Himachal News: अपने दूसरे घर आई आपदा के हाल देखने भी आ जाइए मोदी जी: हर्षवर्धन ddnewsportal.com

Himachal News: अपने दूसरे घर आई आपदा के हाल देखने भी आ जाइए मोदी जी: हर्षवर्धन ddnewsportal.com

Himachal News: अपने दूसरे घर आई आपदा के हाल देखने भी आ जाइए मोदी जी: हर्षवर्धन 

हिमाचल प्रदेश के उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हिमाचल प्रदेश को अक्सर अपना दूसरा घर कहते रहते हैं। लेकिन अपने दूसरे घर हिमाचल में न आपदा में आए और न ही कोई विशेष आर्थिक पैकेज दिया है। केन्द्र ने अभी तक जो दिया है वह प्रदेश को मिलने वाली किस्तों को एडवांस में दिया है। एनडीआरएफ में प्रदेश को 200 करोड़ रुपए दिए हैं लेकिन यह भी अभी क्लीयर नहीं है कि यह प्रदेश को मिलने वाले बजट में से दिए गए हैं या अलग दिए हैं।


हर्षवर्धन चौहान ने पत्रकार वार्ता में बताया कि केन्द्र सरकार ने प्रदेश में आई आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित नहीं किया जबकि राज्य सरकार ने 18 अगस्त को ही राज्य आपदा घोषित कर दिया था। उन्होंने भाजपा पर राष्ट्रीय आपदा घोषित करने के विरोध का आरोप लगाया। विधानसभा के मानसून सत्र में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू केन्द्र से हिमाचल में आई आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने का एक प्रस्ताव लेकर सदन में आए। 3 दिनों तक इस पर चर्चा होती रही लेकिन जब प्रस्ताव पर वोटिंग की बात आई तो भाजपा विधायकों ने इसका विरोध किया। यह विरोध उसी तरह का था जब वर्ष 1971 में हिमाचल को पूर्ण राज्य का दर्जा मिलने का भाजपा के नेताओं ने विरोध किया था।  
हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री ने आपदा प्रभावितों को राहत देने के लिए 4500 करोड़ रुपए के आपदा राहत पैकेज की घोषणा की है। जिन प्रभावितों ने अपनी जमीन के साथ मकान गंवाए हैं उन्हें शहरों में 2 तो ग्रामीण क्षेत्रों में 3 बिस्वा जमीन मिलेगी। उद्योगों को महंगी बिजली को लेकर उन्होंने कहा कि उद्योग संघ का प्रतिनिधिमंडल भी इसको लेकर उनसे मिला था। बिजली की दरों को कम किया जाएगा। प्रदेश सरकार की मजबूरी है। केन्द्र से मदद मिल नहीं रही है। 4500 करोड़ रुपए के आपदा राहत पैकेज के लिए धन भी जुटाना है। इस मौके पर कांग्रेस जिला अध्यक्ष शिव कुमार, नगर निगम मेयर पूनम ग्रोवर, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुरेन्द्र सेठी, जोगिन्द्रा बैंक के अध्यक्ष मुकेश शर्मा व प्रदेश प्रवक्ता कुशल जेठी मौजूद रहे।