HP HimCare News: PGI चंडीगढ़ में हिमकेयर से हिमाचल के 5 हजार लोगों को लाभ, MoU साइन... ddnewsportal.com

HP HimCare News: PGI चंडीगढ़ में हिमकेयर से हिमाचल के 5 हजार लोगों को लाभ, MoU साइन...  ddnewsportal.com

HP HimCare News: PGI चंडीगढ़ में हिमकेयर से हिमाचल के 5 हजार लोगों को लाभ, MoU साइन...

पीजीआई चंडीगढ़ में हिमकेयर के माध्यम से अपना उपचार करवा रहे हिमाचल प्रदेश के मरीज़ों के लिए अच्छी खबर आई है। उनके लिए पी.जी.आई.एम.ई.आर. चंडीगढ़ व हिमाचल सरकार की योजना हिमकेयर के बीच एम.ओ.यू. साइन हो गया है। इससे प्रदेश के करीब 5,000 लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। यह एम.ओ.यू. निदेशक प्रोफैसर विवेक लाल, उपनिदेशक प्रशासन पंकज राय, वित्तीय सलाहकार वरुण आहलुवालिया की उपस्थिति में हुआ है। अब मरीजों को पी.जी.आई. में उपचार अनुमान प्रमाण पत्र या बिल प्राप्त करने और जमा करने की कोई आवश्यकता नहीं होगी। लाभार्थी को इलाज के लिए काऊंटर पर केवल हिमकेयर कार्ड जमा करना होगा और पी.जी.आई. द्वारा कैशलैस उपचार की सुविधा प्रदान की जाएगी। हिमाचल सरकार पूर्व निर्धारित पैकेज दरों के आधार पर पी.जी.आई. चंडीगढ़ को राशि की प्रतिपूर्ति करेगी।


उपनिदेशक प्रशासन पंकज राय ने कहा कि हिमाचल में 5 लाख रुपए तक के कैशलैस उपचार लाभ की सुविधा प्रदान करने के लिए 1 जनवरी, 2019 से हिमकेयर येाजना शुरू की है। हिमाचल से प्रति वर्ष औसतन 4,000 मरीज पी.जी.आई. में इस योजना के तहत इलाज का लाभ उठा रहे हैं। पी.जी.आई.एम.ई.आर. के निदेशक प्रोफैसर विवेक लाल ने कहा कि हिमकेयर के साथ सांझेदारी के माध्यम से और कैशलैस उपचार पहल के कार्यान्वयन से यह सुनिश्चित करेंगे कि वित्तीय बाधाओं के कारण किसी भी मरीज को उस देखभाल से वंचित न किया जाए।

इन जिलों के सबसे ज्यादा मरीज-

वैसे तो PGI चंडीगढ़ में देश के कोने-कोने से लोग उपचार करवाने आते हैं, लेकिन हिमाचल के शिमला, सोलन, सिरमौर, किन्नौर व ऊना आदि के लोग यहां उपचार करवाने अधिक पहुंचते हैं।

बिलासपुर में एम्स खुलने से मैदानी इलाकों के लोगों को तो वहां लाभ मिल रहा है, लेकिन पहाड़ी क्षेत्रों के लोगों सहित ऊना के पड़ोस में होने के कारण लोग पी.जी.आई. का अधिक रुख करते हैं। ऐसे में हिमकेयर योजना के पी.जी.आई. में क्रियान्वित होने से अब हिमाचल के मरीजों को उपचार करवाने में सुगमता होगी।