Himachal: मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर लगाये जा रहे कयास ddnewsportal.com

Himachal: मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर लगाये जा रहे कयास  ddnewsportal.com
फाइल फोटो: सुखविंदर सिंह सुक्खू, मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश।

Himachal News: बजट सत्र के बीच सीएम का दूसरा दिल्ली दौरा चर्चा में

मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर लगाये जा रहे कयास, इन नेताओं से मुलाकात...

हिमाचल प्रदेश में सरकार बने तीन माह से अधिक का समय हो चुका है लेकिन मंत्रिमंडल के तीन पदो सहित बोर्ड और निगम के कई पद रिक्त पड़े हुए है। इन पदों पर नियुक्तियों को लेकर कशमकश जारी है। कांगड़ा सहित बिलासपुर और हमीरपुर से मंत्री बनाये जाने की मांग भी जोर पकड़ रही है। इसके साथ ही बोर्ड और निगम के पदों के लिए नेता गोटियां फिट करने में लगे हुए है। 

इस बीच हिमाचल प्रदेश विधानसभा बजट सत्र के बीच मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह दूसरी बार दिल्ली रवाना हुए हैं, जो चर्चा का विषय बन गया है। सीएम रविवार को अचानक ही दिल्ली रवाना हुए। उनका यह दिल्ली दौरा काफी अहम माना जा रहा है। सूत्रों की मानें तो प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार सहित निगमों व बोर्डों में की जाने वाली नियुक्तियों को लेकर वह हाईकमान से चर्चा कर सकते हैं। 

इस संबंध में वह पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल, प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला के साथ मुलाकात करने का कार्यक्रम रहा। मुख्यमंत्री सोमवार को दोपहर बाद वापस लौट सकते हैं तथा बजट सत्र में भाग लेंगे। मंत्रिमंडल में अभी खाली चल रहे 3 पद 
मुख्यमंत्री के दिल्ली रवाना होने के बाद यहां मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर कयास लगाए जाने लगे हैं। सुखविंदर मंत्रिमंडल में अभी 3 पद खाली हैं। इसके अलावा विधानसभा उपाध्यक्ष की भी तैनाती होनी है। बोर्डों व निगमों में कई नियुक्तियां अभी सरकार ने करनी हैं। राज्य में मंत्री पद के लिए विधायक राजेश धर्माणी, राजेंद्र राणा, सुधीर शर्मा, यादविंद्र गोमा सहित संजय रतन व रवि ठाकुर का नाम प्रमुख रूप से लिया जा रहा है। इसी तरह जिला मंडी से कांग्रेस के एक मात्र विधायक चंद्रशेखर को विधानसभा उपाध्यक्ष बनाया जा सकता है, साथ ही पार्टी के पदाधिकारी भी अभी ताजपोशी का इंतजार कर रहे हैं। ऐसे में निगमों व बोर्डों में उनकी ताजपोशी हो सकती है।