ऑपरेशन लोटस पर ये कहा जयराम ठाकुर ने... ddnewsportal.com

ऑपरेशन लोटस पर ये कहा जयराम ठाकुर ने...  ddnewsportal.com

ऑपरेशन लोटस पर ये कहा जयराम ठाकुर ने

सरकार को लेकर कहा कुछ ऐसा, नेता प्रतिपक्ष ने उप मुख्यमंत्री के बयान पर पलटवार कर कहा ये...

हिमाचल प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा की किसी भी ऑपरेशन लोटस की मंशा नहीं है। कांग्रेस में खुद बिखराव की स्थिति है। शुक्रवार सुबह धर्मशाला से राजस्थान जाते समय कुछ देर के लिए ऊना में रुके। ससुर का निधन होने के चलते जयराम शुक्रवार को विधानसभा का शीतकालीन सत्र बीच में छोड़ राजस्थान के लिए रवाना हुए। इस दौरान ऊना में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि सरकार असमंजस की स्थिति में है। यही कारण है कि मंत्रिमंडल का विस्तार नहीं हो पा रहा है। भाजपा किसी तरह के ऑपरेशन करने का विचार नहीं कर रही है। सरकार को इस मामले पर निश्चिंत रहना चाहिए।

उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र के अंतिम दिन मौजूद न रहने का उन्हें मलाल है, लेकिन पार्टी के कई वरिष्ठ नेता सदन में जनता से जुड़े मुद्दे उठाएंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी की हर जिम्मेदारी पर खरा उतरने का प्रयास किया है। शीतकालीन सत्र में भी भाजपा ने जनता से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए हैं। सरकार जनता के हित में निर्णय लेगी तो विपक्ष सहयोग करेगा। जनविरोधी निर्णय लिए तो विधानसभा के भीतर और बाहर सख्त विरोध किया जाएगा। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के बयान पर पलटवार करते हुए जयराम ने कहा कि ज्यादा बोलना उनके स्वभाव में है। ऐसा भी नहीं है कि लोग भी उनकी बातों को पसंद करते हों।