कफोटा: मस्तभोज के जामना स्कूल में नशा निवारण जागरुकता कार्यक्रम! रैली, भाषण प्रतियोगिता व पेंटिंग... ddnewsportal.com
कफोटा: मस्तभोज के जामना स्कूल में नशा निवारण जागरुकता कार्यक्रम! रैली, भाषण प्रतियोगिता व पेंटिंग...
गिरिपार क्षेत्र के नागरिक उपमंडल कफोटा के अंतर्गत मस्तभोज के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जामना में उप मंडल स्तर पर नशा निवारण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसे उपमंडल अधिकारी सिविल कफोटा ओमप्रकाश ठाकुर के दिशानिर्देशनुसार किया गया। जिसमे जागरूकता रैली, भाषण प्रतियोगिता व पेंटिंग के माध्यम से लोगों के साथ जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी पर्यवेक्षक बाला शर्मा एवं दर्जनों आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने भी भाग लिया।

पाठशाला के चारों सदनों से कुमारी शालिनी, आशीष, सारिका व अंशिका ने भाषण प्रतियोगिता में भाग लिया। सभी विद्यार्थियों ने नशे के बारे में गहन जानकारी अपने भाषण के माध्यम से सभी के साथ साझा की। इस अवसर पर पाठशाला के वरिष्ठ प्रवक्ता सुभाष ठाकुर ने भी अपने विचार प्रकट किए। इसके साथ साथ आंगनबाड़ी पर्यवेक्षक बाला शर्मा ने भी बढ़ रही नशा वृति पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि छात्रों को नशे से दूर रहना चाहिए।

इस अवसर पर पाठशाला के छात्र देवराज, साहिल, अमन, तमन्ना, रंजीता, सिमरन व सोनम ने नारा लेखन और पेंटिंग में भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में कार्यवाहक प्रधानाचार्य रमेश चौहान ने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि नशे की बुराई को हम सामूहिक रूप से दूर कर सकते है। उन्होंने कहा कि नशे में लिप्त युवाओं का मार्गदर्शन करना जरूरी है तथा उन्हें भावनात्मक रूप से मुख्यधारा में लाना अति आवश्यक है ताकि युवा शक्ति को नशे के दुष्प्रभाव से बचाया जा सके। अंत में नशा जागरूकता रैली का भी आयोजन किया गया जिसमे छात्रों ने जन समुदाय को नारे के माध्यम से नशे से दूर रहने का संदेश दिया।