राजनैतिक: पाँवटा साहिब सीट पर आखिर क्या मंथन कर रहा हाईकमान... ddnewsportal.com

राजनैतिक: पाँवटा साहिब सीट पर आखिर क्या मंथन कर रहा हाईकमान...  ddnewsportal.com

राजनैतिक: पाँवटा साहिब सीट पर आखिर क्या मंथन कर रहा हाईकमान...

दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही विधानासभा क्षेत्र के लोगों की उत्सुकता, दूसरी सूची के बाद भी...

आखिरकार कांग्रेस पार्टी हाईकमान इस बार पाॅंवटा साहिब की सीट को इतना सीरियस क्यों ले रहा है जो दो सूची जारी होने के बाद भी यहां के टिकट को जारी नही किया गया है। ऐसा क्या मंथन इस सीट पर चल रहा है, ये चर्चाएं कार्यकर्ताओं और आम लोगों में बढ़ती जा रही है। है भी लाज़मी ही, क्योंकि अन्य प्रमुख दलों के आज शुक्रवार को नामांकन भरे जा रहे हैं लेकिन कांग्रेस का पाँवटा साहिब से चेहरा ही घोषित नही हो पाया है। यदि आज दोपहर या शाम तक अंतिम बची 5 सीटों की सूची में यहां से भी कैंडिडेट का नाम सामने आ जाता है तो भी उनके पास नॉमिनेशन के दिए सिर्फ एक ही दिन 25 अक्तूबर का होगा। ऐसे में अन्य तैयारियाँ भी जरूरी है। 
यहां चर्चा इस बात की जोर पकड़ रही है कि यदि कांग्रेस हाईकमान एक एक सीट के लिए इतना सीरियस होकर काम कर रहा है तो यह एक तरह से बताता है कि हिमाचल चुनाव को कांग्रेस आलाकमान कितना गंभीर ले रहा है। बताया ये भी जा रहा है कि अंतिम दौर में पाँवटा साहिब सीट पर भी दिल्ली हाईकमान ने अपने स्तर पर कईं सर्वे करवाये हैं। पार्टी यह भी जानना चाह रही थी कि ऐसा क्या है जो पांवटा साहिब से पार्टी का कैंडिडेट लंबे अरसे से जीत नही पा रहा है। अब पार्टी यहां के लिए क्या निर्णय लेती है, यह उम्मीद की जा रही है कि आज पाॅंवटा साहिब में कांग्रेस प्रत्याशी का नाम आधिकारिक तौर पर सामने आ जाएगा। 

गोर हो कि हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने गुरुवार देर रात 17 और प्रत्याशी तय कर दिए हैं। इसके साथ ही कांग्रेस ने 63 विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। पांच सीटों को लेकर अभी भी पेच फंसा है। संभावित है कि शुक्रवार को यानि आज शेष पांचों पर प्रत्याशी भी तय हो जाएंगे। कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव कमेटी के प्रभारी एवं पार्टी महासचिव मुकुल वासनिक की ओर से प्रत्याशियों की सूची जारी की गई है। शिमला शहर से पूर्व उपमहापौर हरीश जनारथा, भरमौर से पूर्व मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी, कांगड़ा से पूर्व विधायक सुरेंद्र काकू, जोगिंद्रनगर से सुरेंद्रपाल ठाकुर, बिलासपुर से बंबर ठाकुर को प्रत्याशी बनाया है। इंदौरा से मलेंद्र राजन, देहरा से डॉ. राजेश शर्मा, सुलह से जगदीश सिपहिया, आनी से बंसीलाल कौशल, करसोग से महेश राज, नाचन से नरेश कुमार, धर्मपुर से चंद्रशेखर, सरकाघाट से पवन कुमार, चिंतपूर्णी से सुदर्शन सिंह बबलू, गगरेट से चैतन्य ठाकुर, कुटलैहड़ से देवेंद्र कुमार भुट्टो, नालागढ़ से हरदीप बावा चुनाव लड़ेंगे।
पार्टी ने नौ सीटों गगरेट, चिंतपूर्णी, इंदौरा, सुलह, आनी, करसोग, नाचन, सरकाघाट और कुटलैहड़ से नए चेहरे उतारे हैं। भरमौर, कांगड़ा, जोगिंद्रनगर और बिलासपुर से चार पूर्व विधायकों को फिर मैदान में उतारा गया है। चार पुराने प्रत्याशियों पर फिर दाव खेला है। हमीरपुर, पांवटा साहिब, मनाली, किन्नौर और जयसिंहपुर सीट से कांग्रेस अभी प्रत्याशी तय नहीं कर सकी है। दूसरी सूची में एक पूर्व मंत्री और दो पूर्व विधायकों के टिकट काट दिए गए हैं। पूर्व मंत्री कुलदीप कुमार, पूर्व विधायक जगजीवन पाल व राकेश कालिया पर कांग्रेस ने इस बार भरोसा नहीं जताया। गगरेट, चिंतपूर्णी, सुलह, करसोग, नाचन और सरकाघाट सीट से इस बार नए चेहरों पर दांव खेला है।  तीन महिलाओं को भी टिकट दिया है।