Paonta Sahib: कोटड़ी व्यास के खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय रग्बी प्रतियोगिता में लहराया परचम ddnewsportal.com
Paonta Sahib: कोटड़ी व्यास के खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय रग्बी प्रतियोगिता में लहराया परचम
राजकीय तकनीकी महाविद्यालय, सुंदरनगर में पहली बार अंडर-12 बालक एवं बालिका वर्ग की राज्य स्तरीय रग्बी प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में शिमला, कुल्लू, बिलासपुर, सोलन, मंडी एवं सिरमौर जिलों से कुल 104 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनमें लगभग 45 बालिकाएं शामिल रहीं।

इस प्रतियोगिता में कोटड़ी व्यास सिरमौर टीम के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता बनकर क्षेत्र व पंचयात का नाम गौरवान्वित किया। समापन समारोह में मत्स्य विभाग के निदेशक विवेक चंदेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल बच्चों में अनुशासन, टीम भावना एवं आत्मविश्वास विकसित करने का सशक्त माध्यम है।

रग्बी एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश के अध्यक्ष डॉ. विकास सूद ने बताया कि प्रदेश में रग्बी खेल को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अंडर-12 स्तर पर प्रतियोगिताओं का आयोजन भविष्य के खिलाड़ियों को तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। साथ ही उन्होंने बताया कि एसोसिएशन का उद्देश्य रग्बी को दूरदराज के स्कूलों एवं ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाना है, ताकि बच्चों को प्रारंभिक स्तर से ही खेलों में भाग लेने का अवसर मिल सके।
इस उपलब्धि पर कोटडी व्यास के पूर्व प्रधान सुरेश कुमार, स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान मानसिंह, मुल्क राज, राजकुमार एवं पवन कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने सभी खिलाड़ियों को बधाई एवं आशीर्वाद प्रदान किया। यह प्रतियोगिता हिमाचल प्रदेश में रग्बी के बढ़ते प्रभाव एवं बच्चों की खेलों के प्रति बढ़ती रुचि को दर्शाती है।