गणतंत्र दिवस स्पेशल....... शिमला रिज पर गवर्नर और सीएम ddnewsportal.com

गणतंत्र दिवस स्पेशल.......  शिमला रिज पर गवर्नर और सीएम  ddnewsportal.com

गणतंत्र दिवस स्पेशल.......

शिमला रिज पर गवर्नर और सीएम
ऊना में डिप्टी सीएम ने किया ध्वजारोहण
हर्षवर्धन चौहान ने नाहन में कहा ये
राजभवन में ‘एट होम’ आयोजन
पूर्व मंत्री से मिलने पंहुचे सीएम

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग हिमाचल प्रदेश बुलेटिन 26 जनवरी 2023

(हिमाचल)

1- राज्यपाल ने रिज पर फहराया राष्ट्रीय ध्वज, सीएम भी रहे मौजूद।

74वां गणतंत्र दिवस आज पूरे प्रदेश में हर्षोल्लास व उत्साह के साथ मनाया गया। राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर ने शिमला के ऐतिहासिक रिज पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में तिरंगा फहराया और मार्च पास्ट की सलामी ली। परेड का नेतृत्व 22-जम्मू और कश्मीर राइफल्स के परेड कमांडर लेफ्टिनेंट करण गोगना ने किया। समारोह में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू भी विशेष रूप से उपस्थित थे।

मार्च पास्ट में सेना, भारत तिब्बत सीमा पुलिस, हिमाचल प्रदेश सशस्त्र पुलिस, उत्तराखंड पुलिस, गृह रक्षक, अग्निशमन सेवाएं और हिमाचल प्रदेश डाक सेवाएं, आपदा प्रबन्धन, पूर्व सैनिक, एन.सी.सी. व एन.एस.एस. और भारत स्काउट एवं गाईड की टुकड़ियों ने हिस्सा लिया। गणतंत्र दिवस समारोह में प्रदेश सरकार की विकासात्मक योजनाओं और कार्यक्रमों को दर्शाती आकर्षक झांकियां भी प्रस्तुत की गईं। इस अवसर पर सूचना एवं जन संपर्क द्वारा लोक कल्याण एवं समाज के कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए वर्तमान राज्य सरकार के निर्णयों और महत्वाकांक्षी पहल पर आधारित नाटिका प्रस्तुत की गई। इस अवसर पर चंबा, हमीरपुर, उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र जम्मू-कश्मीर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय आनी, जिला कुल्लू, उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र उत्तराखंड तथा जिला किन्नौर के सांस्कृतिक दलों ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में पुलिस बैंड की मनमोहक प्रस्तुति भी

आकर्षण का केन्द्र रहीं। पर्यटन विभाग की झांकी को प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल तथा मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का संदेश देते हुए सुख-आश्रय कोष में अधिक से अधिक अंशदान करने की अपील की। मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, मुख्य संसदीय सचिव मोहन लाल ब्राक्टा, विधायक हरीश जनारथा, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू, वरिष्ठ नागरिक, पुलिस और सैन्य अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति और भारी संख्या में लोग इस अवसर पर मौजूद रहे।

2- ऊना: उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने किया ध्वजारोहण।

जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ऊना में हर्षोल्लास से मनाया गया। इस अवसर पर उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने तिरंगा फहराया और भव्य मार्च पास्ट की सलामी ली। उप-मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई देते हुए कहा कि यह दिन सम्पूर्ण राष्ट्र के लिए गौरव का प्रतीक है। 26 जनवरी, 1950 को हमारे देश ने संविधान को अपनाया और भारत सही अर्थों में गणतंत्र बना। लोकतंत्र की शक्ति संविधान मंे ही निहित है। उन्होंने कहा कि इस दिन सम्पूर्ण राष्ट्र उन वीर जवानों को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हैं, जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर किए हैं। हिमाचल प्रदेश देवभूमि के साथ-साथ वीरभूमि भी है। परमवीर चक्र हासिल करने में भी राज्य किसी से पीछे नहीं हैं। प्रदेश के युवा, सैन्य बलों में सेवा को अपनी शान मानते हैं। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने राज्य की जनता से किए गए वायदों के अनुरूप दृढ़ता से प्रयास शुरू कर दिए हैं। प्रदेश सरकार ने भ्रष्टाचार पर जीरो टोलरेंस नीति की नीति अपनाई है। जनता को दी गई 10 गारन्टियों को चरणबद्ध तरीके से पूर्ण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने कर्मचारियों से किए गए सबसे बड़े ओपीएस वायदे को पूरा कर दिया है। उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने 101 करोड़ रूपये का मुख्यमंत्री सुख-आश्रय कोष स्थापित कर एक नई पहल की है। उन्होंने कहा कि किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए भी सरकार वचनबद्ध है और इस दिशा में सकारात्मक प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पौंग डैम, भभौर साहिब या कुटलैहड़ क्षेत्र के तहत पानी के संसाधनों से जिले में सिंचाई सुविधा प्रदान करने की योजना तैयार की जा रही है। उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि बीत क्षेत्र सिंचाई योजना-2 के तहत 75 करोड़ की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कर ली गई है। उन्होंने कहा कि ऊना में लगभग 75 करोड़ रूपये की लागत से पार्किंग एवं मॉल स्थापित करने की योजना संबंधी प्रक्रिया को पूर्ण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में आगे बढ़ते हुए 150 इलैक्ट्रिकल बसों को शीघ्र ही हिमाचल पथ परिवहन निगम के बेड़े में शामिल किया जाएगा। युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने के नई परमिट प्रणाली बनाई जाएगी जिसके तहत युवाओं को निजी बसों के परिचालन का अवसर मिलेगा। ऊना के रामपुर में एचआरटीसी वर्कशॉप, टायर रिटेªडिंग, चालक प्रशिक्षण केंद्र एवं इलैक्ट्रिक

वाहन चार्जिंग स्टेंशन बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मंदिरों के विकास के लिए रूपरेखा तैयार की जाएगी। ऊना जिला के प्रमुख धार्मिक स्थल माता श्री चिंतपूर्णी जी के मंदिर परिसर को भव्यता प्रदान कर नए मास्टर प्लान के तहत कार्य किया जाएगा। 
समारोह में विभिन्न सांस्कृतिक दलों द्वारा देश-भक्ति, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ सहित अन्य मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। स्वास्थ्य, डीआरडीए, कृषि, बागवानी, महिला एवं बाल विकास तथा भाषा एवं संस्कृति विभाग द्वारा प्रदेश सरकार की योजनाओं और कार्यक्रमों पर आधारित झांकियां भी निकाली गईं। इससे पहले, उप-मुख्यमंत्री ने नगर परिषद पार्क स्थित शहीद स्मारक में शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर विधायक सतपाल सिंह सत्ती, चैतन्य शर्मा, सुदर्शन बबलू, देवेंद्र भुट्टो, पूर्व विधायक सतपाल रायजादा, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रणजीत सिंह राणा, उपायुक्त राघव शर्मा, पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ठाकुर, वरिष्ठ अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति और भारी संख्या में लोग मौजूद रहे। 

3- नाहन: ग्रामीण व दूरवर्ती क्षेत्रों में भरेंगे शिक्षकों के खाली पद-हर्षवर्धन चौहान

74वें गणतंत्र दिवस का जिला स्तरीय समारोह नाहन चौगान में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। उद्योग, संसदीय मामले एवं आयुष मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने इस अवसर पर तिरंगा फहराया तथा पुलिस, होम गार्ड, एनसीसी, पूर्व सैनिक व स्काउट एवं गाईड के कंटींजेंट द्वारा प्रस्तुत मार्च पास्ट की सलामी ली। इससे पूर्व, उद्योग मंत्री ने डॉ. वाई.एस. परमार की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किये और इस उपरांत शहीद स्मारक पर वीर शहीदों को श्रद्धाजंलि अर्पित की। उपस्थित जनसमूह को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि प्रदेश के दूरवर्ती व ग्रामीण क्षेत्रों में विशेषकर शिक्षकों के रिक्त व जरूरी पदों को प्राथमिकता के आधार पर भरेंगे। उन्होंने कहा कि पांच सालों में हिमाचल को देश में तथा सिरमौर को प्रदेश में विकास का मॉडल बनाएंगे। इसके लिये कार्य योजना अभी से तैयार करनी शुरू कर दी है। उन्होंने सिरमौर जिला के औद्योगिक क्षेत्रों को विकसित करके तथा नये औद्योगिक क्षेत्रों को चिन्हित करके स्थानीय युवाओं को रोजगार प्रदान करेंगे। उद्योग मंत्री ने कहा कि संविधान सभी देशवासियों को बिना किसी भेदभाव के विकास एवं उत्थान के समान अवसर प्रदान करता है। यह पावन अवसर हमें आत्म-विश्लेषण का अवसर भी प्रदान करता है। एक गणराज्य के रूप में हमारी विकास यात्रा, इस अवधि में हासिल लक्ष्य और भविष्य में किए जाने वाले कार्य पर विचार करना महत्वपूर्ण है। गणतंत्र दिवस के इस शुभ अवसर पर देश की एकता एवं अखण्डता को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए कुर्बानियां देने वाले महान व्यक्तियों को स्मरण करना आवश्यक है।

हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सैनिकों तथा भूतपूर्व सैनिकों के परिवारों को अनेक सुविधाएं प्रदान की है। प्रदेश सरकार द्वारा परमवीर चक्र व अशोक चक्र विजेताओं को वार्षिकी के तौर पर तीन लाख रुपये, महावीर चक्र व कीर्ति चक्र विजेताओं को वार्षिकी के तौर पर दो लाख रुपये, वीर चक्र व शौर्य चक्र विजेताओं को वार्षिकी के तौर पर एक लाख रुपये दिए जा रहे है। युद्ध में शहीद हुए सैनिकों की विधवाओं की बेटियों को शादी के लिए 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि दी जा रही है। प्रदेश सरकार द्वारा युद्ध अथवा अन्य सैन्य आपरेशन में शहीद सैनिकों के आश्रितों को 20 लाख रुपये तथा अपंग हुए सैनिकों को पांच लाख रुपये तक की सहायता प्रदान की जा रही है। हर्षवर्धन चौहान ने हिमाचल को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने और विकास पथ पर आगे ले जाने के लिए हिमाचल निर्माता एवं प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री स्वर्गीय डॉ. यशवंत सिंह परमार के योगदान को भी याद किया। उन्होंने कहा हमारी सरकार ने 11 दिसंबर 2022 को जनता की सेवा करने का दायित्व सम्भाला और उसके बाद व्यवस्था परिवर्तन के लिए काम करना शुरू किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश आर्थिक बदहाली के दौर से गुजर रहा है। पिछली भाजपा सरकार से वर्तमान सरकार को 75 हजार करोड़ रुपए का कर्ज विरासत में मिला, जबकि कर्मचारियों को एरियर के रूप में 4 हजार 430 करोड़ रुपए, पेंशनरों की देनदारी 5 हजार 226 करोड़ रुपए, कर्मचारियों और पेंशनरों का डीए एक हजार करोड़ रुपये बकाया है। इसके अलावा पिछली सरकार ने अंतिम 9 महीनों में बिना बजट का प्रावधान किए 900 संस्थान खोले व अपग्रेड किए, जिससे प्रदेश पर 5 हजार रुपए करोड़ रुपए का आर्थिक बोझ पड़ा। मंत्री ने कहा कि एनपीएस के लगभग 8 हजार करोड़ रुपए केंद्र सरकार के पास फंसे है, इसके बावजूद प्रदेश सरकार ने पुरानी पेंशन देने का वादा पूरा किया है। इस निर्णय से राज्य के लगभग एक लाख 36 हजार एनपीएस कर्मचारियों को लाभ मिलेगा। पुरानी पेंशन देने का प्रदेश सरकार का यह कोई राजनीतिक फैसला नहीं है। उन्होंने कहा कि हम कर्मचारियों को डीए और पेंशनभोगियों को उनके लाभ प्रदान करने के लिए वचनबद्ध हैं। उन्होंने सभी सरकारी कर्मचारियों से अपील की कि अंतिम पंक्ति में खड़े प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचें, जिन्हें अभी तक सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिला है। उन्होंने कहा हमारी सरकार आम आदमी की समस्याओं से भली-भांति परिचित है। उनकी समस्याओं को सुलझाने के लिए सरकार धरातल पर काम करेगी। उद्योग मंत्री ने कहा कि कर्ज के भारी बोझ के बावजूद प्रदेश सरकार अपने सभी वादों को पूरा करने के लिए दृढ़ता के साथ काम कर रही है। इसके लिए कुछ कड़े फैसले लेने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा हम सत्ता में सुख के लिए नहीं, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन के लिए आए हैं। भ्रष्टाचार के प्रति वर्तमान सरकार की जीरो टॉलरेंस की नीति है। सत्ता संभालते ही हमने भ्रष्टाचार के खात्मे के लिए कदम उठाने आरंभ कर दिए हैं। अधिकारियों की जिम्मेवारी फिक्स की जाएगी। उद्योग मंत्री ने कहा कि परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर का कामकाज निलंबित किया जा चुका है और अब योग्यता के आधार पर ही निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से चयन किया जाएगा। वर्तमान सरकार के गठन को अभी 45 दिन का समय ही हुआ है। हमने अपनी प्रतिबद्धता के अनुरूप कार्य करने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि हमने जरूरतमंदों के लिए 101 करोड़ रुपये का मुख्यमंत्री सुख-आश्रय सहायता कोष स्थापित किया है। सरकार ने यह कदम करुणा के लिए नहीं, बल्कि उनका अधिकार प्रदान करने के लिए उठाया है। कांग्रेस के सभी विधायकों ने एक-एक लाख रुपए इस कोष में अंशदान दिया है। उद्योग मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार वृद्धाश्रम, आश्रय गृह में रहने वाले बच्चों के लिए माता और पिता की भूमिका निभाएगी। सरकार, एकल महिलाओं एवं विशेष बच्चों को 10 हजार रुपये प्रति व्यक्ति प्रति वर्ष वस्त्र अनुदान प्रदान करेगी। बाल संरक्षण संस्थानों, वृद्ध आश्रमों, नारी सेवा सदन, शक्ति सदन और विशेष गृहों में रहने वालों को लोहड़ी, मकर सक्रांति, होली और अन्य त्यौहार मनाने के लिए प्रति व्यक्ति 500 रुपये का उत्सव भत्ता भी प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के छोटे से कार्यकाल में हमने व्यवस्था परिवर्तन की ओर अनेकों कदम उठाए हैं। सरकारी टेंडर अवार्ड करने की समयसीमा को 60 दिन से कम करके 20 दिन कर दिया है। इससे विकास कार्यों में तेजी आएगी और भ्रष्टाचार खत्म करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा नीति में भी वर्तमान सरकार बड़े बदलाव और व्यवस्था परिवर्तन का प्रयास कर रही है, जिससे गरीब बच्चों को पढ़ने और बढ़ने के समान अवसर मिल सकें। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी मॉडल डे-बोर्डिंग स्कूल चरणबद्ध तरीके से खोले जाएंगे। सरकार नई रोजगार नीति भी लाने जा रही है। उन्होंने कहा कि  पर्यटन हमारी आर्थिकी का मुख्य जरिया है। प्राकृतिक, ग्रामीण, बागवानी, साहसिक तथा धार्मिक पर्यटन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए पर्यटन परियोजनाओं को स्टार्ट-अप योजना से जोड़ा जाएगा।

हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि निजी क्षेत्र में भी हिमाचल प्रदेश के युवाओं को रोजगार मिले, इसके लिए वर्तमान सरकार निवेश को बढ़ावा देने का प्रयास कर रही है। सरकार नई निवेश नीति लाएगी, जिसमें निवेशकों की सुविधा के लिए सरकारी बंधनों को कम किया जाएगा। किसानों, पशुपालकों व बागवानों की आय में बढ़ोतरी करने की दिशा में भी सरकार प्रयास कर रही है। इसके लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने प्रदेश के वातावरण को संरक्षित रखने के लिए जल विद्युत, हाईड्रोजन और सौर ऊर्जा का दोहन करने तथा हिमाचल प्रदेश को वर्ष 2025 तक देश का पहला हरित ऊर्जा राज्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। प्रदेश में हरित उत्पादों को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे निर्यात में बढ़ौतरी होगी। सरकार आगामी वित्तीय वर्ष में पांच सौ मैगावाट तक की सौर परियोजनाएं स्थापित करेगी। प्रदेश सरकार ने राज्य में हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने का निर्णय भी लिया है। इसके लिए इलेक्ट्रिक वाहनों को प्रोत्साहन दिया जाएगा। प्रदेश सरकार ने इलेक्ट्रिक वाहन को चरणबद्ध तरीके से बढ़ावा देने का निर्णय लिया है। हर्षवर्धन चौहान ने इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित भी किया। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रमों व मार्च पास्ट के प्रतिभागियों को भी प्रमाण पत्र प्रदान किये। उन्होंने विभागां द्वारा स्थापित प्रदर्शनियों का अवलोकन भी किया। नाहन के सरकारी व निजी स्कूलां के छात्र-छात्राओं ने इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी।
74वें गणतंत्र दिवस के समारोह जिला के समस्त उप मण्डल मुख्यालयों में भी आयोजित किये गए जहां संबंधित एसडीएम ने तिरंगा फहराया।

4- राजभवन में ‘एट होम’ का आयोजन।

राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर आज राजभवन में ‘एट होम’ का आयोजन किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू भी उपस्थित थे। एट होम में शहर के विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों ने भी हिस्सा लिया। 

हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति वीरेंद्र सिंह, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह, जीओसी-इन-सी आरट्रैक लेफ्टिनेंट जनरल एस.एस. महल, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, मुख्य संसदीय सचिव मोहन लाल ब्राक्टा, मानवाधिकार आयोग के अध्यक्ष पी.एस. राणा,  विधायकगण, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू, विभिन्न बोर्डों और निगमों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, कुलपति, स्वतंत्रता सेनानी, शहर के प्रमुख व्यक्ति, वरिष्ठ नागरिक, पुलिस और सैन्य अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। 

5-  सुरेश भारद्वाज का कुशलक्षेम जानने आईजीएमसी पहुंचे मुख्यमंत्री।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज इंदिरा गांधी चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (आईजीएमसी), शिमला जाकर पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज का

कुशलक्षेम जाना। गत दिनों सुरेश भारद्वाज एक सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे और आईजीएमसी में स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। मुख्यमंत्री के साथ प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, विधायक हरीश जनारथा, पूर्व विधायक हरभजन सिंह भज्जी, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राहुल राव और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग हिमाचल प्रदेश बुलेटिन।