हिमाचल चुनाव: कांग्रेस का चौतरफा घेराव....... 02 नवंबर 2022- पाँवटा साहिब से आज का खबरनामा ddnewsportal.com

हिमाचल चुनाव: कांग्रेस का चौतरफा घेराव.......  02 नवंबर 2022- पाँवटा साहिब से आज का खबरनामा  ddnewsportal.com

हिमाचल चुनाव: कांग्रेस का चौतरफा घेराव.......

02 नवंबर 2022- पाँवटा साहिब से आज का खबरनामा

साख नहीं और दे रहे गारंटियां: शाह
कांग्रेस यानि एक खानदान का विकास: योगी
पीएम मोदी ने विश्व में बढ़ाया मान: नड्डा
8 और बागी पार्टी से निष्कासित: प्रतिभा
राजकुमारी बजा रही मंदिर की घंटियां: स्मृति
भाजपा-कांग्रेस के घोषणापत्र इस दिन
प्रथम मतदाता ने घर पर किया मतदान
हिमाचल आएंगी 41 और कंपनियां
48 घंटे तक नही मिलेगी शराब: युनूस
श्री रेणुका जी अंतरराष्ट्रीय मेला कल से
होगी 3 हजार महिलाओं की महानाटी
गोल्डन गर्ल का पाॅंवटा में हुआ स्वागत
आंजभोज भी बदलेगा रिवाज: सुखराम
शिलाई में भाजपा और मजबूत: बलदेव
पाँवटा: युकां पूर्व अध्यक्ष AAP में शामिल


(आज की तस्वीर)

स्थानीय (सिरमौर)

1- छः दिनों तक अनेक गतिविधियों से सराबोर रहेगा श्री रेणुका जी: उपायुक्त 

उत्तर भारत के प्रसिद्ध अंतर्राष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेले का शुभारंभ 3 नवम्बर को हिमाचल प्रदेश के मुख्य सचिव आर.डी. धीमान करेंगे। वह दोपहर 1ः15 बजे ददाहू से भगवान परशुराम जी की शोभा यात्रा का शुभारंभ करेंगे तथा खेलकूद प्रतियागिताओं का उदघाटन करने के उपरांत सांय 6 बजे अंतर्राष्ट्रीय श्रीरेणुकाजी मेले के शुभारंभ की रस्म को पूरा करेंगे। उपायुक्त आर.के. गौतम ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय श्री रेणुकाजी मेला बड़ी धूमधाम के साथ आयोजित किया जा रहा है जिसमें विशाल दंगल, खेल-कूद  गतिविधियों सहित सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजनभी किया जा रहा है। उन्होने बताया कि समापन्न समारोह के अवसर पर 8 नवम्बर को  राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर बतौर मुख्य अथिति शिरकत करेगें। उपायुक्त ने बताया कि मेले के पहले दिन 3 नवम्बर को रेणु मंच पर भगवान परशुराम जी के जीवन वृतांत पर आधारित नाटक का मंचन तथा सिरमौरी नाईट का आयोजन किया जायेगा जिसमें प्रसिद्ध लोक गायक

दलीप सिरमौरी सांस्कृतिक संध्या के मुख्य आकर्षण होंगे। दूसरे दिन 4 नवम्बर को प्रातः 4 बजे से पवित्र झाील में श्रद्वालुओं द्वारा स्नान व भजनामृत किया जायेगा तथा इस दिन दोपहर 12 बजे पुरूषों का विशाल दंगल भी आयोजित होगा। उन्हांेने बताया कि सांय 6 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगें जिसमें हिमाचली नाईट में कुलदीप शर्मा  5 नवम्बर को पंजाबी नाईट का आयोजन होगा जिसमें प्रसिद्ध पंजाबी गायक लखविन्द्र बडाली अपनी प्रस्तुतियां देगें। 6 नवम्बर को हिन्दी स्टार नाईट रखी गई है जिसमें सारेगामा फेम नितिन कुमार व 7 नवम्बर को हार्मनी ऑफ पाइन्स द्वारा अपनी प्रस्तुति दी जायेगी। 

