Paonta Sahib: 7 माह बाद भी नहीं मिला तबाह हुई फसल का मुआवजा, ये कैसी किसान हितैषी सरकार, अब भाकियू ने दी चेतावनी... ddnewsportal.com
Paonta Sahib: 7 माह बाद भी नहीं मिला तबाह हुई फसल का मुआवजा, ये कैसी किसान हितैषी सरकार, अब भाकियू ने दी चेतावनी...
हिमाचल प्रदेश के मैदानी क्षेत्र पाँवटा साहिब में सात महीने बीत जाने के बाद भी किसानो को धान की फसल बरबाद होने का मुआवजा नहीं मिला है। किसान हितैषी होने का दावा करने वाली सुक्खू सरकार कहाँ सोई हुई है। यह बात भारतीय किसान यूनियन (टिकेत) पाँवटा साहिब ने कही है।

भारतीय किसान यूनियन (टिकेत) पाँवटा साहिब के अध्यक्ष जसविंदर सिंह बिलिंग ने कहा कि अक्टूबर 2024 में पाँवटा साहिब के कई गांव में भारी बारिश के कारण किसानों की 500 हेक्टेयर धान व 150 हेक्टेयर गन्ने व 150 हेक्टेयर मक्की की फसल ख़राब हो गई थी और लगभग 250 किसानों के खेतों में जाकर कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा किसानों की तबाह हुई फसल के नुकसान का आंकलन था और किसानों को फसल का

मुआवजा दिलवाने की बात भी की थी परंतु आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है और न ही किसानों को कोई मुआवजा मिला है। कई किसानों की तो सारी फसल ख़राब हो गई थी जिसके कारण किसानों को काफ़ी नुकसान हुआ था। कई किसानों की बैंक की किस्तें रुक गईं थी और कई किसानों को अगली फसल की बिजाई के लिए खाद और बीज भी उधार लेना पड़ा था,

जिसको वह लोग अब तक नहीं चुका पाए हैं। भारतीय किसान यूनियन (टिकेत) सरकार से यह माँग करती हैं की किसानो को जल्द मुआवजे की राशि दी जाए। वरना किसानों को मजबूरन आंदोलन करना पड़ेगा और सरकार के ख़िलाफ़ धरना प्रदर्शन भी करना पड़ सकता है और इसमें भारतीय किसान यूनियन (टिकेत) सदैव किसानो के साथ है और किसानो को उनका हक दिलाकर रहेगी।