Himachal News: कांग्रेस ने खोल रखा है नफरत का मेगा शापिंग माॅल- नड्डा ddnewsportal.com

Himachal News: कांग्रेस ने खोल रखा है नफरत का मेगा शापिंग माॅल- नड्डा ddnewsportal.com

Himachal News: कांग्रेस ने खोल रखा है नफरत का मेगा शापिंग माॅल 

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राहुल गांधी पर बोला तीखा हमला, देश को बदनाम करने के लिए कांग्रेस के युवराज को जनता से मांगनी चाहिए माफी 

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा सोमवार को हिमाचल प्रदेश में तीखे तेवर में नजर आए। उन्होंने जहां कांग्रेस पार्टी पर जुबानी वार किया वहीं राहुल गांधी पर भी तीखा हमला बोला। नड्डा सोमवार को कांगड़ा जिला के जसूर (नूरपुर) में भाजपा के संगठनात्मक जिला कार्यालय के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण करने के उपरांत जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
नड्डा ने तंज कसते हुए कहा कि देश को जोड़ने की बातें करने वालों ने आज दिन तक देश को तोड़ने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। कांग्रेस ने नफरत का मेगा शापिंग मॉल खोल रहा है।
उन्होंने कहा कि विदेशी धरती पर देश को बदनाम करने वाले अपने बयानों के लिए कांग्रेस के युवराज को जनता से माफी मांगनी चाहिए। अधिकतर राज्यों में राजनीतिक दल परिवारों की पार्टियां बन गए हैं। कांग्रेस तो मां, बेटा और बेटी की पार्टी बन गई है। कांग्रेस सरकार के समय जमकर भ्रष्टाचार हुआ। हम स्कैम से निकलकर स्कीम में आए। उन्होंने कहा कि आज जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में विश्वभर में भारत के नाम का डंका बज रहा है, वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी विदेशी धरती पर जाकर देश का प्रजातंत्र खतरे में होने की दुहाई देकर देश का अपमान कर रहे हैं। 


नड्डा ने कहा कि आज भाजपा को अगर विश्व के सबसे बड़े राजनीतिक दल होने का गौरव हासिल हुआ है तो इसके पीछे की वजह वैचारिक निष्ठा भी है। चाहे अनुच्छेद 370 की बात हो या राम मंदिर के निर्माण या फिर भारत को परमाणु शक्ति बनाने का मुद्दा रहा हो, पार्टी का हमेशा से ही अपने एजेंडे पर स्टैंड रहा है। जबकि आज के दौर में अन्य दलों में परिवारवाद हावी होने के साथ-साथ वैचारिक शून्यता आ गई है। नड्डा ने कहा कि मोदी सरकार में 9 वर्ष का कार्यकाल सेवा, सुशासन व गरीब कल्याण के लिए समर्पित रहा है।
इससे पहले नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल, कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र से सांसद किशन कपूर ने भी जनसभा को संबोधित किया। सभी ने लोकसभा चुनाव 2024 में तीसरी बार नरेंद्र मोदी को देश का प्रधानमंत्री बनाने के लिए अभी से कमर कसने का आह्वान किया।
इस मौके पर भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, प्रदेश भाजपा प्रभारी अविनाश राय खन्ना, सह प्रभारी संजय टंडन, भाजपा अध्यक्ष डाॅ राजीव बिंदल, पूर्व सीएम जयराम ठाकुर, सांसद अनुराग ठाकुर, सांसद किशन कपूर, प्रदेश संगठन मंत्री सिद्धार्थन, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं रैली के प्रभारी विपिन परमार, प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर, पूर्व मंत्री राकेश पठानिया, सरवीण चौधरी, विधायक रणवीर सिंह निक्का, पवन काजल, डीएस ठाकुर, हंसराज, पूर्व विधायक विक्रम जरियाल, पवन नैयर, रीता धीमान, अर्जुन ठाकुर, अरुणकूका, रविंद्र धीमान, विशाल नैहरिया, मुलखराज प्रेमी, जिला अध्यक्ष रमेश राणा सहित पार्टी पदाधिकारी व वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।