स्थानीय कलाकारों को देंगे अधिमान:- 

आर. के. गोतम ने कहा कि सभी सांस्कृतिक संध्याओं के दौरान सिने जगत के पार्श्व गायकों, हिमाचल प्रदेश के नामी कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा जिला के पुराने व नवोदित कलाकारों को विशेष अधिमान प्रदान किया जाएगा।

जिला के लगभग 20 कलाकार हर रोज अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इनमें श्रेणी सी. व डी. के लिये चयन ऑडिशन के माध्यम से किया गया है जबकि ए. तथा बी. श्रेणी के स्थापित कलाकारों का चयन सांस्कृतिक समिति द्वारा किया गया है। कलाकार को प्रस्तुति के एक या दो दिन पूर्व मोबाईल फोन के माध्यम से सूचित किया जाएगा।

पुरूषों का दंगल 4 व महिलाओं का 5 को:- 

उपायुक्त न कहा कि पुरूषों का विशाल दंगल 4 नवम्बर को होगा जिसमें पंजाब, हरियाणा, हिमाचल, जम्मू व कश्मीर,उत्तर प्रदेश, उत्तराखण्ड आदि विभिन्न राज्यों के नामी पहलवान भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि पहली बार महिलाओं के लिये अलग से दंगल प्रतियोगिता रखी गई है। महिलाओं का दंगल 5 नवम्बर को होगा। इसमंे बड़ी संख्या में पंजाब, हरियाणा व हिमाचल से महिला पहलवानों के आने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि महिलाओं का अलग से दंगल रखने का उद्देश्य महिलाओं को खुलकर कुश्ती प्रतियोगिता में भाग लेन के लिये प्रोत्साहित करना है। दंगल के प्रति महिलाओं में कहीं न कहीं पर संकोच रहता है लेकिन अलग से इस प्रकार की प्रतियोगिता से उनका मनोबल बढ़ेगा और भविष्य में इस प्रकार के अनेक दंगल आयोजित होंगे। उन्होंने कहा कि दंगल के लिये विजेता पहलवानों को काफी आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं।

महानाटी में शामिल होंगी 3000 महिलाएं, मतदान करने का देंगी संदेश:- 

गौतम ने कहा कि 5 नवम्बर को महिलाओं की  महानाटी होगी। इसमें जिला की 3000 से अधिक महिलाएं पारम्परिक परिधानों में एक परम्परागत नाटी का प्रदर्शन करेंगी। भारतीय चुनाव आयोग के महत्वाकांक्षी स्वीप कार्यक्रम के थीम पर आधारित यह नाटी लोगों को आगामी चुनाव में शत-प्रतिशत मतदान करने के लिये प्रेरित करेंगी। इसके अलावा महानाटी के माध्यम से समाज को नशामुक्त बनाने व पर्यावरण को स्वच्छ रखने का संदेश देने का भी प्रयास नाटी के माध्यम से किया गया है।

खेलें भी होंगी मेले का आकर्षण:- 

मेले के दौरान खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा जिसमें कब्बडी, वॉलीबाल, बास्केटबॉल व बैडमिंटन आदि प्रतियोगिताएं की जायेंगी जोकि मेले के सभी छः दिनों तक चलेंगी। इन प्रतियोगिताओं के लिये ट्राफी सहित नकद पुरस्कार रखें गये हैं।  दंगल के विजेता को 51 हजार व उप विजेता को 31 हजार, कबड्डी के लिए 51 हजार व 31 हजार, बॉलीबाल के लिए 41 हजार व 21 हजार, बैडमिंटन के लिए 15 हजार व 11 हजार तथा बास्केट बॉल के लिए 15 हजार व 11 हजार का पुरस्कार प्रदान किये जाएंगे। उन्होंने बताया कि खेलों के लिये टीम को प्रवेश शुल्क महज 500 रुपये रखा गया है। उपायुक्त एवं अध्यक्ष श्री रेणुकाजी विकास बोर्ड आर.के. गौतम ने कहा कि कोरोना काल के संकट के बीच पिछले दो सालों तक मेले का आयोजन बड़े पैमाने पर नहीं किया जा सका। इस बार मेले के स्वरूप में काफी परिवर्तन किया गया है ताकि लोगों का स्वस्थ मनोरंजन हो। उन्होंन आम जनमानस से अधिक से अधिक संख्या में मेले में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने समस्त अधिकारियों से भी मेले के शुभारंभ व समापन अवसर पर निजी तौर पर मौजूद रहने के निर्देश जारी किये हैं।

