गैस सिलेंडर हुआ सस्ता....... 01 अगस्त 2022- पाँवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com

गैस सिलेंडर हुआ सस्ता.......  01 अगस्त 2022- पाँवटा साहिब से आज का खबरनामा  ddnewsportal.com
फोटो साभार गूगल

गैस सिलेंडर हुआ सस्ता.......

01 अगस्त 2022- पाँवटा साहिब से आज का खबरनामा 

बेरोजगार यात्रा पर सीएम का वार
चम्बा को BDO-उप तहसील की सौगात
ST क्षेत्रों मे अभूतपूर्व विकास: सीएम
आयुर्विज्ञान महाविद्यालय का कार्य जांचा
10 हजार स्कूलों मे भारत माता की तस्वीर
मॉनसून सत्र: सरकार को घेरने की तैयारी
होला मोहल्ला के साथ सौतेला व्यवहार: नाॅटी
सिरमौर में अमृत महोत्सव की धूम
झील में डूबने से सात की मौत
105 पर्यटक किये रेस्क्यू 

सिरमौर जिला में आज 52 मामले और....... कोविड/सूचना एवं जनसंपर्क विभाग बुलेटिन।


(आज की तस्वीर)

स्थानीय (सिरमौर)

1- दुखद- नही रहे मुख्तयार सिंह, सिविल अस्पताल पांवटा साहिब में ली अंतिम सांस।

सहायता संकल्प सोसायटी द्वारा पाँवटा साहिब के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाये गये बेसहारा मुख्तयार सिंह ने यह दुनिया छोड़ दी है। आज सुबह उन्होंने अस्पताल में ही अंतिम सांस ली। यह जानकारी उनका उपचार करवा रहे सहायता संकल्प सोसाइटी के संचालक पवन बोहरा ने दी। उन्होंने कहा कि जीते जी तो उनका बेटा उन्हे लेने नही आया लेकिन उन्हे मुख्तयार सिंह के निधन की खबर दे दी गई है। उम्मीद है कि मरने के बाद तो परिजन उनके अंतिम दर्शन को आ जायेंगे। गोर हो कि सहायता संकल्प सोसाइटी सिरमौर ने सड़क पर बेसहारा घूम रहे मुख्तयार सिंह नामक बुजुर्ग को गवर्नमेंट हॉस्पिटल पाँवटा साहिब में 27 जुलाई को एडमिट कराया था। फेसबुक के माध्यम से इनके बेटे का पता भी लग गया था, जो वार्ड नंबर- 8, गांव बंबन माजरा

तहसील नारायणगढ़ जिला अंबाला हरियाणा का रहने वाला है। संस्था के संचालक पवन बोहरा द्वारा और पाँवटा साहिब पुलिस द्वारा इनके बेटे को फोन किया गया लेकिन उन्होंने आने को मना कर दिया और कहा कि उनके पास टाइम नहीं है। आपने जो मर्जी करना हो कर लो। मुख्त्यार सिंह की हालत काफी खराब थी। फिर भी पांवटा साहिब के डॉक्टर्स ने इन्हे बचाने की बहुत कोशिश की। लेकिन आज सुबह मुख्तयार सिंह ने दम तौड़ दिया है। पवन बोहरा ने बताया कि इस बुजुर्ग की सूचना एडवोकेट मीनू द्वारा संस्था को दी गई थी। संस्था द्वारा कहने पर एडवोकेट मीनू ने इन्हें ई-रिक्शा में बिठाकर गोयल धर्मशाला पावटा में रखवाया था। अगले दिन इन्हें जिला अस्पताल 108 एंबुलेंस द्वारा एडमिट किया गया।

2- 356 साल पुराने होले मोहल्ले को लेकर सरकार का सौतेला व्यवहार क्यों: नाॅटी

356 साल पुराने होले मोहल्ले को लेकर प्रदेश सरकार सौतेला व्यवहार कर ही है। ये आरोप व्यापार मंडल अध्यक्ष पांवटा साहिब अनिन्द्र सिंह नाॅटी ने सरकार पर लगाये है। पांवटा साहिब में जारी प्रेस बयान में नाॅटी ने कहा कि पिछले कल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर द्वारा चंबा की मिंजर मेले को भी अंतरराष्ट्रीय मेले का दर्जा दे दिया गया जबकि 356 साल पुराने होले मोहल्ले को अभी तक जिला स्तरीय भी घोषित नहीं किया गया है। टीम श्री पोंटा साहब के संस्थापक अनेंदर सिंह नॉटी ने बताया की पांवटा साहिब क्षेत्र की जनता और संगत एक लंबे समय से पोंटा साहब के होली मेले यानी होले महल्ले को अंतरराष्ट्रीय दर्जा देने की मांग करती रही है और पिछली सभी सरकारें इसमें भाषा और संस्कृति विभाग की जिम्मेदारी बता कर पल्ला झाड़ती रही है। जब पांवटा साहिब के यमुना शरद महोत्सव को सीधे राज्यस्तरीय और अब चंबा के मिंजर मेले को अंतरराष्ट्रीय मेले का दर्जा मंच से घोषित किया जा सकता है तो पावटा साहिब के साथ यह नाइंसाफी क्यों की जा रही है? गौरतलब है इस बारे में श्री नॉटी ने पूरे दस्तावेजों की कड़ी जुटाकर वर्ष 2021 में तत्कालीन एसडीएम लायक राम

वर्मा के माध्यम से भाषा एवं संस्कृति विभाग को भिजवा दी थी और यह मेला अंतर्राष्ट्रीय मेला घोषित होने के सभी मापदंड पूरे करता है। उन्होंने बताया की एक बार फिर से विभाग ने एक जुलाई को भेजे गए पत्र द्वारा कुछ जानकारी मांगी है जो सिख धर्म के इतिहासकारों जानकारों से लेकर भेजी जाएगी। एक एक कदम करके हम सरकार की हर बहानेबाजी का जवाब देंगे। क्षेत्र के बुद्धिजीवी मानते हैं की पांवटा साहिब का इतिहास ही गुरु गोबिंद सिंह जी के आगमन और इस मेले से जुड़ा हुआ है तब 356 वर्ष बीतने के बाद भी इसका दर्जा ना बढ़ाना कई सवाल पैदा करता है। नाॅटी ने कहा कि ऊर्जा मंत्री चौधरी सुखराम भी कई मर्तबा इस बात का भरोसा दिला चुके हैं लेकिन हुआ कुछ नही।

3- सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी यहां करेंगे पौधारोपण: एसडीएम

पांवटा साहिब के विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी पौधारोपण करेंगे। उपमण्डल अधिकारी विवेक महाजन की अध्यक्षता में उपमंडल अधिकारी कार्यालय पांवटा साहिब में 03 अगस्त को पांवटा साहिब में आयोजित किए जाने वाले पौधा रोपण के सन्दर्भ में विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा कर्मचारियों के साथ बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में उपमण्डल अधिकारी द्वारा पौधा रोपण के सम्बन्ध में सभी विभागों के अधिकारियों तथा कर्मचारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में पौधा रोपण हेतु यमुना तट के साथ लगते यमुना विहार को चिन्हित किया गया है। उन्होंने बताया कि उपमंडल स्तर के सभी विभागों के अधिकारी

एवम् कर्मचारी 03 अगस्त 2022 को प्रातः 11:00 बजे यमुना विहार में उपस्थित होकर पौधा रोपण अभियान में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करेंगे। इसके अतिरिक्त उन्होंने बताया कि विभिन्न समाजसेवी संस्थाएँ, हरि यमुना सहयोग समिति पांवटा साहिब, क्लीन पांवटा ग्रीन पांवटा, आशावर्कर, आँगनवाडी वर्कर, विभिन्न स्वयं सहायता समूह व गुरु गोविन्द सिंह डिग्री कॉलेज, पांवटा साहिब के एन०सी०सी० छात्र भी इस पौधारोपण अभियान में शामिल होंगे। इस दौरान वन मण्डल अधिकारी कुनाल अंग्रिश, तहसीलदार वेद प्रकाश अग्निहोत्री, खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ० के०एल० भगत, बाल विकास परियोजना अधिकारी रुपेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवम् कर्मचारी मौजूद रहे।

4- जिला सिरमौर में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता अमृत महोत्सव।

जिला सिरमौर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कफोटा सहित जिला के सभी विद्यालयों में सोमवार को अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की प्रेरणा से कार्य करने वाले हिमाचल प्रदेश शिक्षक महासंघ के तत्वावधान में शिक्षा विभाग के सहयोग से स्वतंत्रता का अमृत महोत्सव आयोजित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के परिधि क्षेत्र में आने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और वीरगति प्राप्त सैनिकों के परिजनों को विद्यालय में बुलाकर सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य,पंचायती राज संस्थाओं के सदस्य,समाजसेवी संस्थाओं के सदस्यों सहित विद्यार्थियों ने भारत मां के चित्र के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित कर स्वतंत्रता सेनानियों और वीरगति को प्राप्त सैनिकों को श्रद्धांजलि दी गई। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कफोटा में समर यौद्धा स्वर्गीय मोती राम पुंडीर भूतपूर्व सैनिक निवासी ग्राम दुगाना और स्वर्गीय विजय सिंह पुंडीर भूतपूर्व कमांडिंग ऑफिसर एस एस बी के परिजनों को विद्यालय परिवार द्वारा सम्मानित किया गया।स्वर्गीय मोती राम ने 1962 के भारत चीन युद्ध में भाग लिया था जबकि स्वर्गीय विजय सिंह पुंडीर असम में उल्फा आतंकवादियों के हमले में शहीद हुए थे। विद्यालय के वरिष्ठ प्रवक्ता सुरेश कुमार ने दोनों भूतपूर्व समर यौद्धाओं के जीवन पर प्रकाश डाला और विद्यार्थियों तथा समाज के लोगों को उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आग्रह किया।कार्यक्रम के मुख्य वक्ता खंड स्रोत समन्वयक एवं हिमाचल प्रदेश शिक्षक महासंघ जिला सिरमौर के अध्यक्ष विजय कंवर ने संगठन परिचय सहित स्वतंत्रता संग्राम में स्वतंत्रता सेनानियों और अमर वीर सपूतों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए इंडिया से भारत की ओर बढ़ने हेतु आने वाले समय में भारतीय संस्कृति,विज्ञान एवं अध्यात्म के द्वारा भारत को पुन: विश्वगुरु की पदवी पर विराजमान करने हेतु प्रयास करने का आव्हान किया। उन्होंने बताया कि अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ पूरे देश में शिक्षकों और गैर शिक्षकों की मांगों के साथ साथ राष्ट्र हित में शिक्षा, शिक्षा हित में शिक्षक और शिक्षक हित में समाज के ध्येय को लेकर हर वर्ष सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित करता है।समसामयिक

कार्यक्रम भी महासंघ द्वारा पूर्ण सामर्थ्य और समर्पण के साथ साथ सेवा कार्य भी करता रहता है। नव वर्ष शुभेच्छा कार्यक्रम, गुरु वंदन कार्यक्रम, कर्तव्य बोध कार्यक्रम के अतिरिक्त शाश्वत मूल्य कार्यक्रम हर वर्ष आयोजित किए जाते हैं। विद्यालय के कार्यवाहक प्रधानाचार्य प्रधानाचार्य राजेंद्र चमेल, एस एम सी अध्यक्ष धर्म सिंह चौहान और प्रवक्ता अर्थशास्त्र कबूल पुंडीर ने भूतपूर्व सैनिकों के परिजनों हिरदा राम पुंडीर और गुलाब सिंह पुंडीर को माल्यार्पण कर भारत माता का चित्र भेंट करते हुए सम्मानित किया और उनके प्रति कृतज्ञता प्रकट की। सिरमौर जिले के हर विद्यालय और प्रदेश भर के ग्यारह हजार से अधिक राजकीय विद्यालयों और निजी विद्यालयों में  स्वतंत्रता अमृत महोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय की छात्राओं काजल शर्मा, मेविश चौहान और कुमारी काजल ने इस अवसर पर देशभक्ति से ओतप्रोत भाषण देशभक्ति गीत और कविताएं प्रस्तुत की। कार्यक्रम के अंत में कार्यवाहक प्रधानाचार्य राजेंद्र चमेल ने सभी का कार्यक्रम में भाग लेने हेतु आभार प्रकट किया। कार्यक्रम के बाद सभी लोगों ने कफोटा बाजार में राष्ट्रीय ध्वज और भारत माता के चित्रों के साथ जयघोष करते हुए एक रैली निकाली गई।

