हिमाचल की कमान अब सुखविंद्र सिंह सुक्खू के हाथ ddnewsportal.com

हिमाचल की कमान अब सुखविंद्र सिंह सुक्खू के हाथ ddnewsportal.com

हिमाचल की कमान अब सुखविंद्र सिंह सुक्खू के हाथ

विधायक दल की बैठक में हुआ फैसला, मुकेश अग्निहोत्री होंगे डिप्टी सीएम, शपथ रविवार को दोपहर रिज मैदान पर, प्रियंका और राहुल गांधी भी...

हिमाचल प्रदेश को नया मुखिया मिल गया है। 
प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष एवं नादौन विधानसभा क्षेत्र से चौथी बार विधायक चुने गए सुखविंदर सिंह सुक्खू प्रदेश के नए मुख्यमंत्री होंगे। साथ ही हरोली से कांग्रेस विधायक मुकेश अग्निहोत्री उपमुख्यमंत्री होंगे। शनिवार को विधानसभा परिसर शिमला में कांग्रेस विधायक दल की बैठक के बाद सीएम पद के लिए सुखविन्द्र सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री पद के लिए मुकेश अग्निहोत्री के नाम का एलान किया गया। सुखविंद्र सुक्खू और मुकेश अग्निहोत्री रविवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह 11 दिसंबर को दोपहर 1:30 बजे रिज मैदान शिमला में होगा। समारोह के लिए तैयारियां शुरू हो गईं हैं। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी और राहुल गांधी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल है। 

नए सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू, डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, चुनाव पर्यवेक्षक भूपिंद्र सिंह हुड्डा, भूपेश बघेल, राजीव शुक्ला ने देर शाम को राजभवन पहुंचकर कर राज्यपाल को सरकार बनाने का दावा पेश किया।  सुक्खू के गांव सेरा में जश्न का माहौल है। माता संसार देई, पत्नी कमलेश ठाकुर और दोनों बेटियां फूली नहीं समा रही हैं।
सीएम पद पर खुद के नाम की घोषणा के बाद सुखविंद्र सुक्खू भावुक हो गए। उन्होंने अपने आंसू पोंछे। सुक्खू ने सीएम की जिम्मेदारी मिलने पर कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के अलावा राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष भी उन्हें गांधी परिवार ने ही बनाया। अब सीएम भी उन्होंने बनाया है। वह इसके लिए हिमाचल की जनता का भी आभार जताते हैं।
इससे पहले चुनाव पर्यवेक्षक व छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और हिमाचल कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला ने राजधानी शिमला के चौड़ा मैदान स्थित सिसिल होटल में हर विधायक से अकेले-अकेले मुलाकात की। पांच बजे विधानसभा परिसर में कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई गई। बैठक के बाद प्रदेश के नए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नाम का एलान किया गया। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने चुनाव पर्यवेक्षक भूपेश बघेल, भूपेंद्र सिंह हुड्डा और राजीव शुक्ला को विधायक दल की बैठक के बाद सीएम के नाम का एलान करने को कहा था। 

प्रदेश की जनता से किए वादे पूरे करने की जिम्मेवारी अब मेरी : सुक्खू

सुखविंद्र सुक्खू ने कहा कि प्रदेश की जनता से उन्होंने जो वादे किए हैं, अब उन्हें लागू करने की जिम्मेवारी मेरी होगी। सुक्खू ने कहा कि सत्ता केवल सत्ता के लिए नहीं, बल्कि व्यवस्था परिवर्तन के लिए होनी चाहिए। वह हिमाचल की भोली-भाली जनता के साथ एक स्वच्छ और ईमानदार प्रशासन देंगे। उन्हें जनता ने आशीर्वाद दिया है। भरपूर प्यार भी दिया है। जो भी निर्णय होंगे, आम और गरीब लोगों से चर्चा के बाद ही लिए जाएंगे।

ये है राजनैतिक सफर...

हमीरपुर जिले की नादौन तहसील के सेरा गांव में 26 मार्च 1964 को जन्मे सुखविंदर सिंह सुक्खू के पिता रसील सिंह हिमाचल पथ परिवहन निगम शिमला में चालक थे। माता संसार देई गृहिणी हैं। सुखविंदर सिंह सुक्खू की पहली से एलएलबी तक की पढ़ाई शिमला में ही हुई है। चार भाई-बहनों में सुखविंदर सिंह सुक्खू दूसरे नंबर पर हैं। बड़े भाई राजीव सेना से रिटायर हैं। दो छोटी बहनों की शादी हो चुकी है। 11 जून 1998 को सुखविंदर सिंह सुक्खू की शादी कमलेश ठाकुर से हुई। इनकी दो बेटियां हैं जो दिल्ली विश्वविद्यालय से पढ़ाई कर रही हैं।    
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने एनएसयूआई से राजनीतिक जीवन की शुरुआत की। संजौली कॉलेज में पहले कक्षा के क्लास रिप्रेजेंटेटिव और स्टूडेंट सेंट्रल एसोसिएशन के महासचिव चुने गए। उसके बाद राजकीय महाविद्यालय संजौली में स्टूडेंट सेंट्रल एसोसिएशन के अध्यक्ष चुने गए। 1988 से 1995 तक एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष बने। 1995 में युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव बने। 1998 से 2008 तक युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रहे। नगर निगम शिमला के दो बार चुने हुए पार्षद बने। 2003, 2007, 2017 और अब 2022 में नादौन विधानसभा क्षेत्र से चौथी बार विधायक चुने गए। 2008 में प्रदेश कांग्रेस के महासचिव बने। 8 जनवरी 2013 से 10 जनवरी 2019 तक प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष रहे। अप्रैल 2022 में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष एवं टिकट वितरण कमेटी के सदस्य बने।