2- गोल्डन गर्ल निकिता का पांवटा साहिब में हुआ भव्य स्वागत।

जिला सिरमौर के गिरिपार क्षेत्र के मस्तभोज की निकिता शर्मा ने नेशनल लेवल पर दो मैडल जीते है। बुधवार को निकिता छत्तीसगढ से पाँवटा साहिब पंहुची। यहां पंहुचने पर उनके परिजन और समर्थकों ने उनका शानदार स्वागत किया। इस मौके पर निकिता ने कहा कि उनका लक्ष्य भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतना है। अपनी सफलता पर उन्होंने खुशी व्यक्त करते हुए अपना कोच और अभिभावक का आभार प्रकट किया। वहीं निकिता के पिता फकीर चंद शर्मा ने कहा कि वह बेटी की सफलता पर खुश है। वह चाहते हैं कि सरकार ऐसी प्रतिभाओं को सपोर्ट करें ताकि वह देश के लिए मैडल जीत सके। गोर हो कि छत्तीसगढ के बिलासपुर में सम्पन्न हुई 2nd National Open U-23 Seniors Athletic Championships 2022 में

हिमाचल प्रदेश की धाविका निकिता शर्मा  ने भी भाग लिया। पहले दिन 1500 मीटर दौड़ में निकिता शर्मा ने स्वर्ण पदक हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया। पैतृक गांव गुद्दी मानपुर तक खबर पंहुची तो गाव में जश्न मनाया गया। इस जश्न की खुशी दोगुनी तब हुई जब अगले दिन फिर 800 मीटर दौड़ में भी निकिता ने कांस्य पदक अपने नाम किया। राष्ट्रीय स्तर पर दौहरी सफलता हासिल करना अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। बेटी की सफलता पर पिता फकीर चंद का सीना चौड़ा हो गया है। निकिता के पिता फकीर चंद ने बताया कि उनकी बेटी का घर आने पर ग्रामीणों ने स्वागत किया। बेटी की सफलता से वह खुश है। 

3- राजनैतिक: आजाद उम्मीदवार सुनील चौधरी बहा रहे खूब पसीना।

पाँवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र से युवा आजाद उम्मीदवार सुनील चौधरी ने डोर-टू-डोर चुनाव प्रचार अभियान तेज कर दिया है। युवाओं की टीम लेकर एक दिन में ही सैंकड़ों घरों तक वह पंहुच रहे हैं। गत दिवस उन्होंने वार्ड नंबर 13 शिवा कॉलोनी, तारुवाला, रैनबैक्सी चौक, गंगुवाला, भाटांवाली, किशनपुरा और भंगानी

साहिब में देर रात तक डोर टू डोर प्रचार किया। उन्होंने कहा कि प्रबुद्ध जनता से रूबरू होते हुए बदलाव की एक नई उम्मीद के साथ उन्हें बहुत स्नेह और समर्थन मिल रहा है। आजाद प्रत्याशी के रूप में सबसे प्रबल उम्मीदवार के रूप में सुनील चौधरी पाँवटा विधानसभा क्षेत्र की जनता की पसंद बन रहे हैं। गोर हो कि पिछले कई वर्षों से सामाजिक कार्य करते हुए वह लोगों के बीच हैं।

4- राजनैतिक: युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने भी छोड़ी कांग्रेस, आप में हुए शामिल।

पाँवटा साहिब में कांग्रेस का कुनबा लगातार बिखरता जा रहा है। और इस बिखराव को आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार मनीष ठाकुर समेट रहे हैं। बीते दिनों पूर्व बीडीसी सदस्य परविंद्र सिंह बिट्टू और चार बार के गोरखुवाला पंचायत प्रधान रमेश कुमार सहित दिग्गज कांग्रेस नेता पार्टी छोड़कर आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे। अब फिर से पांवटा साहिब कांग्रेस को एक बड़ा