5- कल इन 04 स्थानों पर बूस्टर डोज लगाया जाएगा।

खण्ड चिकित्सा अधिकारी राजपुरा स्वास्थ्य खण्ड ड़ॉ. के एल भगत ने जानकारी देते हुए बताया कि राजपुरा स्वास्थ्य खण्ड में 18 से अधिक आयु वर्ग को 02 अगस्त 2022 को 04 स्थानों पर इस महामारी से बचाव हेतु बूस्टर डोज लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि 02 अगस्त 2022 को  राजपुरा स्वास्थ्य खण्ड में

सिविल अस्पताल पांवटा साहिब, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सतोन, मोबाइल टीम पांवटा साहिब, मोबाइल टीम पांवटा साहिब 1बी ई ई द्वारा कॉविड -19 से बचाव हेतु बूस्टर डोज लगाई जाएगी। उन्होंने कहा कि बूस्टर डोज लगवाने के लिए लाभार्थियों को कॉविड -19 टीकाकरण की दूसरी डोज के समय उपयोग किए गए मोबाइल नंबर व फोटो युक्त पहचान पत्र  टीकाकरण  स्थल पर लाना अनिवार्य होगा।

(हिमाचल)

1- कांगेस ने तो जैसे कोई बेरोजगार ही नही छोड़ा था: मुख्यमंत्री

हिमाचल प्रदेश के मुख्‍यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस की बेरोजगार यात्रा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बेरोजगार यात्रा तो ऐसे निकाल रही है जैसे उन्होने प्रदेश में कोई बेरोजगार छोड़ा ही नहीं था। मानो सबको रोजगार दे दिया हो। प्रदेश में सबसे ज्यादा समय तक कांग्रेस ने ही राज किया लेकिन बेरोजगारों को वोट बैंक के लिए ही इस्तेमाल किया। आऊटसोर्स

कर्मियों से नारे लगवाए गए। उन्हें कहा गया कि उन्हें नियमित किया जाएगा, स्थिति सबके सामने है। अब बेरोजगार यात्रा निकाल रहे। उन्होंने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार ने अपने 5 साल के कार्यकाल में कोई भी योजना शुरू नहीं की। जब विधानसभा में उनसे किसी योजना का नाम बताने को कहा तो कोई भी जवाब नहीं दे पाये, जबकि भाजपा ने सत्ता में आते ही बुजुर्गों के लिए पैंशन का प्रावधान किया। हिमकेयर समेत कई योजनाएं शुरू कीं। उन्होंने कहा कि अबकी बार सरकार नहीं रिवाज बदलना है और यह बदलाव होकर रहेगा तथा प्रदेश में लंबे समय तक भाजपा की ही सरकार रहेगी।

2- चुराह विधानसभा क्षेत्र के कोटी में BDO कार्यालय खोलने की घोषणा।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज चम्बा जिले के चुराह विधानसभा क्षेत्र के कोटी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए क्षेत्र के लोगों की सुविधा के लिए कोटी में खंड विकास कार्यालय खोलने की घोषणा की। जय राम ठाकुर ने कहा कि

प्रधानमंत्री ने गत दिवस मन की बात कार्यक्रम में चम्बा के मिंजर मेले का विशेष उल्लेख किया जो प्रदेश और प्रदेशवासियों के प्रति उनके स्नेह को दर्शाता है। वहीं दूसरी ओर पंजाब के एक नेता को हिमाचल के बारे में इतना कम ज्ञान है कि हाल ही मेें उन्होंने दावा किया था कि हमीरपुर जिला में मिंजर मेला मनाया जाता है और अब इस पार्टी के यही नेता राज्य के मतदाताओं को लुभाने का प्रयास कर रहे हैं।

3- साहो में उप तहसील खोलने के लिए शीघ्र जारी होगी अधिसूचना: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज चम्बा जिला के चम्बा विधानसभा क्षेत्र के साहो में एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि साहो में उप-तहसील खोलने के संबंध में शीघ्र ही अधिसूचना जारी की जाएगी और लोगों की सुविधा के लिए पार्किंग का निर्माण किया जाएगा। जय राम ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार ने चम्बा जिले को आकांक्षी जिला घोषित किया है ताकि जिले की विकासात्मक आवश्यकताओं के लिए अतिरिक्त धनराशि सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को प्रदेश और प्रदेशवासियों के प्रति विशेष लगाव है और गत साढ़े चार वर्षों के दौरान वह राज्य का सात बार दौरा कर चुके हैं।

