शिमला संसदीय क्षेत्र: भाजपा का शुरु हुआ चुनाव प्रचार, कांग्रेस के कैंडिडेट की घोषणा का इंतजार... ddnewsportal.com

शिमला संसदीय क्षेत्र: भाजपा का शुरु हुआ चुनाव प्रचार, कांग्रेस के कैंडिडेट की घोषणा का इंतजार... ddnewsportal.com

शिमला संसदीय क्षेत्र: भाजपा का शुरु हुआ चुनाव प्रचार, कांग्रेस के कैंडिडेट की घोषणा का इंतजार...

देश में आम चुनाव का बिगुल बज चुका है। आदर्श आचार संहिता के साथ चुनाव की तिथियाँ भी चुनाव आयोग ने घोषित कर दी है। हिमाचल प्रदेश की बात करें तो यहां एक जून को अंतिम चरण में चुनाव होंगे। यहां भाजपा चुनावी प्रचार और कैंडिडेट घोषणा में फिलहाल आगे चल रही है। भाजपा के दो कैंडिडेट हमीरपुर से अनुराग ठाकुर और शिमला से सुरेश कश्यप घोषित किये जा चुके हैं लेकिन कांग्रेस अभी तक एक भी प्रत्याशी घोषित नही कर पाई है। भाजपा के उम्मीदवार ने तो चुनावी प्रचार भी शुरु कर दिया है। शिमला संसदीय क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार सुरेश कश्यप ने रविवार को गुरू की नगरी पाँवटा साहिब से चुनावी प्रचार का आगाज कर दिया है। 


रविवार को सुरेश कश्यप शिव मंदिर परिसर चाँदपुर कोटड़ी ब्यास के बूथ न 58/1, 2 में पंहुचे। उनके साथ विधायक सुखराम चौधरी भी साथ रहे। उसके बाद बूथ नंबर 5 जामनीवाला में भद्रकाली मंदिर में भी नुक्कड़ सभा को संबोधित किया। उसके बाद पत्रकार वार्ता कर मोदी सरकार की 10 वर्ष की उपलब्धियाँ गिनवाई। भाजपा पाँवटा साहिब ने सुरेश कश्यप को 31 हजार वोटों की लीड का लक्ष्य रखा है। 


वहीं यदि कांग्रेस की बात की जाए तो अभी तक कैंडिडेट ही घोषित नही हुआ है, चुनावी प्रचार तो दूर की बात है। बताते चलें कि पिछ्ली बार भाजपा के उम्मीदवार ने सिरमौर जिले से भारी लीड हासिल की थी, इसलिए इस बार भी भाजपा का सिरमौर पर फोकस रहेगा। हालांकि शिमला संसदीय क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवार की डगर इतनी आसान भी नही हैं। यहां से कांग्रेस सरकार के 8 कैबिनेट रैंक के नेता अपने अपने क्षेत्र में कांग्रेस को लीड दिलाने के लिए जीतोड़ मेहनत करेंगे ताकि अपनी साख बरकरार रख सके। शायद भाजपा भी यह अच्छी तरह से जानती है। तभी चुनावी प्रचार में तेजी दिखाई जा रही है। माना जा रहा है कि कांग्रेस इस संसदीय क्षेत्र से युवा विधायक विनोद सुल्तानपुरी पर दांव खेलेगी। बहरहाल, जनता कांग्रेस के उम्मीदवार की घोषणा का इंतजार कर रही है।