झटका लगा है। बीते कल देर शाम रामपुरघाट में आप उम्मीदवार मनीष ठाकुर की बैठक में युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजेश राणा, फुलपुर पंचायत के वर्तमान उपप्रधान गुरचरण सिंह चन्नी, फुलपुर पंचायत के पूर्व उपप्रधान नरेश कुमार, फुलपुर पंचायत के पूर्व वार्ड मेंबर सरवन सिंह, कुंजा पंचायत के पूर्व उपप्रधान राजकुमार, हरबंस, हरविंदर सिंह और पम्मी, जो सभी कांग्रेस से संबंधित रहे है, उन्होंने आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। साथ ही साथ फुरकान वार्ड मेंबर बद्रीपुर पंचायत भाजपा से संबंधित रहे है, ने भी आज आम आदमी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है।मनीष ठाकुर ने सभी का आम आदमी पार्टी में स्वागत किया।

5- राजनैतिक: आंजभोज की जनता भी बदलेगी रिवाज: सुखराम।

विधानसभा चुनाव प्रचार अभियान के मद्देनजर बुधवार को पाॅंवटा साहिब से भाजपा के उम्मीदवार सुखराम चौधरी विधानसभा के गिरिपार क्षेत्र के आंजभोज मे पंहुचे। यहां पर कार्यकर्ताओं ने उनका फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया। इस दौरान दोपहर तक सुखराम चौधरी ने शिवा पंचायत, ग्राम भरली, राजपूर पंचायत आदि में नुक्कड़ सभा को संबोधित किया। नुक्कड़ सभाओं को संबोधित कर उन्होंने बीते पांच वर्ष में हुए विकास कार्य गिनवाये। उन्होंने कहा कि इस पांच वर्ष में गिरिपार क्षेत्र में जितना विकास हुआ है, आज तक 20 वर्ष में नही हुआ। क्षेत्र को डिग्री कॉलेज की सौगात, दो-दो उपतहसील, आईटीआई, पुलिस थाना, लोनिवि, जलशक्ति विभाग और विद्युत विभाग के उपमंडल सहित बीपीईओ कार्यालय की बड़ी सौगातें मिली है। इतना काम एक कार्यकाल में ऐतिहासिक है। इनसे जनता को घरद्धार सुविधाएं मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस बार सरकार बदलने का रिवाज बदल रहा है और फिर से भाजपा की सरकार बन रही है।

इसमे आंजभोज क्षेत्र की भी पूरी भागीदारी रहेगी ऐसी उन्हे उम्मीद है। वहीं, इस मौके पर आंजभोज क्षेत्र के बड़े भाजपा नेता व पूर्व बीडीसी चेयरमैन रमेश तोमर ने कहा कि आंजभोज की जनता विकास के बूते सुखराम चौधरी के साथ है। क्षेत्र में निर्दलियों का कोई वजूद नही है। लोग विकास को वोट डालेंगे। जितना विकास सुखराम चौधरी की अगुवाई में भाजपा सरकार ने आंजभोज और गिरिपार क्षेत्र में किया है, उतना आज तक 20-25 वर्ष में नही हुआ। इस मौके पर पूर्व ब्लॉक समिति अध्यक्ष रमेश तोमर, नेत्र चौहान, देवराज चौहान, दिनेश नेगी, राहुल चौधरी, प्रधान रीना चौहान, उप प्रधान रघुबीर पुंडीर आदि भी मौजूद रहे। 

6- राजनैतिक: शिलाई में भाजपा लगातार हो रही मजबूत, 24 परिवार हुए पार्टी में शामिल।

