कार्यकर्ताओं की अटूट मेहनत के बूते बदलेंगे रिवाज- जयराम ddnewsportal.com

कार्यकर्ताओं की अटूट मेहनत के बूते बदलेंगे रिवाज- जयराम ddnewsportal.com

भाजपा का मंथन के बाद जीत का दावा

जयराम ठाकुर बोले; कार्यकर्ताओं की अटूट मेहनत के बूते बदलेंगे रिवाज

हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए बीते 12 नवंबर को हुए मतदान के बाद भाजपा ने रविवार को बैठक कर मत प्रतिशतता पर मंथन किया। 8 दिसंबर को मतगणना से पहले भाजपा ने चुनाव प्रबंधन से जुड़ीं सभी कमेटियों से फीडबैक लिया। 68 विधानसभा क्षेत्रों में बूथ स्तर पर हुई वोटिंग के बारे में भी जानकारी ली गई। बैठक में मंथन के बाद दावा किया गया कि प्रदेश में भाजपा दोबारा सरकार बना रही है।  
परवाणू में आयोजित चुनाव प्रबंधन समिति की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के अलावा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप, वरिष्ठ नेता मंगल पांडे और अन्य दिग्गज नेता मौजूद रहे। जयराम ने कहा कि भाजपा ने विधानसभा चुनाव में फ्रंट फुट पर रहकर काम किया है। यही कारण है कि इस बार हिमाचल में भाजपा दोबारा मजबूत सरकार बना रही है और पांच साल वाला

रिवाज भी बदलने वाला है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रबंधन में मंगल पांडे ने प्रदेश में बेहतर कार्य किया है और चुनाव को लेकर बनाई गई योजनाएं महत्वपूर्ण साबित हुईं हैं। चुनाव सभ्यता और सहजता के साथ लड़ा गया और प्रबंधन में कोई कमी नहीं हुई। पूरे प्रदेश में सभी नेताओं ने अच्छा काम किया। उल्लेखनीय है कि मतदान के बाद भाजपा नेताओं का यह पहला गेट-टू-गेदर है। 
बैठक में चर्चा हुई कि प्रदेश में पहली बार चुनावों के दौरान इस बार किसी भी नेता का कार्यक्रम रद्द नहीं हुआ। ऐसा पहली बार हुआ है। आलाकमान ने भी चुनावों में उत्तम प्रबंध किया। भाजपा के सभी 18 विभागों ने अच्छा काम किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने चुनाव के दौरान मिसाल पेश की है। उन्होंने मतदान तक घर-परिवार छोड़कर दिन-रात एक कर दिए। वहीं, डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रबंधन के लिए अच्छा काम किया है। 8 दिसंबर को भी अच्छा परिणाम आने वाला है।