चुनाव में कैंडिडेट खर्च कर सकता है इतने लाख... ddnewsportal.com

चुनाव में कैंडिडेट खर्च कर सकता है इतने लाख...  ddnewsportal.com
फोटो: मनीष गर्ग, मुख्य निर्वाचन आयुक्त, हिमाचल प्रदेश।

चुनाव में कैंडिडेट खर्च कर सकता है इतने लाख

हिमाचल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने दी जानकारी, जानें क्या है विशेष...

केंद्रीय चुनाव आयोग के हिमाचल में विधानसभा चुनाव की घोषणा करने के बाद से हिमाचल निर्वाचन आयोग भी अपनी आगामी प्रक्रिया में जुट गया है। इस बाबत जानकारी पत्रकारों से सांझा की गई। इस दौरान हिमाचल प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनीष गर्ग ने कहा कि विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी की चुनाव व्यय सीमा बढ़कर 40 लाख रुपये कर दी है। 2017 के चुनाव में चुनाव खर्च की सीमा 28 लाख थी। जिला उपायुक्तों को बर्फबारी को देखते हुए वैकल्पिक प्लान बनाने के निर्देश दिए गए हैं। दुर्गम क्षेत्रों में पहले चुनाव सामग्री भेज दी गई है। गृह जिलों में तैनात अधिकारी अपने ही क्षेत्र में चुनाव ड्यूटी नहीं देंगे। प्रदेश में आधार से करीब 60 फीसदी फोटो युक्त मतदाता पहचानपत्र जोड़े जा चुके हैं। 


प्रेस सम्मेलन में में मनीष गर्ग ने कहा आचार संहिता लागू हो गई है। प्रदेश भर में 24 घंटे के भीतर सरकारी और 48 घंटे में सार्वजनिक संपत्ति से होर्डिंग हटा दिए जाएंगे। सरकार और राजनीतिक  दलों को निजी संपत्ति से 72 घंटे में प्रचार सामग्री हटानी होगी। चुनाव विभाग 2022 के विधानसभा चुनाव में 75.76 करोड़ खर्च करेगा। साल 2017 में 46.46 करोड़ खर्च हुए थे। मतदाता के पास फोटो पहचान पत्र नहीं होने पर 12 दस्तावेज दिखाने होंगे। इनमें ड्राइविंग लाइसेंस, बैंक पासबुक, पैन कार्ड, पासपोर्ट, पेंशन दस्तावेज और कार्यालय का पहचान पत्र शामिल हैं। कहा कि प्रदेश में 85,572 हथियार जमा किए हैं। 2,232 की गिरफ्तारी हुई है और 734 आबकारी केस दर्ज हुए हैं। 

महिला कर्मचारी संभालेंगी 143 मतदान केंद्र-

प्रदेश में 143 मतदान केंद्रों में महिला कर्मचारी ही ड्यूटी देंगी। हर विधानसभा क्षेत्र में 136 आदर्श मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। मतदाताओं के लिए पानी और बैठने जैसी सुविधाएं मुहैया करवाई जाएंगी। कुल 1,86,681 मतदाता पहली बार वोट देंगे। इनमें 1,01,212 पुरुष और 85,463 महिला और 6 थर्ड जेंडर शामिल हैं। पहली बार ईवीएम में प्रत्याशी का नाम और चुनाव चिह्न फीड करते समय वीडियो में देखा जा सकेगा।