जिला सिरमौर की शिलाई विधानसभा क्षेत्र में चुनावी प्रचार अभियान तेज हो गया है। बुधवार को भाजपा उम्मीदवार बलदेव तोमर अपने प्रचार अभियान के तहत नैनीधार क्षेत्र में पंहुचे, जहां उनका स्वागत किया गया। पार्टी प्रवक्ता के मुताबिक इस दौरान 24 परिवार भाजपा में शामिल हुए है। जानकारी के मुताबिक चुनाव के करीब आते ही शिलाई विधानसभा क्षेत्र की जनता लगातार भारतीय जनता पार्टी को मजबूत कर रही है। हर दिन लोग भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम रहे हैं। जनसंपर्क अभियान के दौरान ग्राम पंचायत झकांडो, शखोली व नैनीधार का बलदेव तोमर ने दौरा किया। नैनीधार में आयोजित चुनावी कार्यक्रम में भाजपा प्रत्याशी बलदेव तोमर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज से पहले शिलाई क्षेत्र को पिछड़े क्षेत्र से जाना जाता था लेकिन अब पूरे प्रदेश में शिलाई विधानसभा क्षेत्र की विकसित क्षेत्र के नाम से चर्चा की जाती है। उन्होंने कहा कि एक ही परिवार ने 60 साल तक शिलाई विधानसभा क्षेत्र में राज किया। लेकिन उसके बावजूद भी यह क्षेत्र विकास से अछूता रहा। बलदेव तोमर ने कहा कि भाजपा सरकार

ने लाधी क्षेत्र मे 3 PHC, I&Ph का सब डिवीजन, पुलिस चौकी रोनहाट, नैनीधार मे नायब तहसीलदार को बिठाना, रोनहाट मे CHC करना ऐसे अनेकों कार्य किए जिस कारण क्षेत्र के लोगों को घरद्धार ही सुविधा मिल रही है। उन्होंने कहा कि जयराम ठाकुर के प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने के बाद हमने हारने के बाद पांच साल में वो करके दिखाया जिसकी क्षेत्र के लोगों ने कभी कल्पना भी नहीं की थी। बलदेव तोमर ने कहा कि हमने शिलाई की जनता की हर मांग को पूरा करने का प्रयास किया और अब इस कर्ज को चुकाने वक्त आ गया है। शिलाई से भाजपा के पक्ष में मतदान कर प्रदेश में बनने वाली भाजपा सरकार में अपना सहयोग करें। बलदेव तोमर ने कहा कि आने वाले समय में हम अपने क्षेत्र को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करेंगे जिससे हमारे युवाओं को घर द्वार पर ही रोजगार मिल सके। इस मौके पर हरि सिंह, इन्दर सिंह, कुंदन सिंह, रीना देवी, रती राम, सूरत सिंह, बंसी राम, दुल्ला राम, अर्चना राणा, सुरेन्द्र राणा, बहादुर सिंह, वीरेंद्र आदि मौजूद रहे।


(हिमाचल)

1- देश में नही कोई साख और दे रहे गारंटी: शाह

जिस कांग्रेस की देश में कोई साख नहीं बची है, उसकी ओर से हिमाचल की जनता को दस गारंटियों दि जा रही है। इन पर कौन विश्वास करेगा। कांग्रेस ने केंद्र में दस साल ऐसी सरकार चलाई कि उसके घोटाले गिनने मुश्किल थे। तब 12 लाख करोड़ रुपये के घोटाले किए गए। पीएम मोदी के शासन में घोटाले ढूंढना मुश्किल हैं। यह बात बुधवार को धर्मशाला के जोरावर सिंह स्टेडियम और नादौन में आयोजित चुनावी जनसभाओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कही। शाह ने कहा कि हिमाचल में डबल इंजन की सरकार ने खूब विकास किया है, जिसके चलते कांग्रेस के पास विकास के नाम पर कहने को कुछ नहीं है।  अगले पांच सालों में हिमाचल को ड्रग्स मुुक्त बनाने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर करेंगे। मोदी ने हिमाचल को बल्क ड्रग पार्क का तोहफा दिया है। मोदी का सपना है कि हिमाचल देशभर में नंबर एक राज्य बने। शाह बोले, कांग्रेस हाईकमान ने कहा है कि हिमाचल में कुछ सीटें जीतनी पड़ेंगी। इसलिए सात-आठ सीटों पर कुछ लोगों को कहा कि जाओ भैया

