Paonta Sahib: डिवाइन विज़डम स्कूल में CT एवं AI विषय पर एकदिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन ddnewsportal.com

Paonta Sahib: डिवाइन विज़डम स्कूल में CT एवं AI विषय पर एकदिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन ddnewsportal.com

Paonta Sahib: डिवाइन विज़डम स्कूल में CT एवं AI विषय पर एकदिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन

शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, रोचक एवं नवाचारी बनाने के उद्देश्य से डिवाइन विज़डम स्कूल में शिक्षकों के लिए ‘Computational Thinking (CT) एवं Artificial Intelligence (AI) के प्रभावी, उत्तरदायी एवं नैतिक उपयोग’ विषय पर एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।

कार्यशाला में विद्यालय के विभिन्न शिक्षकों ने अपने-अपने विषयों से संबंधित अभिनव पाठ योजनाएँ प्रस्तुत कीं, जिनमें समस्या-समाधान, तार्किक चिंतन, पैटर्न पहचान, डेटा विश्लेषण तथा AI आधारित शिक्षण उपकरणों का प्रभावी समावेश किया गया। प्रतिभागियों ने यह भी प्रदर्शित किया कि किस प्रकार CT एवं AI के माध्यम से विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आलोचनात्मक चिंतन, निर्णय क्षमता तथा 21वीं सदी के आवश्यक कौशल विकसित किए जा सकते हैं। साथ ही, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के उत्तरदायी एवं नैतिक उपयोग पर विशेष बल देते हुए यह संदेश दिया गया कि AI का प्रयोग सदैव पारदर्शिता, निष्पक्षता, गोपनीयता और मानवीय मूल्यों के अनुरूप होना चाहिए।

शिक्षकों की पाठ योजनाओं का मूल्यांकन करने हेतु निर्णायक मंडल के रूप में दून वैली स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती शिवानी पांडे तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, पुरुवाला के कंप्यूटर विभाग के प्राध्यापक श्री विशाल उपस्थित रहे। निर्णायकों ने नवाचार, विषय-वस्तु की स्पष्टता, CT एवं AI के प्रभावी एकीकरण तथा कक्षा-कक्ष में उसकी उपयोगिता के आधार पर प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया।

कार्यशाला में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले योगेश चौहान(प्रथम स्थान), सुश्री मीनाक्षी सोई (द्वितीय स्थान) एवं सुश्री ज्योति शर्मा (तृतीय स्थान) को विद्यालय प्रबंधन समिति की निदेशिकाएँ एकता गोयल एवं अनीता महेश्वरी, तथा विद्यालय की प्रधानाचार्या मीनाक्षी मल्होत्रा ने हार्दिक बधाई दी तथा आगामी चरण के लिए शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यालय के शिक्षक अपने नवाचारी एवं तकनीक-संपन्न शिक्षण दृष्टिकोण से विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए सक्षम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे।