LS Election HP News: महिलाओं के 1500 रूपये भाजपा ने रूकवाये: सुक्खू ddnewsportal.com

LS Election HP News: महिलाओं के 1500 रूपये भाजपा ने रूकवाये: सुक्खू  ddnewsportal.com

LS Election HP News: महिलाओं के 1500 रूपये भाजपा ने रूकवाये: सुक्खू

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश की महिलाओं के लिए चलाई गई इंदिरा गांधी प्यारी बहिना सम्मान निधि योजना पर भाजपा नहीं चाहती कि प्रदेश की महिलाओं को 1500 रुपए प्रतिमाह मिलें। इसके लिए इस योजना की शिकायत चुनाव आयोग से की गई है। उन्होंने कहा कि आज यानी बुधवार को चुनाव आयोग में पेशी है और अगर चुनाव आयोग से अनुमति मिली, तो अगले 48 घंटों में महिलाओं के खाते में दो-दो माह की राशि डाली जाएगी। उन्होंने कहा कि अगर अनुमति न भी मिली, तो आचार संहिता खत्म होते ही महिलाओं के खाते में दो माह की राशि एकमुश्त जमा होगी। इस योजना के लिए प्रदेश सरकार ने 800 करोड़ रुपए का बजट चिन्हित किया है।


मंगलवार को जिला ऊना के गगरेट व कुटलैहड़ में चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह चुनाव मुख्यमंत्री चुनने का नहीं है, बल्कि यह चुनाव ईमानदार व बेईमानों के बीच का चुनाव है। उन्होंने कांग्रेस से छिटक कर भाजपा में गए विधायकों पर भी हमला करता हुए बोला कि जो लोग हाथ को छोड़ कर कमल के साथ गए हैं उन्हें सबक सिखाने का सही समय है। उन्होंने भाजपा विचारधारा के लोगों का भी आह्वान किया कि जो लोग हाथ के नहीं हुए वे कमल के भी कभी नहीं हो सकते। इसलिए इन लोगों को पहली जून को कांग्रेस के पक्ष में वोट करके सबक सिखाएं। उन्होंने गगरेट विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी पर भी जमकर हमला बोला।

■ रेललाइन निर्माण का कार्य नही हुआ पूरा-

इस दौरान सुखविंदर सिंह सुक्खू ने केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर पर भी हमला बोला। उन्होंने नंगल डैम-तलवाड़ा रेललाइन का निर्माण कार्य पूरा न होने का हवाला देते हुए कहा कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से कई साल से भाजपा के सांसद हैं और दस साल से केंद्र में भाजपा की सरकार है, लेकिन इस ब्रॉडगेज रेललाइन का निर्माण कार्य अभी तक पूरा नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि ऐसा सांसद चुनकर संसद भेजें, जो आपके मुद्दे वहां उठा सके।