तुम सभी मुख्यमंत्री हो। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में वोट उसी को देना चाहिए, जो अपने काम का हिसाब दे। राजा-रानियों का जमाना जा चुका है। अब वही राज करेंगे, जो लोगों के बीच काम करेंगे। कहा कि सोनिया-मनमोहन की सरकार के समय आलिया, मालिया और जमालिया भारत में घुस आते थे। हमारे जवानों के सिर काटकर ले जाते थे। 2014 में मोदी पीएम बने तो पाकिस्तान ने उरी और पुलवामा में हमले की गलती कर दी। दस दिन के भीतर सर्जिकल और एयर स्ट्राइक को अंजाम देकर उनके घर में घुसकर आतंकियों का सफाया किया गया। तब पीएम मोदी ने पाकिस्तान समेत पूरी दुनिया में एक मजबूत संदेश भेजा कि भारत की सीमा और भारत की सेना के साथ छेड़खानी करोगे तो उसकी कीमत चुकानी पड़ेगी।

2- कांग्रेस के एजेंडे में केवल एक खानदान का विकास: योगी

हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर के बड़सर विधानसभा क्षेत्र में बुम्वलू में चुनावी जनसभा में पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस के एजेंडे में विकास नहीं है, विरासत का सम्मान नहीं है, सैनिकों का सम्मान भी नहीं है। कांग्रेस के एजेंडे में केवल एक खानदान का विकास है। इन्होंने विकास के नाम पर भ्रष्टाचार की नई-नई परतें बनाईं, जिनका खामियाजा देश ने भुगता, कीमत नौजवानों ने चुकाई, विकास

अवरुद्ध हुआ। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के नागरिकों में पहाड़ जैसी दृढ़ता भी है, लेकिन पानी जैसी संवेदना भी है। इसलिए हिमाचल प्रदेश में डबल इंजन की भाजपा सरकार आवश्यक है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रकृति के आंचल में बसे हिमाचल प्रदेश के जनपद हमीरपुर की देवतुल्य जनता का यह आह्लाद राष्ट्रवाद की प्रचंड विजय का उद्घोष है। बड़सर विधान सभा क्षेत्र की विकासोन्मुखी जनता ने ठाना है, यहां हर बूथ पर कमल खिलाना है।
वहीं, हिमाचल प्रदेश के सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र में चुनावी जनसभा में पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भारत का किसी का पिछलगू नहीं बल्कि दुनिया भारत का अनुसरण कर रही है। कांग्रेस ने 70 साल शासन किया। कांग्रेस चाहती तो हिमाचल प्रदेश के हर जिले में मेडिकल कॉलेत खोल सकती थी लेकिन काम करने की मंशा नहीं थी। वैश्विक मंच पर कांग्रेस ने भारत को पिछलगू राष्ट्र बना दिया, आज हमारा देश पिछलगू नहीं नेतृत्वकर्ता के रूप में पीएम मोदी के नेतृत्व में काम कर रहा है। अन्नदाता किसानों के लिए कांग्रेस ने कुछ नहीं किया। पीएम नरेंद्र मोदी ने किसानों के कल्याण के लिए पीएम किसान सम्मान निधि योजना शुरू की। दस लाख किसान हिमाचल में पीएम किसान सम्मान योजना का लाभ उठा रहे हैं।  

साथ ही, जिला सोलन के कसौली विधानसभा क्षेत्र के दशहरा मैदान परवाणू में चुनावी जनसभा में पहुंचे मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि आज दुनिया में कहीं संकट छाता है तो दुनिया आशा भरी निगाह से पीएम नरेंद्र मोदी की तरफ देखती है। कांग्रेस होती तो क्या अयोध्या में राम मंदिर बन पाता, काशी विश्वनाथ मंदिर बन पाता। ये लोग आस्था, न विरासत का सम्मान कर सकते हैं और न सुख दुख में साथ देते हैं, उन्हे वोट क्यों देना?

3- मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था: नड्डा 

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर के पंजगाईं में चुनावी जनसभा में पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि मोबाइल बनाने में भारत, दुनिया में दूसरे स्थान पर आ गया है। स्टील उत्पादन में हम दूसरे नंबर पर आ गए हैं। सौर ऊर्जा में हम पांचवें नंबर हैं, ब्रिटेन को पछाड़ कर भारत पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। कभी सोचा था कि हिमाचल को एम्स मिलेगा? 24 करोड़ जनसंख्या वाले उत्तर प्रदेश को भी एम्स मिला और 60 लाख वाले हिमाचल को भी एम्स मिला। ये है डबल इंजन सरकार का फायदा।

