सीएम सुक्खू का बड़ा बयान... हिमाचल एक नजर- 15 जनवरी 2023 ddnewsportal.com

सीएम सुक्खू का बड़ा बयान...  हिमाचल एक नजर- 15 जनवरी 2023   ddnewsportal.com
फाइल फोटो: सुखविंदर सिंह सुक्खू, मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश

सीएम सुक्खू का बड़ा बयान...

हिमाचल एक नजर- 15 जनवरी 2023

डिप्टी सीएम की दो टूक
बर्फबारी से 276 सड़कें बंद
172 ट्रांसफार्मर ठप्प
नही रहे पूर्व मंत्री मनसा राम
प्रतिभा सिंह ने बुलाई बैठक 
14 दिन में 70 हजार टन खपत

● हिमाचल के लोगों को देंगे सस्ता सीमैंट: सुक्खू

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि कांग्रेस सरकार प्रदेश के लोगों को सस्ता सीमैंट देने की दिशा में आगे बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि यह हैरानी की बात है कि प्रदेश में बनने वाला सीमैंट दूसरे राज्यों में सस्ता और अपने राज्य में महंगा मिले। उन्होंने इस बात पर भी हैरानी जताई कि जिस रेल को भानुपल्ली तक लाने के लिए प्रदेश सरकार 1300 करोड़ रुपए दे रही है, उसकी एवज में प्रदेश को कुछ नहीं मिलेगा।

● अधिकारी कार्य संस्कृति की बना लें आदत: अग्निहोत्री

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने अधिकारियों को दो टूक शब्दों में कहा है कि उन्हें अब कार्य संस्कृति की आदत बनानी होगी। विभाग में केवल काम करने वाले अधिकारी ही टिकेंगे। जो काम नहीं करेंगे, उन्हें अपना अलग रास्ता देखना होगा। उन्होंने कहा कि जल शक्ति विभाग में टैंडरों पर रोक लगाने के आदेश वापस ले लिए तथा विभाग में टैंडर लगाने/खोलने के आदेश दिए हैं, ताकि विकास कार्य हों।

● हिमाचल में बर्फबारी से 276 सड़कें बंद, 172 ट्रांसफार्मर ठप्प।

हिमाचल में बर्फबारी के कारण प्रदेश के कई क्षेत्रों में परेशानियां बढ़ गई है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की दैनिक रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में 276 सड़कें बंद हैं, जिससे कई ग्रामीण क्षेत्रों के लिए संपर्क कट गया है, ऐसे में लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं प्रदेशभर में 172 बिजली के ट्रांसफार्मर भी बंद हैं।

● हिमाचल के पूर्व मंत्री मनसा राम का निधन।

हिमाचल की राजनीति में वरिष्ठ नेता के रूप में यादगार पहचान बनाने वाले मंडी जिले के करसोग से 5 बार के विधायक एवं 3 बार के मंत्री मनसा राम का आज निधन हो गया। उन्होंने आईजीएससी शिमला में अंतिम सांस ली। आईजीएससी के एमएस डॉ. राहुल राव ने इसकी पुष्टि की है। करीब 82 वर्षीय मनसा राम काफी समय से किडनी फेलियर की समस्या से जूझ रहे थे और एक महीने से आईजीएससी में उपचाराधीन थे।

● प्रतिभा सिंह ने बुलाई 16 को अहम बैठक।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की आगामी 18 जनवरी को जिला कांगड़ा के इंदौरा पहुंचने वाली भारत जोड़ो यात्रा को लेकर प्रदेश कांग्रेस तैयारियों में जुटी हुई है। इसी कड़ी में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह 16 जनवरी को कांगड़ा के कंदरोड़ी में पार्टी पदाधिकारियों व नेताओं के साथ बैठक करेंगी। 

● हिमाचल में 14 दिन में अल्ट्राटैक सीमैंट की 70 हजार टन खपत।

अदानी ग्रुप द्वारा अम्बुजा व एसीसी सीमैंट प्लांट बंद होने के बाद अल्ट्राट्रैक सीमैंट की खपत में दोगुना वृद्धि हुई है। जनवरी माह के

14 दिनों में प्रदेश में अल्ट्राटैक सीमैंट की 70 हजार टन की खपत हुई है। यदि स्थितियां यही बनीं तो इस माह में यह आंकड़ा 1.50 लाख टन को पार कर सकता है। हालांकि दूसरे राज्यों से कई सीमैंट कंपनियों ने प्रदेश में सीमैंट की आपूर्ति शुरू कर दी है।