उन्होंने कहा कि गत दिवस मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने चम्बा के मिंजर मेले का विशेष उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के लोगों ने कांग्रेस पार्टी को पूर्णता से नकार दिया है। उन्होंने कहा कि हाल ही में चार राज्यों में हुए चुनावों में भाजपा ने चारों राज्यों में जीत हासिल की। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता भी कांग्रेस पार्टी को पूरी तरह से नकार देगी। उन्होंने प्रदेश के आर्थिक संकट के लिए पूर्व की कांग्रेस सरकारों पर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के आर्थिक संकट का मूल कारण पिछली सरकार द्वारा अविवेकपूर्ण किए गए व्यय और अनियोजित विकास है।

4- प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों में अभूतपूर्व विकास सुनिश्चित हुआः जय राम

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज चम्बा के परिधि गृह में भरमौर-पांगी क्षेत्र के एक प्रतिनिधिमंडल को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार जनजातीय और पिछड़े क्षेत्रों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने इन क्षेत्रों के समुचित विकास के लिए बजट आबंटन में पर्याप्त प्रावधान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार के कार्यकाल में प्रदेश

के जनजातीय और दुर्गम क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने पिछली कांग्रेस सरकार पर जनजातीय क्षेत्रों के लोगों को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस के नेताओं ने इन क्षेत्रों के विकास के लिए कुछ नहीं किया। जय राम ठाकुर ने कहा कि पहली बार इस वर्ष अप्रैल माह में साच पास यातायात के लिए बहाल किया गया है। उन्होंने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में सड़कों की स्थिति में व्यापक स्तर पर सुधार हुआ है और इन क्षेत्रों के विकास के लिए पर्याप्त बजट का आबंटन किया गया है। 

5- पंडित जवाहर लाल नेहरू राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय चम्बा के निर्माण कार्य का सीएम ने लिया जायजा।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज चम्बा जिला में निर्माणाधीन पंडित जवाहर लाल नेहरू राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय चम्बा का दौरा किया और इस महत्वपूर्ण परियोजना के निर्माण कार्यों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने निष्पादन एंजेसियों को इस परियोजना का निर्माण समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश

दिए। उन्होंने कहा कि इस चिकित्सा महाविद्यालय का निर्माण 507.60 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को इस परियोजना के प्रथम चरण को इस वर्ष सितम्बर माह तक पूरा करने के निर्देश दिए। इस परियोजना की प्रगति के संबंध में अग्रवाल निर्माण कंपनी के प्रबंध निदेशक ने एक प्रस्तुति भी दी। विधायक पवन नैय्यर और जिया लाल और चिकित्सा महाविद्यालय के प्रधानाचार्य ने इस अवसर पर मौजूद रहे।

6- अमृत महोत्सव: 10 हजार से अधिक पाठशालाओं में स्थापित की भारत माता की तस्वीर।

अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की प्रेरणा से हिमाचल प्रदेश शिक्षक महासंघ और आजादी का अमृत महोत्सव आयोजन समिति के माध्यम से आज हिमाचल प्रदेश के 10697 स्कूलों में आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस कार्यक्रम में  लगभग 7698 कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रांत मीडिया प्रमुख हिमाचल प्रदेश शिक्षक महासंघ शशि शर्मा ने बताया कि इस कार्यक्रम में  कुल 16322 स्कूल समितियों सहित 81210 लोगों ने भाग लिया। आज 16322 निजी और सरकारी विद्यालयों में कार्यक्रम हुआ।उन्होंने कहा कि इस भव्य कार्यक्रम में विभिन्न पाठशालाओं में स्वतंत्रता प्राप्ति में योगदान देने वाले महा बलिदानियों को याद किया गया और सम्मानित भी किया गया। दीप प्रज्वलन के साथ  छात्रों अध्यापकों और अभिभावकों ने भारत माता के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। छात्रों ने पूरे जोश के साथ भारत माता की जय के नारे लगाते हुए भव्य रैलियों का आयोजन किया। स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव शीर्षक से मनाया गया यह कार्यक्रम प्रदेश भर के 64424 अध्यापकों तक सन्देश देने में सफल रहा तथा 698322 विद्यार्थियों द्वारा भारत माता का विधिवत पूजन किया गया, शिमला के लालपानी में जिलाधीश आदित्य नेगी, पोर्टमोर में अतिरिक्त शिक्षा निदेशक डॉ प्रमोद चौहान मुख्य अतिथि रहे। अधिकतर विद्यालयों में पाठशाला के प्रधानाचार्य और कई जगह पाठशाला प्रबंधन समितियों के पदाधिकारी मुख्य अतिथि रहे। हिमाचल प्रदेश शिक्षक महासंघ के कार्यकर्ताओं द्वारा मुख्य वक्ता के रूप में स्वयं का स्व तंत्र विकसित करने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर अखिल

भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के राष्ट्रीय सचिव पवन मिश्रा ने प्रदेश भर में आयोजन समिति द्वारा आयोजित किए गए। इस सफल कार्यक्रम के लिए बधाई दी और कहा कि देशभक्ति की भावना हर नागरिक में सर्वोपरि हो और हर नागरिक भारत की स्वतंत्रता को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए कार्य करें। सभी विद्यार्थी स्वतंत्र विकसित करने के लिए प्रयासरत हों। इस कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रान्त अध्यक्ष पवन कुमार, महामंत्री डॉ मामराज पुंडीर, प्रान्त संगठन मंत्री विनोद सूद, मीडिया प्रभारी शशि शर्मा सहित आयोजन समिति के सयोजक डॉ राम कृष्ण मार्कण्डेय, सह सयोजक नरेंद्र कपिला ने सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। प्रान्त महामंत्री डॉ मामराज पुंडीर ने कहा कि आज अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने इतिहास लिखा है। प्रदेश के 16322 विद्यालयों में भारत माता का पूजन, देश भक्तों को नमन का कार्यक्रम ऐतिहासिक रहा।

7- हिमाचल में गैस सिलिंडर हुआ सस्ता।

हिमाचल प्रदेश में व्यावसायिक एलपीजी सिलिंडर 36 रुपये सस्ता हो गया है। व्यावसायिक उपभोक्ताओं को इस माह गैस सिलिंडर लेने के लिए 2,174 रुपये चुकाने पड़ेंगे। सोमवार को अगस्त के

लिए जारी हुए गैस सिलिंडर के दाम से कारोबारियों को हल्की राहत मिली है। लगातार दूसरे माह व्यावसायिक सिलिंडरों के दाम घटे हैं। उधर, घरेलू गैस सिलिंडर के दाम इस माह एक रुपये कम हुए हैं। उपभोक्ताओं को 1,154 रुपये में घरेलू गैस सिलिंडर मिलेगा। इसमें डिलीवरी शुल्क शामिल है। 

8- इस कार्यकाल के अंतिम सत्र में चौतरफा घिरेगी सरकार।

हिमाचल प्रदेश सरकार के इस कार्यकाल का अंतिम सत्र सरकार की बड़ी अग्नि परीक्षा लेगा। सरकार के लिए यह सेशन आसान नहीं होगा, क्योंकि विपक्ष के साथ साथ कईं कर्मचारी संगठन भी सरकार को घेरने की रणनीति बना रहे हैं। इनमे प्रमुख एनपीएस कर्मचारी संघ है जो लगातार ओपीएस की बहाली की मांग को लेकर हर जिले में बड़ी बड़ी रैलियां कर रहा है। और 9 अगस्त को विधानसभा घेराव की चेतावनी भी दे चुका है। 
दरअसल, 10 अगस्त से शुरू होने जा रहे मानसून सत्र में हिमाचल प्रदेश विधानसभा में सड़कों की बदहाली, कानून-व्यवस्था, कर्मचारियों से संबंधित और अन्य मुद्दे गूंजेंगे। खनन, पेयजल व्यवस्था, बेरोजगारी, महंगाई जैसे मसलों को भी विपक्ष सदन में उठाने की तैयारी कर चुका है। विपक्ष ही नहीं, सत्ता पक्ष के विधायकों की ओर से भी अपने क्षेत्र में विभिन्न योजनाओं से जुडे़ कई प्रश्न किए जा रहे हैं। प्रदेश विधानसभा सचिवालय को 367