वहीं, बिलासपुर के कंदरौर में चुनावी जनसभा में पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि 70 साल गुजर गए देश की आजादी को आपने भी देखा है और हमने भी देखा है, कौन पूछता था, कौन भाव देता था? पहले हिमाचल में प्रधानमंत्री गर्मी के सीजन में आया करते थे। लेकिन आज प्रधानमंत्री मोदी आपकी हर पुकार पर आपके सामने खड़े रहते हैं। आज कितना अंतर आ गया है। हमने 100 देशों को वैक्सीन दी है। 48 देशों को मुफ्त में वैक्सीन दी है। आज भारत लेने वाला नहीं, देने वाला भारत बन गया है। एक समय था जब प्रधानमंत्री बोलते थे कि हम 1 रुपया भेजते हैं तो 85 पैसा न जाने किस हाथ में फंस जाता है। तो दूसरी ओर, शिमला में आकर 31 तारीख को प्रधानमंत्री मोदी जी एक बटन दबाते हैं और किसानों के खाते में 2-2 हजार रुपये पहुंच जाते हैं। देश में ये बदलाव हुआ है। सोनिया गांधी की 10 साल सरकार रही, अटल टनल सिर्फ 1300 मीटर बनी। जब केंद्र में मोदी सरकार आई, तो 3 साल के अंदर 10 किमी की टनल बनाकर विकास की नई कहानी लिख दी। जब जेएनयू में नारे लगे 'अफजल हम शर्मिंदा हैं, तेरे कातिल जिंदा हैं।' तब राहुल गांधी इन्हीं नारे लगाने वालों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हो गए। आज ये भारत जोड़ने चले हैं।

4- कांग्रेस के आठ और नेताओं को पार्टी से किया निष्कासित

पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए कांग्रेस के आठ और नेताओं को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य एवं प्रदेश मामलों के प्रभारी सांसद राजीव शुक्ला के अनुमोदन के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा

सिंह ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए आठ पार्टी नेताओं को आगामी छह साल के लिए पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। पार्टी से बाहर किए गए नेताओं में आनी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष कैलाश शर्मा, जिला कांग्रेस कमेटी कुल्लू के महासचिव लोक राज ठाकुर, शेर सिंह ठाकुर व विजय कंवर, आनी से पंकज कुमार, शिमला शहरी से अभिषेक भरवलिया, सुलह से प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव सुनील कुमार व जसवां परागपुर से मुकेश कुमार को पार्टी से छह सालों के लिए निष्कासित कर दिया गया है।

5- कांग्रेस की राजकुमारी अब बजा रही मंदिर की घंटियां: स्मृति 

केंद्रीय महिला एवं विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी देश जोड़ो आंदोलन पर निकले हैं। कांग्रेस की राजकुमारी जब अमेठी में होती हैं तो मस्जिद में जाती हैं और अब चुनाव के समय हिमाचल आकर मंदिरों में घंटी बजा रही हैं।

उन्होंने कहा कि कमल का चुनाव चिह्न ही भाजपा का प्रत्याशी है। स्मृति ईरानी किन्नौर के भावानगर में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में टीएमसी के कार्यकर्ताओं की गुंडई के कारण जय श्रीराम के नारे लगाने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं को अत्याचार सहना पड़ता है। किन्नौर के भाजपा कार्यकर्ता बड़े गर्व के साथ जय श्रीराम का नारा लगा रहे हैं।

6- पार्टी घोषणापत्र: भाजपा का चार को तो कांग्रेस पांच को करेगी जारी।

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस 5 नवंबर को घोषणापत्र जारी करेगी। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट, पार्टी के प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला, कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, चुनाव प्रचार कमेटी के अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू और नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री घोषणापत्र जारी करेंगे। घोषणापत्र के माध्यम से कांग्रेस प्रदेश के किसानों, बागवानों, महिलाओं और युवाओं को साधेगी। कर्मचारियों, रोजगार, स्वास्थ्य और शिक्षा को लेकर बीते दिनों दी गई 10 गारंटियों को घोषणापत्र के माध्यम से फिर दोहराया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विधायक कर्नल धनीराम शांडिल को घोषणापत्र कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है। कर्नल शांडिल ने सभी नेताओं और समाज के विभिन्न वर्गों से बातचीत करने के बाद घोषणापत्र तैयार किया है। घोषणापत्र को कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं की मंजूरी के लिए भेजा गया है। 5 नवंबर को कांग्रेस हिमाचल की जनता को घोषणापत्र के माध्यम से आगामी पांच वर्षों में किए जाने वाले कार्यों का ब्योरा देगी। 
वहीं, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा 4 नवंबर को भाजपा का विजन डॉक्यूमेंट जारी करेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने यह जानकारी दी। 

7- भारत के प्रथम मतदाता श्याम सरण नेगी ने पहली बार अपने घर से किया मतदान।

भारत के प्रथम मतदाता श्याम सरण नेगी ने बुधवार को पहली बार किन्नौर के कल्पा में अपने घर से बैलेट पेपर से मतदान किया। 105 वर्षीय नेगी ने तीन बजे अपने घर से ही मतदान किया। इस

दौरान चुनाव आयोग की ओर से उनका भव्य स्वागत किया गया। श्याम सरण नेगी ने 34वीं बार मतदान किया है। डीसी आबिद हुसैन सादिक भी इस मौके पर मौजूद रहे। नेगी को चुनाव आयोग ने ब्रांड एंबेसडर बनाया है।

8- हिमाचल पहुंचेंगी केंद्रीय पुलिस बलों की 41 और कंपनियां।

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर 12 नवंबर को मतदान होना है। मतदान से पांच दिन पहले ही प्रदेश में 41 और केंद्रीय पुलिस बल की कंपनियां हिमाचल पहुंच जाएंगी। अतिरिक्त कंपनियों के आने से पांच नवंबर के बाद प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी हो जाएगी। चुनाव को लेकर अभी हिमाचल प्रदेश में केंद्रीय पुलिस बलों की 25 कंपनियां आई हैं। राज्य निर्वाचन विभाग की ओर से कंपनी के जवानों को पड़ोसी राज्यों के साथ लगती हिमाचल की सीमाओं तैनात किया गया है। प्रदेश में कुल 67 कंपनियां आएंगी। जिसमे से 25 कंपनियां पहले ही पंहुच चुकी है और बॉर्डर एरिया पर मुस्तैद है। 

9- हिमाचल में मतदान से 48 घंटे पूर्व ड्राई डे: युनूस

राज्य कर एवं आबकारी आयुक्त यूनुस ने बताया कि विधानसभा चुनावों के दृष्टिगत प्रदेश में स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश में 12 नवंबर को मतदान सम्पन्न होने से 48 घंटे पूर्व तथा मतगणना दिवस पर 8 दिसंबर को ड्राई डे घोषित किया गया है। उन्होंने कहा कि 10 नवंबर शाम पांच बजे से 12 नवंबर शाम पांच बजे तक तथा मतगणना दिवस आठ दिसंबर को ड्राई दिवस घोषित किया गया है। भारत निर्वाचन

आयोग के दिशा-निर्देशों एवं वर्ष 2022-23 के लिए आबकारी घोषणाओं तथा हिमाचल प्रदेश आबकारी एक्ट 2011 एवं पंजाब आबकारी एक्ट 1914 के प्रावधानों के अनुसार समस्त प्रदेश भर में तथा हिमाचल प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों में संबंधित मतदान केंद्र से तीन किलोमीटर के दायरे में ड्राई डे रहेगा। उन्होंने कहा कि इन दिनों और इस अवधि के दौरान संबंधित क्षेत्रों में मादक द्रव्य, मद्य पेय की बिक्री तथा होटल, दुकानों तथा सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्रों में मादक द्रव्यों की बिक्री बंद रहेगी। इस अवधि के दौरान किसी भी प्रकार की शराब की दुकान, होटल, रेस्तरां, क्लब और अन्य स्थानों में किसी व्यक्ति को शराब की बिक्री नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस अवधि के दौरान आबकारी नियमों के अंतर्गत बिना लाइसेंस वाले परिसरों में लोगों द्वारा शराब के भंडारण पर प्रतिबंध रहेगा तथा नियमों की अवहेलना करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

शाम पांच बजे तक का कोविड मीडिया बुलेटिन-