश नाले में बढ़े जलस्तर की वजह से एक व्यक्ति की बहने से मौत हो गई। म़ृतक की पहचान कर्म चंद पुत्र जीतो राम निवासी लड़ेरा के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर

पहुंची बकलोह पुलिस की टीम ने शव को कब्जे में लेकर डलहौजी अस्पताल पहुंचाया। हादसे की पुष्टि एसपी चंबा अरुल कुमार ने की है। वहीं प्रदेश मे लगातार भूस्खलन हो रहा है। मंडी जिले में भारी बारिश से काफी नुकसान हुआ है। जिले में मंडी-कुल्लू हाईवे समेत 50 सड़कें ठप हैं। जगह-जगह सेब से ट्रक फंसे हुए हैं। 10 गोशालाएं ढह गई हैं। सराज में भूस्खलन से तीन घरों को नुकसान पहुंचा है। इन मकानों को खाली करवाया गया है। जिले में तेज बारिश से मुश्किलें बढ़ गई हैं। मंडी-पठानकोट, मंडी-जालंधर-धर्मपुर मार्ग पर भी आवाजाही प्रभावित हुई है। कुल्लू के लिए वैकल्पिक मार्गों पर भी भारी जाम लगा है। यात्री रात भर वाहनों में फंसे रहे। मौसम विभाग ने आज से चार दिन का येलो अलर्ट प्रदेश मे जारी किया है। लोगों को नदी नालों से दूर रहने की सलाह दी गई है। 

6- मुख्यमंत्री ने पूजा सोनी और साक्षी को प्रदान की आर्थिक सहायता।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने जिला बिलासपुर की तहसील घुमारवीं के गांव कोठी निवासी पूजा सोनी और जिला मण्डी की तहसील सरकाघाट के गांव रामनगर की साक्षी के परिवार की कमजोर आर्थिक स्थिति को देखते हुए उन्हें सहायता प्रदान कर उच्च मानवीय मूल्यों का परिचय दिया है। मुख्यमंत्री को अपनी वर्तमान आर्थिक स्थिति से अवगत करवाते हुए साक्षी

ने कहा कि वह गरीब परिवार से सम्बन्ध रखती हैं। उनके पिता मजदूरी करते हैं जबकि मां बीमार रहती हैं। वह और उनकी बहन महक अपनी पढ़ाई आगे जारी रखना चाहती हैं परन्तु धन के अभाव ने उन्हें पढ़ाई जारी रखने में कठिनाई हो रही है। इसी प्रकार की आर्थिक तंगी की समस्या को लेकर पूजा सोनी जब मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर से मिलीं तो मुख्यमंत्री ने उन्हें भी निराश नहीं किया। पूजा ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनकी दो बेटियां हैं, जिनमें से एक बेटी दिव्यांग है। उन्होंने कहा कि आजीविका का कोई निश्चित साधन न होने के कारण उन्हें बेटी का ईलाज करवाने में मुश्किल हो रही है। मुख्यमंत्री ने पूजा और साक्षी की कमजोर आर्थिक स्थिति को देखते हुए 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत की। पूजा और साक्षी ने इस आर्थिक सहायता के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

7- हिमाचल का ये स्कूल संस्कृत मे मनवा रहा अपना लोहा।

हिंदुस्तान अपनी जिस मूल भाषा संस्कृत को भूलता जा रहा है उसी भाषा मे हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के एक स्कूल के बच्चे अपने अनुभवी और काबिल शिक्षक की बदौलत राज्य स्तर पर अपनी काबिलियत का लोहा मनवा रहे हैं। हिमाचल संस्कृत अकादमी द्वारा आयोजित राज्यस्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सियालकड़ (शिक्षा खण्ड खुंडिया) जिला काँगड़ा के बच्चों ने फिर से अपने विद्यालय का नाम हिमाचल