प्रश्न मिल चुके हैं। प्रश्न भेजने की अंतिम तिथि 29 जुलाई तय की गई थी। राज्य विधानसभा का मानसून सत्र 10 से 13 अगस्त तक चार दिन के लिए चलेगा। विधानसभा चुनाव से पहले यह छोटा सत्र होगा, मगर इसमें विधायकों की ओर से विभिन्न मुद्दे उठाए जाएंगे। प्रदेश विधानसभा सचिवालय को जानकारी मिली है कि रविवार तक विधायकोें की ओर से 367 सवाल किए गए थे। इनमें से 238 तारांकित और 129 अतारांकित प्रश्न किए गए हैं। इनके अलावा नियम 130 में चार सूचनाएं और नियम 101 में एक गैर सरकारी सदस्य संकल्प का विधानसभा सचिवालय को एक नोटिस मिला है। विधायक संबंधित मंत्रियों से जवाब मांगेंगे। इन उत्तरों को तैयार करने के लिए विभागों को लिखा जा चुका है। तीन महीने के बाद हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव हैं। ऐसे में मानसून सत्र के हंगामेदार रहने के आसार हैं। विपक्षी कांग्रेस पार्टी सत्तारूढ़ भाजपा पर आक्रामक रुख में नजर आएगी। चार दिन के इस सत्र में विपक्ष प्रश्नकाल को बाधित कर गतिरोध पैदा कर सकता है। अन्य मसलों पर भी विरोध के स्वर मुखर कर सकता है। तो ऐसे मे सरकार इस सत्र में चौतरफा घिर सकती है। 

9- हिमाचल में दर्दनाक हादसा: गोबिंद सागर झील में डूबने से सात युवकों की मौत।

हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में सोमवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गोबिंद सागर झील में डूबने से पंजाब के सात युवकों की मौत हो गई। सभी के शव बरामद कर लिए गए हैं। युवक मोहाली पंजाब के रहने वाले थे। लठियाणी के पास गोबिंद सागर झील में नहाने उतरे और अचानक डूब गए। हादसे की सूचना मिलते ही बंगाणा पुलिस मौके के लिए रवाना हुई। पुलिस थाना बंगाणा से मिली जानकारी के मुताबिक गांव कोलका बाबा गरीब दास मंदिर के पास गोविंद सागर झील में करीब 3.50 बजे यह हादसा हुआ। पुलिस को 7 युवकों की डूबने की सूचना मिली।

11 लोग गांव बनूड़ जिला मोहाली पंजाब से बाबा बालक नाथ मंदिर जा रहे थे। बाबा गरीब दास मंदिर के पास गोविंदसागर झील में नहाने उतर गए। पानी गहरा होने के कारण सात युवकों की डूबकर मौत हो गई। चार युवक किसी तरह पानी से बाहर निकले और मदद के लिए चिल्लाने लगे। स्थानीय लोग भी मदद के पहुंचे लेकिन डूबे युवकों का कोई सुराग नहीं लग पाया। पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचे और शवों की तलाश शुरू की। गोताखोर झील में उतरे जिसके बाद सभी शव बरामद हुए। एसडीएम बंगाणा योगराज धीमान ने कहा गोबिंद सागर झील में डूबने से पंजाब के सात युवकों की मौत हुई है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतकों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।

10- लाहौल-स्पीति में फंसे 105 पर्यटकों को किया रेस्क्यू।

हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति में फंसे 105 पर्यटकों को प्रशासन ने देर रात करीब दो बजे रेस्क्यू कर लिया है। ग्रांफू-काजा मार्ग पर एचआरटीसी की बस और अन्य 20 छोटे वाहनों में 105 लोग फंस गए थे। एसपी लाहौल मानव वर्मा ने बताया कि डोहरनी नाले में बाढ़ आने से पर्यटकों समेत 105 लोग फंस गए थे। एक

गाड़ी को भी बाढ़ से नुकसान पहुंचा है। सभी पर्यटकों को रेस्क्यू कर कोकसर पहुंचाया गया है। यहां इनके खाने पीने और ठहरने की व्यवस्था की गई है। पुलिस, प्रशासन और बीआरओ ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाया। भूस्खलन से लाहौल में ग्रांफू-काजा और उदयपुर-पांगी मार्ग अवरुद्ध हो गया है। वहीं लाहौल घाटी के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश के साथ बर्फ के फाहे भी गिरे हैं। इससे घाटी में ठंड में इजाफा हुआ है। बारिश से सेब ओर नाशपाती के सीजन पर भी विपरीत असर पड़ रहा है।

शाम पांच बजे तक का कोविड मीडिया बुलेटिन-

सूचना एवं जनसंपर्क विभाग हिमाचल प्रदेश बुलेटिन-