हिमाचल पुलिस के चार अधिकारियों को राष्ट्रपति और पुलिस मेडल ddnewsportal.com

हिमाचल पुलिस के चार अधिकारियों को राष्ट्रपति और पुलिस मेडल ddnewsportal.com

हिमाचल पुलिस के चार अधिकारियों को राष्ट्रपति और पुलिस मेडल

इंस्पेक्टर यशवंत, सांबर सिंह और सब इंस्पेक्टर नित्या प्रकाश तनवर को सराहनीय सेवाओं के लिए मिलेगा सम्मान 

हिमाचल प्रदेश पुलिस के चार अधिकारियों को राष्ट्रपति और पुलिस मेडल से सम्मानित किया जाएगा। पुलिस मुख्यालय में तैनात इंस्पेक्टर सुदेश कुमार को राष्ट्रपति मेडल मिलेगा, जबकि

इंस्पेक्टर यशवंत, सांबर सिंह और सब इंस्पेक्टर नित्या प्रकाश तनवर को सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक मिलेगा। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर मेडल की घोषणा की है। 

इंस्पेक्टर सुदेश कुमार जुन्गा बटालियन में तैनात हैं। इन्होंने कार चोर गिरोह को पकड़ा है। चिट्टा सरगना को पकड़ने में भी अहम भूमिका निभाई है। सामाजिक सेवाओं में भी अहम योगदान दिया है। सुदेश 64 बार रक्तदान कर चुके हैं। सीआईडी, विजिलेंस, पुलिस सिक्योरिटी में सेवाएं दी हैंं। 


वहीं, इंस्पेक्टर यशवंत ठाकुर ने टेक्नोमैक और मानव भारती फर्जी डिग्री मामले में अहम भूमिका निभाई है। वह एसआईटी के अहम सदस्य रहे। फर्जी डिग्री मामले में विभिन्न राज्यों में दबिश देकर उन्होंने आरोपियों को पकड़ा है। फर्जी डिग्री मामले में चार्जशीट तैयार करने में भी उनका अहम योगदान रहा है। वह अभी सीआईडी साइबर थाने में सेवाएं दे रहे हैं। उन्हें 2002 में भी प्रधानमंत्री जीवन रक्षार्थ पदक से नवाजा गया है।

इंस्पेक्टर सांबर सिंह प्रथम बटालियन जुन्गा में तैनात हैं। सांबर सिंह को पुलिस मुख्यालय में अहम जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस टोल फ्री 112 नंबर, गुड़िया हेल्पलाइन, होशियार सिंह हेल्पलाइन, महिला हेल्पलाइन 1091 का कंट्रोल यही करते हैं। 

सब इंस्पेक्टर नित्या प्रकाश तनवर पुलिस मुख्यालय में तैनात हैं। हिमाचल पुलिस मुख्यालय सबसे पहले मार्च, 2017 में ई आफिस बना है। इसमें इनका अहम योगदान रहा है। वह जैम पोर्टल के एडमिन हैं। पुलिस के 13 थाने ऑनलाइन किए हैं। वहीं, नागरिक एवं गृह सुरक्षा कमांडेंट तोताराम और पलाटून कमांडर खेमराज को भी सराहनीय सेवाएं पदक के लिए चयनित किया गया है।