HP Political News: हिमाचल में बड़ा सियासी घटनाक्रम का दिन, पढ़ें क्या-क्या घटा पूरे दिन... ddnewsportal.com

HP Political News: हिमाचल में बड़ा सियासी घटनाक्रम का दिन, पढ़ें क्या-क्या घटा पूरे दिन... ddnewsportal.com

HP Political News: हिमाचल में बड़ा सियासी घटनाक्रम का दिन, पढ़ें क्या-क्या घटा पूरे दिन...

आज यानी बुधवार 28 फरवरी 2024 का दिन हिमाचल प्रदेश की सियासत में लंबे समय तक याद रखा जाएगा। कभी कांग्रेस की सरकार गिरने के कयास, कभी सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू के इस्तीफे की खबर तो कभी भाजपा सरकार बनाने छा रही है की बातें उड़ती रही। पूरे दिन की सियासी उठापटक के बीच सरकार के गिरने के आसार उस समय खत्म होते दिखाई दिए जब सिसिल होटल में केंद्रीय ऑब्जर्वर के साथ बैठक के बाद बाहर निकले विक्रमादित्य सिंह ने मीडिया को बयान दिया कि उन्होंने अपना इस्तीफा वापिस ले लिया है। इस बयान के बाद तय हो गया कि फिलहाल सरकार से संकट टल गया है। 


बुधवार सुबह साढ़े सात बजे ही नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर अपने विधायकों के साथ गवर्नर हाउस पंहुचे और उन्हे बताया कि विपक्ष को पूरी आशंका है कि उन्हे सदन से निष्कासित किया जा सकता है। उनकी बात को नही सुना जा रहा है। उसके बाद विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप कुमार राज्यपाल से मिलने पंहुचे। 
तत्पश्चात विधानसभा में विधायक और मंत्रियों का आना शुरु हुआ। गत दिवस राज्यसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार को वोट डालने वाले कांग्रेस के बागी 6 और तीन निर्दलीय विधायक भी कड़ी सुरक्षा के बीच विधानसभा पंहुचे, लेकिन कुछ समय बाद बाहर निकल गये। भीतर भाजपा ने सरकार को घेरने का कार्य शुरु किया और जयराम ठाकुर ने विधानसभा अध्यक्ष से बजट पास करने के लिए डिविजन ऑफ वोट की मांग की। उन्होंने मीडिया की और इशारा करते हुए कहा कि उन्हे पुख्ता सुचना मिली है कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने इस्तीफा दे दिया है, हालांकि थोड़ी देर बाद सीएम खुद मीडिया के समक्ष आए और इस्तीफे की खबर को झूठा बताया। उन्होने कहा कि वह एक योद्धा है और आखिरी दम तक लड़ते रहेंगे। 


उसके बाद विस में हंगामा होने पर विधानसभा अध्यक्ष ने जयराम ठाकुर सहित 15 भाजपा विधायकों को सदन से निलंबित कर दिया। जिसके बाद बाकी के 10 विधायक भी वाॅकआऊट कर बाहर आ गये। उसके बाद सदन में मौजूद 34 कांग्रेस विधायकों ने ध्वनिमत से बजट पास किया। उसके बाद कयास लगाये गये कि जब भाजपा कांग्रेस के बागी विधायकों को अपने साथ ले गई है तो कुछ बड़ा होने वाला है। सारी बात विक्रमादित्य के कदम पर टिकी हुई थी। लेकिन सिसिल होटल में केन्द्रीय ऑब्जर्वर और सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ हुई बैठक के बाद विक्रमादित्य सिंह ने अपना इस्तीफा वापिस ले लिया। जिसके बाद कयासों पर फिलहाल विराम लग गया है। अब आने वाले समय में क्या होगा ये समय के गर्भ में हैं लेकिन बुधवार को जो कुछ घटित हुआ वैसा हिमाचल की राजनीति में आज तक देखने को नही मिला।