में रोशन किया है। विद्यालय की छात्रा ज्योति ने राज्य स्तरीय वरिष्ठ वर्ग की संस्कृत गीत प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं राज्य स्तरीय कनिष्ठ वर्ग की श्लोकोच्चारण प्रतियोगिता में छात्रा आरजू ने भी द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। विद्यालय के बच्चों में अंशिका 6वीं, कामिनी 7वीं, विशाल 8वीं, आरजू 8वीं , दिव्यांशी 10वीं, नेहा 11वीं , ज्योति 11वीं इन बच्चों ने श्लोकोच्चारण तथा संस्कृतगीत प्रतियोगिता में भाग लिया था जिसमें जिला स्तर पर वरिष्ठ वर्ग की गीत प्रतियोगिता में ज्योति प्रथम स्थान पर रही थी।कनिष्ठ वर्ग की श्लोकोच्चारण प्रतियोगिता में आरजू प्रथम स्थान पर रही थी तथा वरिष्ठ वर्ग की श्लोकोच्चारण प्रतियोगिता में पायल द्वितीय स्थान पर रही थी। इसके साथ ही नेहा, विशाल और कामिनी ने भी अपने प्रथम प्रयास में ही जिला स्तर के परिणामों में प्रथम दस छात्रों में अच्छी जगह बनाई थी। अंशिका तथा दिव्यांशी ने अपना शानदार प्रदर्शन किया था। प्रथम, द्वितीय, तृतीय रहने वाले बच्चों का चयन राज्य स्तर पर हुआ था। जिसमें अब ज्योति तथा आरजू ने द्वितीय स्थान प्राप्त करके विद्यालय को गौरवान्वित किया है। संस्कृत अध्यापक विनोद शर्मा ने बताया कि हमारे बच्चे पिछले तीन वर्षों में प्रत्येक संस्कृत गतिविधि में राज्य स्तर पर अपनी छाप छोड़कर श्रेष्ठ स्थान प्राप्त कर रहे हैं। इसके लिए समस्त बच्चे, उनके अभिभावक तथा समस्त विद्यालय परिवार बधाई का पात्र है।

8- सुनील शेट्टी पंहुचे हिमाचल, मनाली मे करेंगे तेलुगू फिल्म की शूटिंग।

हिमाचल प्रदेश के मनाली मे तेलुगू फिल्म की शूटिंग को बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी मनाली पहुंच गए हैं। बीती रात करीब डेढ़ बजे वह बड़ाग्रां रिजॉर्ट पहुंचे। शेट्टी गुरुवार सुबह चंडीगढ़ से मनाली के भुंतर हवाई अडडे के लिए चार्टर प्लेन से आ रहे थे, लेकिन खराब मौसम के चलते एयर ट्रैफिक कंट्रोलर

ने उन्हें खतरनाक मौसम और धुंध का हवाला देकर लौटने को कहा। लिहाजा, वे वापस चंडीगढ़ से सड़क मार्ग से मनाली के लिए निकले, लेकिन मंडी से कुल्लू के बीच फोरलेन निर्माण के चलते वे जाम में फंस गए थे। देर रात तक ही वह मनाली पहुंचे। फिल्म अभिनेता सुनील शेट्टी के लिए मनाली के घुड़दौड में बड़ाग्रां रिजॉर्ट और स्पा में ठहरने की व्यवस्था की गई है। वह 10 दिन तक यहीं रुकेंगे। रिजॉर्ट के संचालक नकुल खुल्लर ने बताया कि इस तेलगू फिल्म की शूटिंग मनाली के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सोलंगनाला, नग्गर और मनाली के आसपास की जाएगी। इस फिल्म में वरुन तेज भी अभिनय कर रहे हैं। 

9- सेना भर्ती की लिखित परीक्षा कोविड-19 के कारण स्थगित।

हिमाचल प्रदेश के ऊना के इंदिरा स्टेडियम में मार्च माह मे आयोजित थल सेना भर्ती रैली के दौरान ग्राऊंड टैस्ट पास करने वाले युवाओं की लिखित परीक्षा स्थगित कर दी गई है। सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल संजीव कुमार त्यागी ने बताया कि यह लिखित परीक्षा 29 अगस्त को हमीरपुर के निकट अणु के खेल स्टेडियम में आयोजित की जानी थी लेकिन कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए यह परीक्षा आगामी आदेशों तक स्थगित की गई है। यह परीक्षा सैनिक जनरल डयूटी, सैनिक क्लर्क जनरल डयूटी, स्टोरकीपर, तकनीशियन, फार्मासिस्ट और धर्म शिक्षक के पदों के लिए ली जानी है। कर्नल त्यागी ने बताया कि लिखित परीक्षा की नई तिथि घोषित होते ही अभ्यर्थियों को सूचित कर दिया जाएगा।

10- कर्मचारी संगठन की कार्यकारिणी ने मुख्यमंत्री से की भेंट। 

हिमाचल प्रदेश सचिवालय सेवाएं कर्मचारी संगठन की नवनिर्वाचित

कार्यकारिणी ने अध्यक्ष भूपिन्द्र सिंह के नेतृत्व में आज यहां मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर से भेंट की। यह एक शिष्टाचार भेंट थी।


शाम सात बजे तक का कोविड मीडिया बुलेटिन-

सूचना एवं जन संपर्क विभाग हिमाचल प्रदेश बुलेटिन-