LS Election HP News: बाॅलीवुड अभिनेत्री कंगना रणौत मंडी से तो राजीव भारद्वाज कांगड़ा से भाजपा उम्मीदवार ddnewsportal.com

LS Election HP News: बाॅलीवुड अभिनेत्री कंगना रणौत मंडी से तो राजीव भारद्वाज कांगड़ा से भाजपा उम्मीदवार  ddnewsportal.com

LS Election HP News: बाॅलीवुड अभिनेत्री कंगना रणौत मंडी से तो राजीव भारद्वाज कांगड़ा से भाजपा उम्मीदवार, भाजपा के चारों और कांग्रेस एक प्रत्याशी भी नही कर पाई घोषित 

लोकसभा चुनाव में भाजपा हर मायने में फिवहाल कांग्रेस से आगे चल रही है। भाजपा ने प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिये हैं। इनमे से हमीरपुर और शिमला संसदीय क्षेत्र के प्रत्याशी तो चुनाव प्रचार भी आरंभ कर चुके हैथ, जबकि कांग्रेस पार्टी एक भी उम्मीदवार का चयन नही कर पाई है।

आज भाजपा ने लोकसभा चुनाव के लिए हिमाचल प्रदेश की कांगड़ा और मंडी सीट पर भी अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। रविवार को जारी सूची के मुताबिक कांगड़ा से डॉ. राजीव भारद्वाज को प्रत्याशी बनाया गया है। वहीं मंडी सीट से बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रणौत को टिकट दिया गया है। इसी के साथ भाजपा ने प्रदेश की सभी चारों संसदीय सीटों पर अपने प्रत्याशी उतार दिए हैं। इससे पहले हमीरपुर से केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और शिमला से सुरेश कश्यप को टिकट दिया जा चुका है। उधर कांग्रेस अभी एक भी सीट पर अपना प्रत्याशी घोषित नहीं कर पाई है।

ये है प्रोफाइल-

डॉक्टर राजीव भारद्वाज की बात करें तो वह भाजपा के वर्तमान प्रदेश उपाध्यक्ष है और लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी के साथ जुड़े हैं। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी में विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया है। राजीव भारद्वाज पूर्व सरकार में कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उनका जन्म 9 फरवरी 1963 को हुआ था। वह मूलतः कांगड़ा के रहने वाले हैं। राजीव भारद्वाज निजी चिकित्सक के रूप में कार्य करते हैं।


वहीं, रणौत का जन्म 23 मार्च, 1987 हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सरकाघाट के भांबला में एक राजपूत परिवार में हुआ था। कंगना सोलह साल की उम्र में दिल्ली आ गई थीं। सोलह साल की उम्र में थिएटर निर्देशक अरविंद गौड़ से प्रशिक्षित होने से पहले रणौत ने कुछ समय के लिए मॉडलिंग शुरू की।


उन्होंने 2006 की थ्रिलर गैंगस्टर से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की , जिसके लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ महिला पदार्पण के लिए फिल्मफेयर पुरस्कार से सम्मानित किया गया। 


कंगना हिंदी फिल्मों की एक प्रसिद्ध अभिनेत्री हैं। कंगना ने कुछ समय पहले ही बिलासपुर के सोशल संवाद कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में भाग लिया था और अपना संबोधन हिमाचल प्रदेश की जनता के समक्ष रखा था। वह चार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और पांच फिल्मफेयर पुरस्कार सहित कई पुरस्कारों की प्राप्तकर्ता हैं और फोर्ब्स इंडिया की सेलिब्रिटी 100 सूची में छह बार शामिल हुई हैं। 2020 में, भारत सरकार ने उन्हें देश के चौथे सबसे बड़े नागरिक पुरस्कार पद्म श्री से सम्मानित किया।